IndiGo Flight Fire: हवा में थी इंडिगो की फ्लाइट, तभी अचानक उठा धुआं और मची चीख-पुकार... हैदराबाद में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग, जानें क्या हुआ

अब्दुल बशीर

11 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 11 2026 7:28 PM)

IndiGo flight emergency landing: दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की उड़ान में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक यात्री के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में अचानक आग लग गई. आसमान में मची अफरातफरी और खतरे के बीच पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए विमान को हैदराबाद में सुरक्षित उतारा, जिसके बाद यात्रियों ने अपनी आपबीती साझा की.

IndiGo Flight Fire
IndiGo Flight Fire
Google CTA

दिल्ली से चेन्नई जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में रविवार को एक यात्री के सामान में अचानक आग लग गई. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान की हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. घटना के समय मौके पर यात्रियों की चीख-पुकार मच गई. फ्लाइट में मौजूद यात्रियों के मुताबिक, यह घटना इतनी डरावनी थी कि उन्हें लगा मानो यह उनकी जिंदगी का आखिरी दिन हो. हालांकि, केबिन क्रू की सूझबूझ और तत्परता से स्थिति को संभाल लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया. इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली.

Read more!

दिल्ली से चेन्नई के सफर के दौरान हवा में मची चीख-पुकार

यह पूरी घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6115 की है. हादसे के समय फ्लाइट दिल्ली से चेन्नई जा रही थी. इस बीच उड़ान के दौरान अचानक विमान के अंदर एक कंपार्टमेंट से धुआं उठने लगा और आग भड़क उठी. अचानक हुई इस घटना से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और हर तरफ अफरातफरी का माहौल बन गया. विमान में सवार एक यात्री ने आपबीती साझा करते हुए बताया कि वह खुद उसी फ्लाइट में मौजूद थे और स्थिति इतनी डरावनी थी कि कुछ समझ नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है. हर कोई अपनी जान बचाने को लेकर अत्यधिक भयभीत था.

केबिन क्रू की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा

इंडिगो के प्रवक्ता के मुताबिक, आग लगने की जानकारी मिलते ही विमान का केबिन क्रू तुरंत हरकत में आया. क्रू मेंबर ने बिना समय गंवाए फायर एक्सटिंग्विशर का इस्तेमाल किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. स्थिति को संभालने के बाद पायलटों ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तरफ डायवर्ट कर दिया.यहां विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई. एयरलाइन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पर्सनल इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस (पावर बैंक) में अचानक आग लग गई, जिसके बाद केबिन में धुआं फैल गया. 

यात्रियों के लिए की गई वैकल्पिक व्यवस्था, सहम गए लोग

घटना के बाद यात्रियों को काफी मानसिक तनाव से गुजरना पड़ा. यात्रियों का कहना है कि यह अनुभव बेहद भयानक था और वे अब भी उस खौफ से उबर नहीं पाए हैं. इंडिगो के प्रवक्ता के मुताबिक स्थिति को संभालने के बाद एयरलाइन ने यात्रियों को चेन्नई भेजने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की और उन्हें जलपान व समय पर अपडेट्स दिए. विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन यह घटना हवाई यात्रा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सामानों की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल जरूर छोड़ गई है.

यह भी पढ़ें: बेडरूम में घुसे, फोन छीना और फिर... ध्रुव राठी को घर से कैसे ले गई पुलिस? 22 घंटे तक उनके साथ क्या हुआ? वीडियो जारी कर खुद बताई पूरी कहानी