Shesh Bharat: Bigg Boss में Vijay Sethupathi ने ऐसा क्या कह दिया? Vijay के समर्थक हुए नाराज

रूपक प्रियदर्शी

• 09:03 AM • 18 Sep 2026

विजय सेतुपति के Bigg Boss Tamil 10 में दिए लीडरशिप वाले बयान पर विवाद बढ़ गया है. उन्होंने किसी नेता या पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन कुछ TVK समर्थकों ने इसे विजय पर टिप्पणी माना. सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग के बाद चैनल ने सफाई दी कि शो की बातें सिर्फ मनोरंजन के संदर्भ में हैं.

Shesh Bharat
Shesh Bharat
Google CTA

आज की राजनीति और नेताओं के समर्थकों का मिजाज कुछ ऐसा बना है कि नया और कड़ा उसूल बन चुका है - कोई हमारे नेता के खिलाफ सीधे तो छोड़िए, अप्रत्यक्ष रूप से भी एक शब्द नहीं बोल सकते. प्रधानमंत्री राहुल गांधी बनेंगे या थलापति विजय - ये विवाद चल ही रहा है. मिलकर सरकार चलाने के बाद भी विजय और राहुल के समर्थक सीना ठोंककर अपने-अपने नेता की लड़ाई लड़ रहे हैं. थलापति विजय के हाथों में तमिलनाडु की सत्ता जाने के बाद TVK समर्थक इतने अग्रेसिव और इतना ओवर रिएक्ट कर रहे हैं कि उन्होंने तमिल सिनेमा के दो सबसे पक्के दोस्तों - थलपति विजय और विजय सेतुपति - के बीच एक बहुत बड़ा राजनीतिक युद्ध छेड़ दिया है. विजय सेतुपति भयंकर ट्रोलिंग के शिकार बने हैं. जीना मुहाल हो रखा है.

Read more!

Bigg Boss Tamil 10 से शुरू हुई पूरी कहानी

पूरी कहानी की शुरुआत होती है रियलिटी शो 'Bigg Boss Tamil 10' के सेट से, जिसे इस बार मशहूर अभिनेता विजय सेतुपति होस्ट कर रहे हैं. इस सीजन में मेकर्स ने 'Democracy Room' नाम का एक नया पार्लियामेंट्री फॉर्मेट पेश किया है, जहां घर के कंटेस्टेंट्स 'सत्ता पक्ष' और 'विपक्ष' में बंटकर घर चलाते हैं. शो के एक वीकेंड एपिसोड में जब पहली कैप्टन शाथिगा विपक्ष के कड़े सवालों और जिम्मेदारियों के दबाव में आकर रोने लगीं और कैप्टेंसी छोड़ने की बात करने लगीं, तो होस्ट विजय सेतुपति ने उन्हें लीडरशिप का एक पाठ पढ़ाया.

लीडरशिप की बात बनी विवाद की वजह

वही पाठ उनके जी का जंजाल बना. उसी से एकदम थलापति विजय कैंप के विरोध में दिखने लगे. विजय के विरोधियों DMK और AIADMK ने सेतुपति के समर्थन में आकर उनके लिए चीजें और मुश्किल बना दी हैं. विजय सेतुपति ने इतना ही कहा था कि बड़े-बड़े वादे करना और जिम्मेदारी आने पर विपक्ष पर दोष मढ़कर भाग जाना लीडरशिप नहीं, बल्कि लोगों के साथ धोखा है. सेतुपति ये बात विशुद्ध रूप से Bigg Boss के घर के खेल और शाथिगा के व्यवहार पर बोल रहे थे.

विजय सेतुपति ने नहीं लिया किसी नेता का नाम

विजय सेतुपति ने अपने पूरे बयान में किसी नेता या पार्टी का नाम नहीं लिया था, लेकिन थलापति विजय की पार्टी TVK के सोशल मीडिया समर्थकों ने इसे मिसइंटरप्रेट कर लिया. चूंकि थलापति विजय हाल ही में बड़े-बड़े राजनीतिक वादों के साथ तमिलनाडु की राजनीति में विकल्प बनकर उभरे हैं, इसलिए उनके फैंस को लगा कि सेतुपति ने 'विपक्ष पर दोष मढ़ने' और 'लोगों के साथ धोखा' जैसे भारी शब्दों का इस्तेमाल सीधे विजय की राजनीतिक कार्यशैली पर तंज कसने के लिए किया है. फिर क्या था, फैंस ने बिना सोचे-समझे विजय सेतुपति के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक बड़ी ट्रोलिंग आर्मी उतार दी.

पर्दे पर दुश्मन, असल जिंदगी में दोस्त

पूरे विवाद की सबसे बड़ी कहानी ये है कि जिन दो एक्टर्स के नाम पर समर्थक आपस में लड़ रहे हैं, उनके बीच रियल लाइफ में बेहद खूबसूरत और गहरा रिश्ता है. साल 2021 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'Master' में जहां थलपति विजय हीरो और विजय सेतुपति विलेन भवानी के रूप में एक-दूसरे के खून के प्यासे थे, वहीं कैमरे के पीछे दोनों का ब्रोमांस जगजाहिर है. फिल्म के ऑडियो लॉन्च पर सेतुपति ने स्टेज पर सरेआम विजय को गाल पर किस किया था, और शूटिंग के दौरान खुद सीनियर सुपरस्टार थलपति विजय जमीन पर सेतुपति के पैरों के पास बैठकर सीन डिस्कस करते थे. सेतुपति हमेशा विजय को अपना एक सहज और प्यारा दोस्त बताते रहे हैं. लेकिन राजनीति के मैदान में उतरते ही फैंस ने इस खूबसूरत ऑफ-स्क्रीन केमिस्ट्री को धुआं-धुआं कर दिया.

