INDIA Bloc Meeting: साल 2024 के आम चुनाव से ठीक पहले देश के सियासी गलियारों में एक नया नाम गूंजा था 'इंडिया ब्लॉक'. उस वक्त विपक्ष ने एकजुट होकर हुंकार भरी थी हालांकि चुनाव में 'कहीं दोस्ती, कहीं कुश्ती' वाला फॉर्मूला नजर आया. चुनाव के नतीजे आने के बाद लंबे समय तक इस गठबंधन के भविष्य को लेकर कयासों का दौर जारी रहा. लेकिन अब, एक बार फिर विपक्षी खेमा पूरी तरह से एक्टिव मोड में आ गया है.
ADVERTISEMENT
आज देश की राजधानी दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में 'इंडिया' गठबंधन की एक बेहद अहम बैठक होने जा रही है. दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाली इस बैठक में करीब 23 विपक्षी दलों के बड़े नेताओं के जुटने की उम्मीद है. इस महामंथन में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों और पार्टियों की लिस्ट भी सामने आ गई है.
बैठक में शामिल होने वाले दिग्गज नेता और पार्टियां:
- कांग्रेस (Congress): मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी
- तृणमूल कांग्रेस (TMC): ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी
- समाजवादी पार्टी (SP): अखिलेश यादव
- राष्ट्रीय जनता दल (RJD): तेजस्वी यादव या मनोज झा
- एनसीपी (NCP): सुप्रिया सुले
- नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC): उमर अब्दुल्ला (शामिल होने की संभावना)
- शिवसेना (UBT): उद्धव ठाकरे (वर्चुअली जुड़ेंगे)
- सीपीआईएम (CPM): जॉन ब्रिटास
- सीपीआई (CPI): डी राजा
- सीपीएमएल (CPIML): दीपांकर भट्टाचार्य
- पीडीपी (PDP): महबूबा मुफ्ती
- आईयूएमएल (IUML): पी. के. कुन्हालीकुट्टी
- केरल कांग्रेस: जोस के. मनी
- आरएसपी (RSP): एन. के. प्रेमचंद्रन
- वीसीके (VCK): थोल थिरुमावलन
- एमडीएमके (MDMK): वाइको
इसके अलावा झारखंड मुक्ति मोर्चा यानी JMM की तरफ से कौन शामिल होगा, इस पर अभी सस्पेंस है क्योंकि राज्य में कल राज्यसभा के लिए नामांकन होना है.
बिना सांसदों वाली पार्टियों को नहीं मिला न्योता?
इस बैठक से जुड़ी सबसे दिलचस्प बात यह है कि गठबंधन ने इस बार कुछ सख्त नियम तय किए हैं. बैठक में केवल उन्हीं राजनीतिक दलों को आमंत्रित किया गया है, जिनका संसद (लोकसभा या राज्यसभा) में कम से कम एक प्रतिनिधि यानी सांसद मौजूद है. जिन पार्टियों का एक भी सांसद नहीं है उन्हें इस बैठक से दूर रखा गया है.
तमिलनाडु की नई सत्ताधारी पार्टी 'TVK' को लेकर सस्पेंस
इसका सीधा असर तमिलनाडु की सियासत में भूचाल लाने वाली सबसे नई पार्टी टीवीके (TVK) पर पड़ता दिख रहा है. अभिनेता से नेता बने विजय की इस पार्टी ने हाल ही में तमिलनाडु की सत्ता पर कब्जा जमाया है और राज्य में वह कांग्रेस की सहयोगी भी है. इसके बावजूद, अब तक टीवीके को इस बैठक का बुलावा नहीं मिला है.
सूत्रों के मुताबिक, इस बात को लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है कि विजय की पार्टी बैठक में हिस्सा लेगी या नहीं. हालांकि, सहयोगी दल कांग्रेस ने स्थिति साफ करते हुए कहा है कि बिना सांसदों वाले दलों को आमंत्रित न करने के नियम के तहत ही टीवीके को फिलहाल न्योता नहीं गया है. अब देखना ये होगा कि क्या आज दोपहर तक टीवीके को लेकर कोई नया फैसला लिया जाता है या फिर गठबंधन अपने इस नए फॉर्मूले पर ही आगे बढ़ता है.
ये भी पढ़ें: 'हमसे कहा खड़े होकर ताली बजाओ...' TMC की कालीघाट बैठक में आखिर क्या हुआ? बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी ने किया खुलासा
ADVERTISEMENT


