जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में आतंकियों के हमले में जान गंवाने वाले दो स्पेशल पुलिस ऑफिसर (SPO) के पार्थिव शरीर गांव पहुंचाने के तरीके पर विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी विधायक शगुन परिहार ने इस मामले में पुलिस अधिकारियों के प्रति नाराजगी जाहिर की है. उनका आरोप है कि शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को बिना ताबूत के डंपर में रखकर उनके पैतृक गांव पहुंचाया गया. उन्होंने इसे देश की सेवा में जान गंवाने वाले जवानों का अपमान बताया.
ADVERTISEMENT
मृतक जवानों की पहचान रशपाल सिंह और बॉबी चंद के रूप में हुई है. दोनों किश्तवाड़ जिले के दूरदराज इलाके दच्छन के कियार गांव के रहने वाले थे. शुक्रवार को गांव में दोनों जवानों का अंतिम संस्कार किया गया. इस दौरान किश्तवाड़ की बीजेपी विधायक शगुन परिहार और जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं पद्दर के विधायक सुनील शर्मा भी मौजूद रहे. दोनों नेताओं ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी.
डंपर में शव लाने पर भड़कीं बीजेपी विधायक
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें बीजेपी विधायक शगुन परिहार भावुक नजर आ रही हैं. वह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर कर रही हैं.
शगुन परिहार का आरोप है कि देश की सुरक्षा के लिए अपनी जान देने वाले जवानों के पार्थिव शरीर को बिना ताबूत के डंपर में लाया गया. उन्होंने सवाल उठाया कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले जवानों को इस तरह अंतिम विदाई कैसे दी जा सकती है. विधायक ने इसे जवानों के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया.
बुधवार से लापता थे दोनों SPO
जानकारी के मुताबिक, बुधवार दोपहर मारवाह के देहरना जंगल इलाके में गोलीबारी की सूचना मिली थी. इसके बाद दोनों SPO लापता हो गए थे. उनकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया. गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों की टीम को दच्छन के जंगल में दोनों जवानों के शव मिले. यह जगह उस स्थान से करीब दो किलोमीटर दूर थी, जहां से दोनों लापता हुए थे.
जवानों के शरीर पर मिले गोलियों के निशान
दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले थे. उनकी सर्विस राइफलें भी गायब थीं. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे. वे बसनान में सेना की एक टीम को राहत देने के लिए जा रहे थे. घटना के बाद सुरक्षा बलों ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है. अधिकारियों की ओर से इस मामले में आतंकी कनेक्शन की आशंका की भी जांच की जा रही है.
कुलगाम में CRPF जवानों पर आतंकी हमला, 3 जवान घायल, दो की हालत गंभीर
ADVERTISEMENT


