पंजाब के अमृतसर और जालंधर में एक के बाद एक दो धमाकों पर सीएम भगवंत सिंह मान ने BJP को आड़े हाथों लिया है. मुख्यमंत्री मान ने धमाकों के पीछे 'राजनीतिक साज़िश' का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि BJP एक सांप्रदायिक पार्टी है. बंगाल चुनाव अब खत्म हो चुके हैं और वे कहते हैं कि अब पंजाब की बारी है. ये धमाके BJP की ही साजिश है. मैं BJP से कहना चाहता हूं कि वे इस तरह की हरकतों को बंद करें. जहां भी BJP चुनाव लड़ने जाती है, वहां ऐसी घटनाएँ ज़रूर होती हैं. पंजाब के लिए BJP की यही तैयारी है. क्या वे इस तरह के धमाकों के ज़रिए वोट हासिल करना चाहते हैं?
ADVERTISEMENT
गौरतलब है कि पंजाब के जालंधर और अमृतसर में मंगलवार को एक के बाद दो धमाके हुए. पहला धमाका जालंधर में मंगलवार रात कारीब 8 बजे बीएसएफ चौक के पास हुई. यही पर पंजाब फ्रंटियर का मुख्यालय स्थित है. यहां अचानक एक स्कूटी लपटों में घिर गई. मौजूद लोगों ने जब ये देखा तो अफरा-तफरी मच गई. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि स्कूटी में धमाका हुआ था. दूसरी तरफ अमृतसर में आर्मी कैंप खासा के बाहर रात करीब 11 बजे जोरदार धमाका हुआ. धमाके से चारदीवारी पर सेना एरिया को कवर करने के लिए लगाया गया टीन शेड ढह गया और गेट नंबर 6 और 7 के बीच की दीवार भी थोड़ी डैमेज हो गई.
स्कूटी ब्लास्ट की चपेट में आई?
शक है कि ब्लास्ट स्कूटी में नहीं हुआ बल्कि स्कूटी ब्लास्ट की चपेट में आई है. शक जताया गया है कि यहां पहले से ही IED रखी गई थी. ब्लास्ट हुआ जिसकी वजह से स्कूटी चपेट में आई. सीसीटीवी में कुछ संदिग्ध आते-जाते दिख रहे हैं. उन्हें लेकर जांच जारी है. अमृतसर और जालंधर ब्लास्ट में एक ही मॉड्यूल के शामिल होने का शक है.
ऑपरेशन सिंदूर की बरसी पर ये नापाक कोशिश?
आशंका जताई जा रही है कि ऑपरेशन सिंदूर की बरसी पर इस तरह के धमाके कराए गए हैं. हालांकि सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं. स्कूटी ओनर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. उसने जांच में पूरा सहयोग करने की बात कही है.
BJP ने किया पलटवार
इधर भगवंत सिंह मान के आरोपों पर पंजब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया X पर लिखा- 'कल रात जालंधर और अमृतसर में हुए बम धमाके बेहद चिंता का विषय हैं, लेकिन इससे भी ज़्यादा चिंताजनक मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का बयान है. पंजाब के DGP कह रहे हैं कि इसके पीछे पाकिस्तान की ISI का हाथ है, लेकिन मुख्यमंत्री, राजनीति से प्रेरित होकर, गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं. इसके पीछे मुख्यमंत्री की घबराहट और अपनी कुर्सी खोने का डर साफ झलक रहा है.'
अपनी कुर्सी की चिंता छोड़ दें सीएम- जाखड़
सुनील जाखड़ ने आगे कहा- 'बेहतर होगा कि वे अपनी कुर्सी की चिंता छोड़ दें और पुलिस को विधायकों की जासूसी करने में लगाने के बजाय, उन्हें उनका असली काम करने दें. अगर विधायकों ने जाने का फैसला कर ही लिया है, तो पुलिस उन्हें वैसे भी नहीं रोक पाएगी.'
इनपुट: अरविंद ओझा
ADVERTISEMENT


