हैदराबाद में IT पार्क के बाहर निकला विशाल अजगर, कंधे पर लादकर ले गया युवक, वीडियो कर देगा हैरान

न्यूज तक डेस्क

• 01:13 PM • 18 Sep 2026

हैदराबाद के IT पार्क के बाहर दिखे विशाल अजगर को एक युवक बेझिझक कंधे पर लादकर बाइक से ले गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस दुस्साहसिक कारनामे ने जहां लोगों को चकित कर दिया है, वहीं बिना सुरक्षा उपकरणों के सांप पकड़ने को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं.

हैदराबाद का वायरल वीडियो
हैदराबाद का वायरल वीडियो
Google CTA

दुर्गम चेरुवु का इलाका... रोज की तरह IT दफ्तरों में हलचल थी और लोग अपने-अपने कामों में मशगूल थे. लेकिन अचानक कुछ ऐसा दिखा जिसने वहां मौजूद हर शख्स के कदम रोक दिए. एक नामी IT कंपनी की चहारदीवारी के ठीक बाहर एक भारी-भरकम, विशाल अजगर रेंगता हुआ नजर आया.

Read more!

सांप को देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया. लोग डर के मारे दूरी बनाने लगे, तो कई लोगों ने अपने स्मार्टफोन निकालकर वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. लेकिन असली ड्रामा तो तब शुरू हुआ जब एक युवक बिना किसी झिझक के सीधे उस विशाल अजगर के पास पहुंच गया.

सांप को कंधे पर डाला और बाइक से निकल गया

स्थानीय लोगों का दावा है कि अजगर को पकड़ने वाला युवक पेश से एक सॉफ्टवेयर पेशेवर है. वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक ने बड़ी ही बेफिक्री से उस विशाल अजगर को अपने नंगे हाथों से काबू में किया. इतना ही नहीं, उसने सांप को किसी तौलिए की तरह अपने कंधों पर लपेट लिया.

वहां खड़े लोग युवक की यह हिमाकत देखकर दंग रह गए. अजगर को कंधे पर लादने के बाद युवक वहीं नहीं रुका—वह उसे अपने साथ ले गया और एक दोपहिया वाहन पर बैठकर वहां से रवाना हो गया.

इंटरनेट पर छिड़ी बहस

सोशल मीडिया पर जैसे ही यह वीडियो अपलोड हुआ, यह तेजी से वायरल हो गया. हालांकि, इस साहसिक कारनामे को देखकर जहां कुछ लोग हैरान हैं, वहीं दूसरी ओर कई लोगों ने सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. सुरक्षा को लेकर चिंता: नेटिजन्स का कहना है कि इतने बड़े और ताकतवर सांप को बिना किसी सुरक्षा उपकरण या विशेषज्ञ की मदद के पकड़ना जानलेवा साबित हो सकता था.

आगे क्या हुआ? वीडियो में युवक अजगर को बाइक पर ले जाता तो दिखता है, लेकिन वह उसे कहां ले गया या उसने सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ा या नहीं, इसकी कोई पुख्ता जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.

ऐसी लापरवाही न बरतें

भले ही यह वाकया देखने में किसी फिल्मी सीन जैसा रोमांचक लगे, लेकिन वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि अजगर जैसे बड़े सांपों से निपटने के लिए पेशेवर ट्रेनिंग की जरूरत होती है. किसी भी जंगली जीव के मिलने पर खुद हीरो बनने के बजाय तुरंत वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए. फिलहाल, इस अनोखे 'रेस्क्यू' की पूरी सच्चाई और सांप की मौजूदा स्थिति की सही जानकारी वन विभाग के आधिकारिक बयान के बाद ही साफ हो पाएगी.

ये भी पढ़ें: 'पैसे भेज देंगे, आप अंतिम संस्कार कर दो...' गहने बेचकर मां ने बनाया था आशियाना फिर बेटों ने छीना घर!