Shesh Bharat: पिता की ऐतिहासिक जीत, घर में दूरियां और हॉलीवुड के सपने...थलपति विजय के सीएम बनने के बाद पहली बार बेटे जेसन ने तोड़ी चुप्पी, खोले कई बड़े राज

रूपक प्रियदर्शी

04 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 4 2026 10:04 AM)

Tamil Nadu CM Vijay Son Interview: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद थलपति विजय का राजनीतिक सफर नई ऊंचाइयों पर पहुंचा, लेकिन पारिवारिक रिश्तों को लेकर चर्चाएं लगातार जारी हैं. इस बीच अब उनके बेटे जेसन संजय ने पहली बार पिता की जीत, परिवार, करियर, हॉलीवुड फिल्म के सपने और रिश्तों को लेकर खुलकर अपनी बात रखी.

सीएम विजय की जीत के बाद बेटे जेसन ने पहली बार तोड़ी चुप्पी
सीएम विजय की जीत के बाद बेटे जेसन ने पहली बार तोड़ी चुप्पी
Google CTA

Thalapathy Vijay Son Interview: सुपरस्टार से तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बने थलपति विजय की ऐतिहासिक राजनीतिक 'क्रांति' तो पूरी दुनिया ने देखी, लेकिन इस महाजीत के पीछे उनके अपने घर में चल रही पारिवारिक कहानी किसी सस्पेंस थ्रिलर से कम नहीं है. पिता की इस जीत पर पहली बार बेटे जेसन संजय ने अपनी चुप्पी तोड़ी है. एक तरफ जहाँ विजय सत्ता के शीर्ष पर पहुँचे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके निजी जीवन और बिखरते रिश्तों को लेकर कई सवाल तैर रहे हैं. आइए जानते हैं मुख्यमंत्री विजय के परिवार के भीतर आखिर क्या चल रहा है.

Read more!

पिता की जीत पर पहली बार बोले जेसन संजय

तमिलनाडु में जमी जमाई पार्टियों की एकाधिकार वाली राजनीति को उखाड़ फेंकने वाले मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के घर से आखिरकार एक बड़ी गूंज सुनाई दी है. अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'सिग्मा' की रिलीज से पहले, विजय के बेटे जेसन संजय ने अपने पिता की चुनावी जीत को एक 'ऐतिहासिक क्रांति' बताया है. बिहाइंडवुड्स टीवी को दिए इंटरव्यू में जेसन ने कहा कि अप्पा का मुख्यमंत्री बनना पूरे परिवार के लिए एक अभूतपूर्व गौरव है, लेकिन इसके साथ ही उन पर और उनकी बहन पर इस राजनीतिक और पारिवारिक विरासत को महफूज रखने की 'अतिरिक्त जिम्मेदारी' भी आ गई है. राजनीतिक गलियारों में इस बयान को बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि जेसन ने साफ किया कि मुख्यमंत्री का परिवार होने के नाते अब उन्हें समाज और राजनीति के मंच पर बेहद सतर्क और सावधान रहना होगा.

पिता का गुरुमंत्र और स्वतंत्र पहचान की सीख

जेसन ने यह भी याद किया कि कैसे विजय ने उन्हें अपनी खुद की पहचान बनाने और स्वतंत्र रूप से करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया था. वो चाहते थे कि मैं अपनी खुद की पहचान और नाम बनाऊं. हम दोनों के लिए सबसे अच्छी बात यह थी कि हम एक ही तरह से सोचते थे. हमारी सोच एक जैसी थी. एक पिता के रूप में उन्होंने मेरी मदद की. लेकिन जब मेरे करियर की बात आई, तो उन्होंने मुझे खुद से चीजें सीखने और जमीनी स्तर का अनुभव हासिल करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कभी भी मुझे सब कुछ तैयार करके नहीं दिया.

