कांशीराम के लिए 'भारत रत्न' की मांग, राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, बोले- 'उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकता'

राहुल गांधी ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर मान्यवर कांशीराम को मरणोपरांत 'भारत रत्न' देने की मांग की है. राहुल ने कहा कि कांशीराम ने शोषित वर्ग में चेतना जगाकर भारतीय लोकतंत्र को अधिक समावेशी और न्यायपूर्ण बनाया.

NewsTak
Rahul Gandhi

न्यूज तक

follow google news

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर मांग की है कि सामाजिक न्याय के पुरोधा कांशीराम को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा जाए.

Read more!

पीएम मोदी को लिखे अपने पत्र में राहुल गांधी ने कांशीराम के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने भारतीय राजनीति की पूरी दिशा ही बदल दी. राहुल ने लिखा कि कांशीराम जी ने बहुजन समाज और गरीब तबकों के भीतर जो राजनीतिक चेतना पैदा की, उसी का नतीजा है कि आज हमारा लोकतंत्र अधिक मजबूत और न्यायपूर्ण बना है. उन्होंने शोषितों को उनके वोट की ताकत का अहसास कराया और बताया कि यह देश सबका समान है.

लखनऊ के कार्यक्रम का किया जिक्र

राहुल गांधी ने पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया कि हाल ही में जब वे लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, तो वहां मौजूद दलित बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इस मांग को पुरजोर तरीके से उठाया था. उन्होंने कहा कि कांशीराम को भारत रत्न देने की मांग बरसों पुरानी है और यह लाखों लोगों की भावनाओं से जुड़ी हुई है.

भारत सरकार से सामाजिक न्याय के महान योद्धा और बहुजन चेतना के मार्गदर्शक मान्यवर कांशीराम जी को भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग करता हूं।

यह सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान कांशीराम जी के साथ उस पूरे आंदोलन को श्रद्धांजलि होगी जिसने करोड़ों बहुजनों को हक़, हिस्सेदारी और आत्मसम्मान… pic.twitter.com/XF9MGjcj4J

— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) March 15, 2026

लोकतंत्र की नींव की मजबूती

राहुल गांधी के मुताबिक, कांशीराम जी के प्रयासों से ही समाज के उन लोगों ने राजनीति में कदम रखा, जिन्होंने कभी सार्वजनिक जीवन में आने के बारे में सोचा भी नहीं था. उन्होंने संविधान के समानता और गरिमा के वादे को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया. राहुल ने प्रधानमंत्री से अनुरोध किया कि कांशीराम जी को यह सम्मान देना न केवल उनके महान योगदान को पहचान दिलाना होगा, बल्कि उन लाखों लोगों की उम्मीदों का भी सम्मान होगा जो उन्हें अपना आदर्श मानते हैं.

कांशीराम जी की जयंती के मौके पर लिखी गई इस चिट्ठी ने अब सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है. देखना होगा कि केंद्र सरकार राहुल गांधी की इस मांग पर क्या रुख अपनाती है.

ये भी पढ़ें: UP: रात के 2 बजे शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे इंस्पेक्टर, महिला के ससुराल वालों ने रंगे हाथ पकड़कर कर दिया ये हाल

    follow google news