बंगाल में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी पर हमला, हेलमेट पहनकर बचानी पड़ी जान, जानें क्या है पूरा मामला

ममता बनर्जी के भतीजे और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी पर सोनारपुर में उग्र भीड़ ने हमला कर दिया, जिसमें उन पर कच्चे अंडे फेंके गए और धक्का-मुक्की की गई. बदहाल सड़कों से नाराज लोगों के भारी विरोध को देखते हुए सुरक्षाकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाई और उन्हें हेलमेट पहनाकर सुरक्षित बाहर निकाला.

पश्चिम बंगाल अभिषेक बनर्जी
पश्चिम बंगाल अभिषेक बनर्जी

अनुपम मिश्रा

follow google news

पश्चिम बंगाल के सोनारपुर इलाके में शनिवार यानी 30 मई की शाम को भारी हंगामा हो गया. यहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बड़े नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी पर गुस्साए लोगों ने हमला कर दिया. अभिषेक बनर्जी चुनाव के बाद हुई हिंसा के पीड़ितों से मिलने पहुंचे थे लेकिन वहां उन्हें स्थानीय लोगों और प्रदर्शनकारियों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. भीड़ इतनी उग्र हो गई कि सांसद पर कच्चे अंडे फेंके गए और उनके साथ धक्का-मुक्की भी हुई. माहौल बिगड़ता देख सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाई और अभिषेक बनर्जी को हेलमेट पहनाकर सुरक्षा घेरे के बीच वहां से सुरक्षित बाहर निकाला.

Read more!

गाड़ी छोड़ जैसे ही बाइक पर बैठे

यह घटना सोनारपुर के कमराबाद इलाके की है. अभिषेक बनर्जी शनिवार शाम करीब 4:30 बजे अपनी पार्टी के एक मृतक कार्यकर्ता के परिवार से मिलने पहुंचे थे. लेकिन वहां बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता पहले से ही विरोध प्रदर्शन के लिए जमा थे. इस प्रदर्शन में महिलाएं सबसे आगे थीं और उनके हाथों में कच्चे अंडे थे.

विरोध को देखते हुए सांसद ने अपनी कार वहीं छोड़ दी और बाइक से इलाके के अंदर जाने लगे. लेकिन पीड़ित के घर से कुछ सौ मीटर पहले ही भीड़ ने उन्हें रोक लिया और 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए. इस दौरान कुछ लोगों ने सड़क पर दो मोटरसाइकिलें भी पलट दीं, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई.

हम किसी पार्टी के नहीं- स्थानीय लोगों का दर्द

अभिषेक बनर्जी का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों का कहना है कि वे किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं. एक निवासी ने कहा, "हम लोग मजदूर हैं और हमारा किसी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है. हमारे इलाके की सड़क आज तक नहीं बनी. विकास के नाम पर जो भी पैसा आया, वो सब नेता खा गए. हम आज भी परेशान हैं, इसलिए हमारा गुस्सा फूटा है." वहीं एक अन्य व्यक्ति ने कहा, "हम बीजेपी के लोग नहीं हैं, बल्कि इसी इलाके के रहने वाले हैं और अपनी बदहाली से तंग आ चुके हैं."

क्यों नाराज थे लोग?

इस पूरे गुस्से की वजह इलाके की खराब सड़कें और बुनियादी सुविधाएं हैं. कमराबाद इलाके में करीब एक किलोमीटर तक सड़क का हाल बेहद खराब है, जहां बारिश के दिनों में पानी भर जाता है. लोगों का आरोप है कि ममता बनर्जी के मुख्यमंत्री रहते हुए भी कई बार सड़क और पानी की समस्या को दूर करने के लिए अर्जी दी गई थी, लेकिन कभी किसी ने उनकी सुध नहीं ली. यही वजह है कि जब 15 साल से सत्ता में रहने वाली पार्टी के सांसद वहां पहुंचे, तो लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर अंडे फेंककर अपना विरोध जताया.

यह बीजेपी की साजिश है, पुलिस गायब थी

इस घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने विपक्ष पर निशाना साधा है. उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा, "यह कोई जनता का गुस्सा नहीं है, बल्कि पूरी तरह से बीजेपी का कराया हुआ हमला है. आप खुद देख सकते हैं कि आज मेरे साथ क्या किया गया. यह इनके लोकतंत्र का असली चेहरा है. सबसे बड़ी बात यह है कि इस पूरी घटना के दौरान मौके पर कहीं भी पुलिस नजर नहीं आई.

इस हमले के बाद से सोनारपुर इलाके में राजनीतिक तनाव काफी बढ़ गया है. टीएमसी जहां इसे विपक्ष की सोची-समझी साजिश बता रही है, वहीं विपक्ष इसे आम जनता का स्वाभाविक गुस्सा कह रहा है. फिलहाल, इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.

ये भी पढ़ें: कॉपी चेकिंग में हुई गड़बड़ी, CBSE टेंडर में बड़ा झोल? 12वीं के छात्र सार्थक ने सबूतों के साथ खोली नियमों में बदलाव की पोल

    follow google news