गुजरात के सूरत स्थित उधना रेलवे स्टेशन पर 19 अप्रैल को हुई अफरा-तफरी और भगदड़ के मामले में वेस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक यानी GM ने स्थिति स्पष्ट की है. स्टेशन का दौरा करने पहुंचे जीएम ने मीडिया से बातचीत में लाठीचार्ज के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है, जबकि सोशल मीडिया और समाचार चैनलों पर प्रसारित वीडियो में पुलिस डंडे चलाती नजर आ रही है. विस्तार से जानिए GM ने क्या-कुछ कहा.
ADVERTISEMENT
'लाठीचार्ज नहीं, फेंसिंग पर चलाए गए डंडे'
घटना के बाद उधना स्टेशन का जायजा लेने पहुंचे जीएम ने कहा कि सोशल मीडिया और टीवी चैनलों पर लाठीचार्ज का जो नैरेटिव चलाया जा रहा है, वह गलत है. उन्होंने दावा किया कि उन्होंने सभी उपलब्ध वीडियो देखे हैं और किसी भी यात्री पर सीधा लाठीचार्ज नहीं हुआ है. जीएम के मुताबिक, 'आरपीएफ के जवान फेंसिंग पर डंडे मार रहे थे ताकि लाइन तोड़कर भाग रहे लोगों को नियंत्रित किया जा सके. यह यात्रियों के हित और सुरक्षा के लिए ही किया गया था.'
भगदड़ की वजह: 'आखिरी ट्रेन' की अफवाह
जीएम ने स्वीकार किया कि स्टेशन पर अव्यवस्था हुई थी, लेकिन इसका मुख्य कारण एक अफवाह थी. यात्रियों को लगा कि वह आखिरी ट्रेन है और इसके बाद कोई और ट्रेन नहीं चलेगी. इसी होड़ में लोग ट्रेन पर चढ़ने के लिए बेकाबू हो गए. उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे के पास स्पेशल ट्रेनों की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि भगदड़ वाली रात भी ट्रेन चलाई गई थी जो अंडर-यूटिलाइज (सीटें खाली) गई.
मीडिया और रेलवे के बीच तकरार
वेस्टर्न रेलवे द्वारा सोशल मीडिया पर खबरों को मिसलीडिंग (भ्रामक) बताने पर जीएम ने कहा कि उनका मकसद मीडिया को टारगेट करना नहीं है. उन्होंने कहा, 'हम सब पब्लिक के लिए ही हैं. अगर कहीं कमी है और आप उसे प्रकाश में लाते हैं, तो हम उसे दूर करेंगे. हमें मिलकर काम करना है ताकि यात्री सुरक्षित अपने घर पहुंचें.' हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि वीडियो में लोग गिर रहे हैं और पुलिस डंडे मार रही है, तो उन्होंने फिर दोहराया कि डंडे यात्रियों पर नहीं, बल्कि भीड़ को रोकने के लिए फेंसिंग पर चलाए गए थे.
आने वाले दिनों के लिए तैयारी
जीएम ने यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें. रेलवे लगातार स्पेशल ट्रेनें चला रहा है और जितने यात्री आएंगे, उनके लिए व्यवस्था की जाएगी. उन्होंने आश्वासन दिया कि आने वाले दिनों में उधना स्टेशन पर ऐसी अव्यवस्था दोबारा न हो, इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं और अधिकारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