अनबन की अफवाहों और पारिवारिक आरोपों पर विराम

जेसन संजय का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब मुख्यमंत्री विजय का निजी जीवन जबरदस्त सार्वजनिक और राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में है. महीनों से अफवाहें गर्म थीं कि पिता और बेटे के बीच संबंध ठीक नहीं हैं. यह चर्चा तब और तेज हो गई जब सोशल मीडिया पर यह कयास लगाए जाने लगे कि जेसन ने अपने नाम से पिता का नाम हटाकर मां का सरनेम अपना लिया है और इंस्टाग्राम पर पिता को अनफॉलो कर दिया है. इन चर्चाओं के बीच जेसन ने पहली बार खुलकर अपने पिता के गुरुमंत्र को साझा किया. जेसन ने बताया कि उनके अप्पा ने उन्हें कभी 'स्पून-फीडिंग' नहीं की, बल्कि हमेशा अपनी खुद की स्वतंत्र पहचान और नाम बनाने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने यह भी संदेश दिया कि परिवार में दूरियां चाहे जो हों, पिता का मार्गदर्शन और उनके प्रति सम्मान आज भी अडिग है, जिससे विरोधियों के उन आरोपों पर विराम लग गया है जो विजय को पारिवारिक मोर्चे पर असफल दिखा रहे थे.

थलपति विजय के साथ हॉलीवुड फिल्म बनाने का सपना

विजय राजनीति में आने के बाद अपनी फिल्म करियर को अलविदा कह चुके हैं. उनकी आखिरी फिल्म जननायकन राजनीति के कारण महीनों फंसे रहने के बाद चुनाव बाद रिलीज हो चुकी. विजय एक्टिंग छोड़ चुके हैं लेकिन बेटे का प्लान कुछ और है.

जेसन संजय ने इंटरव्यू में एक बेहद दिलचस्प और महत्वाकांक्षी खुलासा करते हुए बताया कि उनका सबसे बड़ा सपना हॉलीवुड के एक्शन स्टार जेसन स्टैथम के साथ एक इंटरनेशनल प्रोजेक्ट पर काम करना है. उन्होंने कहा कि अगर उन्हें कभी इस हॉलीवुड फिल्म के लिए भारत से किसी बड़े अभिनेता को चुनने का मौका मिला, तो उनके दिमाग में सबसे पहला नाम उनके 'अप्पा' यानी थलपति विजय का ही आएगा. जेसन के इस बयान ने राजनीतिक और फिल्मी गलियारों में तहलका मचा दिया है, क्योंकि पिता-पुत्र के बीच चल रही अनबन की खबरों के बीच जेसन ने यह जता दिया है कि भले ही उनके बीच पारिवारिक दूरियां हों, लेकिन एक अभिनेता और निर्देशक के तौर पर वे आज भी अपने पिता को दुनिया का सबसे बेहतरीन स्टार मानते हैं और उनके साथ मिलकर हॉलीवुड स्क्रीन पर धमाल मचाना चाहते हैं.

यह पढ़ें: CM बन अपने वफादारों को नहीं भूले थलापति विजय, कौन हैं वेंकट नारायण, थलापति विजय से दोस्ती को लगी बुरी नजर?

सिनेमा में कदम रखने पर माता-पिता का समर्थन

जेसन संजय धीरे-धीरे पिता के बारे में खुल रहे हैं. इससे पहले जेसन संजय ने आनंद विकटन (Ananda Vikatan) को दिए अपने पहले इंटरव्यू में अपने निजी जीवन, एक्टिंग न करने की वजह और सिनेमा में कदम रखने पर पिता विजय और मां संगीता की प्रतिक्रिया को लेकर कई बड़े खुलासे किए थे. जेसन ने इंटरव्यू में बताया कि जब उन्होंने सिनेमा की दुनिया में कदम रखने का फैसला किया, तो उन्होंने सबसे पहले अपने माता-पिता (विजय और संगीता), अपनी बहन दिव्या साशा और अपने करीबी दोस्तों से इस बारे में बात की थी. उन्होंने खुलासा किया कि दोनों माता-पिता (विजय और संगीता) इस फैसले को लेकर बेहद सकारात्मक थे और उन्होंने जेसन का पूरा समर्थन किया. जेसन ने कहा, "उनकी इस सकारात्मकता ने मुझे बहुत ऊर्जा दी, और तभी मुझे एहसास हुआ कि मेरे परिवार को मुझ पर कितना भरोसा है." इस बयान से उन अफवाहों को तगड़ा झटका लगा, जिनमें कहा जा रहा था कि पारिवारिक कलह के चलते विजय अपने बेटे के करियर सपोर्ट में नहीं हैं.

