तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के परिणाम 4 मई को आने वाले हैं, लेकिन उससे पहले आए एग्जिट पोल के आंकड़ों ने राज्य की सियासत में हलचल मचा दी है. सबसे ज्यादा चौंकाने वाला आंकड़ा Axis My India के एग्जिट पोल से सामने आया है, जिसमें तमिल सुपरस्टार विजय थलापति की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम(TVK) अपने पहले ही चुनाव में जादुई आंकड़ा छूती हुई नजर आ रही है. अगर ये आंकड़े नतीजों में तब्दील होते हैं, तो यह भारतीय राजनीति के इतिहास में किसी नई पार्टी के लिए सबसे बड़ा चमत्कार साबित होगा.
ADVERTISEMENT
TVK का दमदार डेब्यू और बहुमत का आंकड़ा
एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल के अनुसार, अभिनेता से नेता बने विजय थलापति की पार्टी TVK को 98 से 120 सीटें मिलने का अनुमान जताया गया है. तमिलनाडु विधानसभा की कुल 234 सीटों में बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता होती है. एग्जिट पोल के ऊपरी अनुमान (120 सीट) के मुताबिक, TVK अकेले दम पर सरकार बनाने की स्थिति में दिख रही है. विजय थलापति खुद दो विधानसभा सीटों से चुनावी मैदान में हैं और उनके प्रति जनता का भारी समर्थन रैलियों की भीड़ के बाद अब वोटों में भी बदलता दिख रहा है.
सत्ता से बाहर होती दिख रही है एमके स्टालिन की DMK
वर्तमान मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली डीएमके के लिए यह एग्जिट पोल किसी बड़े झटके से कम नहीं है. सर्वे के मुताबिक, डीएमके को 92 से 110 सीटें मिल सकती हैं, जो बहुमत के आंकड़े 118 से काफी कम है. कांग्रेस समर्थित यह गठबंधन सत्ता की रेस में दूसरे नंबर पर पिछड़ता नजर आ रहा है. वहीं, बीजेपी समर्थित एआईएडीएमके की स्थिति और भी खराब दिख रही है, जिसे मात्र 22 से 32 सीटें मिलने का अनुमान है. इन आंकड़ों से साफ है कि तमिलनाडु की जनता ने इस बार पारंपरिक द्रविड़ पार्टियों के बजाय एक नए विकल्प को चुना है.
केजरीवाल जैसा चमत्कार दोहराने की तैयारी
राजनीतिक विश्लेषक विजय थलापति की इस बढ़त की तुलना दिल्ली में अरविंद केजरीवाल के उदय से कर रहे हैं. जिस तरह केजरीवाल ने अचानक आकर स्थापित पार्टियों को पीछे छोड़ दिया था, वैसा ही कुछ नजारा तमिलनाडु में TVK के साथ दिख रहा है. विजय की फैन फॉलोइंग और उनकी रैलियों में उमड़ा जनसैलाब इस बदलाव का बड़ा संकेत था. इसके अलावा, कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि यदि TVK बहुमत से थोड़ा पीछे रहती है, तो वह एआईएडीएमके जैसी पार्टियों के साथ मिलकर गठबंधन की सरकार भी बना सकती है.
चुनावी वादों और रणनीति ने पलटी बाजी
TVK की इस सफलता के पीछे उनके अलग हटकर किए गए चुनावी वादे बताए जा रहे हैं. जहां अन्य पार्टियों ने एसी और फ्रिज जैसे लोकलुभावन वादे किए, वहीं विजय की पार्टी ने शिक्षा और भविष्य पर ध्यान केंद्रित किया. पार्टी ने 12वीं से पीएचडी तक के छात्रों को पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त लोन देने का वादा किया. इसके साथ ही सरकार बनने पर कुछ ग्राम सोना देने जैसे वादों ने भी महिलाओं और युवाओं को अपनी ओर आकर्षित किया.
तमिलनाडु की जनता का असली फैसला 4 मई को ही साफ होगा, लेकिन एक्सिस माय इंडिया के इन आंकड़ों ने फिलहाल विजय थलापति को राज्य की राजनीति का किंग बना दिया है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


