हमारी सभ्यता की प्राचीन विरासत से लेकर वैश्विक डिजाइन के डिज़ाइन के सर्वोच्च स्तर तक...गुजरात के ऐतिहासिक शहर वडनगर ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का मान बढ़ा दिया है. मेहसाणा जिले में स्थित भारत के सबसे बड़े पुरातत्व अनुभव संग्रहालय 'अनंत अनादि वडनगर- आर्कियोलॉजिकल एक्सपीरियंसियल म्यूज़ियम' को जर्मनी के बर्लिन में प्रतिष्ठित 'रेड डॉट: बेस्ट ऑफ द बेस्ट अवार्ड 2026' से सम्मानित किया गया है.
ADVERTISEMENT
इस बड़ी उपलब्धि के साथ वडनगर का यह संग्रहालय सर्वोच्च अंतरराष्ट्रीय सम्मान हासिल करने वाला देश का पहला और एकमात्र म्यूजियम बन गया है. इस जीत ने गुजरात की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पटल पर मजबूती से स्थापित कर दिया है.
क्या है 'रेड डॉट अवार्ड' ?
साल 1955 में जर्मनी की संस्था 'डिज़ाइन ज़ेंट्रम नॉरड्राइन वेस्टफेलन' द्वारा शुरू किया गया रेड डॉट डिजाइन अवार्ड दुनिया की सबसे प्रतिष्ठित डिजाइन कॉम्पिटिशंस में से एक है, जिसे क्रिएटिविटी की दुनिया में 'डिजाइन का ऑस्कर' भी कहा जाता है. वडनगर के इस म्यूज़ियम को इसके 'इमर्सिव एक्सपीरियंस' (अनुभवात्मक डिजाइन) के लिए प्रतियोगिता का सर्वोच्च सम्मान 'बेस्ट ऑफ द बेस्ट' मिला है. इस जीत के साथ ही वडनगर म्यूजियम को रेड डॉट की अंतरराष्ट्रीय ईयरबुक और वैश्विक डिजाइन प्रदर्शनियों में भी विशेष स्थान मिलेगा.
क्यों खास है वडनगर का यह पुरातत्व संग्रहालय?
जनवरी 2025 में उद्घाटित इस संग्रहालय की 5 सबसे बड़ी विशेषताएं इसे दुनिया के अन्य संग्रहालयों से अलग बनाती हैं.
2,500 वर्षों का जीवंत इतिहास
वडनगर भारत के उन चुनिंदा प्राचीन शहरों में से एक है जो पिछले 2,500 से अधिक वर्षों से लगातार आबाद रहा है. यह म्यूज़ियम वडनगर की खुदाई में सामने आए 7 अलग-अलग सांस्कृतिक कालखंडों की क्रमिक विकास यात्रा को बेहद रोचक अंदाज में दर्शाता है.
6,000 से अधिक दुर्लभ पुरावशेषों का अनूठा संग्रह
म्यूज़ियम की थीमैटिक गैलरियों में खुदाई से प्राप्त 6,000 से अधिक मूल कलाकृतियों और पुरावशेषों (Excavated Artefacts) को सहेजा गया है. इनमें प्राचीन सिक्के, मिट्टी के बर्तन, आभूषण, औजार, मूर्तियां और धार्मिक प्रतीक शामिल हैं, जो उस दौर की उन्नत नगर नियोजन आस्था और व्यापार व्यवस्था की कहानी बयां करते हैं.
अंबा घाट उत्खनन स्थल का सीधा और लाइव अनुभव
यह केवल बंद कमरों में सजाया गया संग्रहालय नहीं है, बल्कि इसे सीधे अंबा घाट उत्खनन स्थल से जोड़ा गया है. यहां एक विशेष वॉकवे और शेड तैयार किया गया है, जिस पर चलते हुए पर्यटक वास्तविक खुदाई में निकली प्राचीन दीवारों, जल संरचनाओं और बौद्ध मठों के अवशेषों को अपनी आंखों से करीब से देख सकते हैं.
इमर्सिव और इंटरैक्टिव टेक्निक
पारंपरिक संग्रहालयों से हटकर इसे पूरी तरह 'एक्सपीरियंसियल' (अनुभवात्मक) बनाया गया है. यहां ऑडियो-विजुअल इंस्टॉलेशन, डिजिटल प्रोजेक्शन, 3D रिकंस्ट्रक्शन और इंटरैक्टिव डिस्प्ले का इस्तेमाल किया गया है, जिससे आगंतुकों को प्राचीन वडनगर के जनजीवन को साक्षात महसूस करने का अनुभव मिलता है.
'रैम्ड अर्थ' तकनीक से बनी अनोखी वास्तुकला
लगभग 4 एकड़ में फैले इस परिसर की इमारत को प्राचीन मिट्टी की परतों की तर्ज पर 'रैम्ड अर्थ' तकनीक और प्राकृतिक रोशनी के बेहतरीन तालमेल के साथ बनाया गया है. यहां प्रदर्शनी गैलरियों के साथ-साथ रिसर्च सेंटर, लाइब्रेरी, ऑडिटोरियम और आर्काइव की सुविधा भी मौजूद है.
इनपुट: न्यूज तक डेस्क
ADVERTISEMENT