तलाक की अर्जी और शपथ ग्रहण से परिवार की दूरी

लेकिन इस पूरी कहानी का दूसरा पहलू बेहद भावुक और पेचीदा है. विजय की पत्नी संगीता सोर्नालिंगम द्वारा तलाक की अर्जी दाखिल किए जाने के बाद से ही परिवार दो धड़ों में बंट चुका है. इसकी सबसे बड़ी और कड़वी गवाही तब देखने को मिली जब मई में चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में विजय का ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह हुआ. इस भव्य समारोह में विजय के माता-पिता तो मौजूद थे, लेकिन उनकी पत्नी संगीता, बेटे जेसन और बेटी दिव्या साशा नदारद रहे. इसके उलट, समारोह में तमिल सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री तृषा कृष्णन की मौजूदगी ने आग में घी का काम किया, जिनके साथ विजय के अफेयर की अफवाहों ने राजनीतिक गलियारों में खूब सुर्खियां बटोरीज. 27 साल पुराने इस वैवाहिक रिश्ते में आई दरार और संगीता द्वारा विजय पर लगाए गंभीर आरोपों ने विजय की साफ-सुथरी राजनीतिक छवि के सामने एक बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है.

अलग-अलग रहने का फैसला और 'सिग्मा' का क्लैश टालना

पारिवारिक दूरियों का असर अब बच्चों के रहने के तौर-तरीकों पर भी साफ दिखने लगा है. जेसन संजय ने अपने इंटरव्यू में यह हैरान करने वाला खुलासा भी किया कि अब वे अपनी बहन और मां के साथ एक ही छत के नीचे नहीं रह रहे हैं. जेसन ने मजाकिया अंदाज में अपनी मां संगीता को एक 'जासूस' (Spy) बताया जो बच्चों पर कड़ी नजर रखती हैं, वहीं उन्होंने यह भी माना कि अलग रहने के बाद से उनका अपनी बहन दिव्या साशा के साथ रिश्ता और मजबूत हुआ है. दिलचस्प बात यह है कि जेसन की आने वाली फिल्म 'सिग्मा' की रिलीज को इसलिए भी आगे बढ़ाया गया ताकि वह उनके पिता विजय की आखिरी और सबसे बड़ी फिल्म 'जना नायगन' (Jana Nayagan) से न टकराए. पैसे और बिखरते रिश्तों के ताने-बाने पर बनी जेसन की इस फिल्म की कहानी कहीं न कहीं उनके खुद के पारिवारिक जीवन का अक्स भी दिखाती है.

राजनीतिक राहत और भविष्य की चुनौतियां

तमिलनाडु की सत्ता के शीर्ष पर बैठे मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के लिए यह जीत जितनी ऐतिहासिक है, पारिवारिक मोर्चे पर उनकी राह उतनी ही कांटों भरी नजर आ रही है. एक तरफ जहां उनकी पार्टी टीवीके (TVK) ने राज्य में एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत की है, वहीं दूसरी तरफ पत्नी से तलाक का मुकदमा और बच्चों का शपथ ग्रहण से दूर रहना उनके विरोधियों को बैठे-बिठाए मुद्दा दे देता है. ऐसे में बेटे जेसन संजय का पिता की जीत को 'ऐतिहासिक क्रांति' बताना और यह कहना कि वे पिता के साथ मिलकर हॉलीवुड फिल्म बनाना चाहते हैं, विजय के लिए एक बड़ी राजनीतिक राहत लेकर आया है. देखना यह होगा कि द्रविड़ राजनीति के बड़े-बड़े दिग्गजों को धूल चटाने वाले थलपति विजय अपने घर के इस बिखरते साम्राज्य को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर रहते हुए कैसे संभाल पाते हैं!

यह भी पढ़ें: Shesh Bharat: वंदे मातरम से NEET तक...कनिमोझी के भाषण ने पलटा पूरा खेल! BJP-DMK गठबंधन की अटकलों पर लगा विराम