मटन की उम्मीद थी, प्लेट में आया चिकन... शादी में ऐसा बवाल मचा कि बाराती-घराती बन गए दुश्मन!

धीरज कुमार सिंह

• 05:53 PM • 11 Jul 2026

बिहार के सहरसा में निकाह के बाद दावत में मटन की जगह चिकन परोसे जाने पर बाराती और घराती आपस में भिड़ गए. इस बात पर हुए लाठी-डंडे के खूनी संघर्ष में दूल्हा पक्ष के सात से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

शादी समारोह में झगड़े के बाद हो गया दंगे जैसा मंजर. (Photo: Screengrab)
शादी समारोह में झगड़े के बाद हो गया दंगे जैसा मंजर. (Photo: Screengrab)
Google CTA

कहते हैं शादियों में फूफा और जीजा का नाराज होना आम बात है लेकिन बिहार के सहरसा में एक ऐसा मामला सामने आया है जहां खाने के मेन्यू को लेकर पूरी बारात ही भड़क गई. निकाह की रस्में हंसी-खुशी पूरी हो चुकी थीं. दूल्हा-दुल्हन सात जन्मों यानी निकाह के बंधन में बंध चुके थे, लेकिन तभी दावत की टेबल पर कुछ ऐसा हुआ कि शादी का जश्न देखते ही देखते खून-खराबे में बदल गया. दरअसल, मटन की जगह थाली में चिकन परोसे जाने पर दूल्हा और दुल्हन पक्ष के लोग आपस में इस कदर भिड़े कि लाठी-डंडे चल गए. इस खूनी झड़प में दूल्हा पक्ष के 7 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

Read more!

खुशी का माहौल फिर चिकन पर मचा बवाल

जानकारी के मुताबिक ये अजीबो-गरीब और हैरान करने वाला मामला सहरसा जिले के महिषी प्रखंड के राजनपुर गांव का है. सिमरी बख्तियारपुर से एक युवक की बारात यहां आई थी. गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे का वक्त था, काजी साहब ने निकाह पढ़ा दिया था और हर तरफ मुबारकबाद का दौर चल रहा था. इसके बाद मेहमानों को भोजन के लिए बुलाया गया. दूल्हा पक्ष का दावा है कि लड़की वालों ने शादी से पहले दावत में मटन खिलाने का वादा किया था. लेकिन जब बाराती खाने बैठे तो उनकी प्लेट में चिकन परोस दिया गया. बस यहीं से बात बिगड़ गई.

थाली से शुरू हुई बहस और बरसने लगीं लाठियां

पहले तो बारातियों ने चिकन देखकर दबी जुबान में नाराजगी जताई. लेकिन देखते ही देखते यह बहस तीखी नोकझोंक में बदल गई. बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों की तरफ से चीख-पुकार मचने लगी. जो लोग कुछ मिनट पहले गले मिल रहे थे वे अचानक एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए. दोनों तरफ से लाठियां निकल आईं और शादी का खूबसूरत पंडाल देखते ही देखते अखाड़े में तब्दील हो गया.

चश्मदीदों के मुताबिक, "पंडाल में अचानक भगदड़ मच गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. प्लेटें हवा में तैर रही थीं और लोग एक-दूसरे पर लाठियां बरसा रहे थे."

अस्पताल पहुंचे बाराती

इस मारपीट में दूल्हा पक्ष के सात से अधिक लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं. आनन-फानन में सभी घायलों को सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है. घायल दूल्हे के चाचा का कहना है कि उन्होंने सिर्फ मेन्यू को लेकर अपनी बात रखी थी, लेकिन लड़की पक्ष के लोग भड़क गए और अचानक जानलेवा हमला कर दिया. हालांकि, इस पूरे विवाद पर अभी तक लड़की पक्ष की तरफ से कोई आधिकारिक सफाई या बयान सामने नहीं आया है.

इस पूरी घटना के कई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें शादी के जोड़े और सज-धज कर आए लोग हाथों में लाठियां लेकर दौड़ते नजर आ रहे हैं. फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है. दूल्हा पक्ष ने इस मामले में पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है, वहीं पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत मिलते ही मामले की छानबीन कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: Bankipur Byelection: बांकीपुर उपचुनाव में BJP का 'बैक-टू-बैक ब्लंडर', पहले उम्मीदवार बदला