DMK और AIADMK की एंट्री से बढ़ा विवाद

जैसे ही TVK के समर्थकों और नेताओं ने विजय सेतुपति पर दबाव बनाना शुरू किया, तमिलनाडु की पार्टियां बहती गंगा में हाथ धोने कूद पड़ीं. DMK ने थलापति विजय के फैंस के इस आक्रामक रवैये की तीखी आलोचना की. AIADMK भी थलापति के खिलाफ विजय सेतुपति के समर्थन में आ खड़ी हुई. ये सब सेतुपति को हैरान करने वाला साबित हुआ. हल्ला मच रहा है कि विजय अभिव्यक्ति की आजादी का गला घोंट रहे हैं. जो विवाद Bigg Boss के घर के एक टास्क से शुरू हुआ था, वह अब DMK, AIADMK और TVK के बीच का त्रिकोणीय राजनीतिक युद्ध बन चुका है.

चैनल को जारी करनी पड़ी सफाई

विवाद को आउट ऑफ कंट्रोल होता देख ब्रॉडकास्टर चैनल (Star Vijay) और शो के मेकर्स को बयान जारी करना पड़ा कि Bigg Boss सिर्फ एक एंटरटेनमेंट शो है और इसके 'Democracy Room' के डायलॉग्स का बाहर की किसी राजनीतिक घटना या विचारधारा से कोई संबंध नहीं है. सफाई के बाद विजय सेतुपति सामान्य रूप से अपने शो की शूटिंग कर रहे हैं. चैनल ने अपने स्पष्टीकरण में कहा कि शो में होने वाली बातचीत और घटनाओं को उसके मनोरंजन वाले फॉर्मेट के संदर्भ में ही समझा जाना चाहिए.

 'Master' में पहली बार साथ आए थे दोनों सुपरस्टार

फिल्म 'Master' 2021 में आई थी, जिसमें थलपति विजय और विजय सेतुपति का साथ काम करना तमिल सिनेमा के इतिहास का एक ऐतिहासिक पल था, जहां दो बड़े सुपरस्टार्स ने स्क्रीन शेयर की. आमतौर पर बड़े स्टार्स एक-दूसरे के सामने विलेन बनने से कतराते हैं, लेकिन सेतुपति ने थलपति विजय के स्टारडम के सामने फीका पड़ने के बजाय अपनी दमदार एक्टिंग और अनोखे अंदाज से विलेन के किरदार को हीरो के बराबर ला खड़ा किया. दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री को हमेशा के लिए अमर कर दिया.

थलपति विजय से चार साल छोटे हैं विजय सेतुपति

थलपति विजय फिल्म इंडस्ट्री में विजय सेतुपति के मुकाबले बेहद सीनियर हैं. थलपति विजय ने साल 1992 में फिल्म 'नालइया थीरपू' से डेब्यू किया था और पिछले लगभग 34 सालों से तमिल सिनेमा के सुपरस्टार बने हुए हैं. जब थलपति विजय बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर फिल्में दे रहे थे, तब विजय सेतुपति फिल्मों में जूनियर आर्टिस्ट के रूप में बिना क्रेडिट वाले छोटे-मोटे रोल्स कर रहे थे. विजय सेतुपति ने साल 2010 में फिल्म 'तेनमेरकु परुवकातुर' से शुरुआत की. यानी बतौर लीड एक्टर जहां थलपति विजय को इंडस्ट्री में 34 साल का लंबा अनुभव है, वहीं विजय सेतुपति को करीब 16 साल हुए हैं. उम्र में भी 52 साल के विजय 48 साल के विजय सेतुपति से चार साल बड़े हैं. यही वजह है कि विजय सेतुपति हमेशा थलपति विजय को एक मार्गदर्शक और सीनियर के रूप में बेहद सम्मान देते आए हैं.

छोटे रोल्स से ग्लोबल स्टारडम तक पहुंचे सेतुपति

'मक्कल सेलवन' यानी 'जनता के लाडले' के नाम से मशहूर विजय सेतुपति की फिल्मोग्राफी अब ग्लोबल हो चुकी है.

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बैकग्राउंड एक्टर और छोटे-मोटे सपोर्टिंग किरदारों से की थी, लेकिन एक्टर के तौर पर उन्होंने 'Pizza' (2012) और 'Soodhu Kavvum' (2013) जैसी लीक से हटकर फिल्मों से अपनी पहचान बनाई. सेतुपति तमिल सिनेमा के उन दुर्लभ अभिनेताओं में से हैं जो '96' (2018) में एक बेहद भावुक और शांत प्रेमी का किरदार निभा सकते हैं, तो वहीं 'Super Deluxe' (2019) में एक ट्रांसजेंडर महिला 'शिल्पा' के रोल में नेशनल अवॉर्ड जीत सकते हैं. स्टारडम की परवाह किए बिना उन्होंने 'Master' (2021) में थलपति विजय के सामने, 'Vikram' (2022) में कमल हासन के सामने और बॉलीवुड फिल्म 'Jawan' (2023) में शाह रुख खान के सामने खूंखार विलेन की भूमिकाएं निभाकर दर्शकों को हैरान किया. हाल ही में उनकी 50वीं फिल्म 'Maharaja' (2024) की सफलता और उसे हॉलीवुड में रीमेक किए जाने की घोषणा ने यह साबित कर दिया है कि उनका अभिनय क्षेत्रीय सिनेमा की सीमाओं को लांघकर ग्लोबल स्तर पर अपनी धाक जमा चुका है.

Shesh Bharat: नौगांव उपचुनाव में बदरुद्दीन अजमल की एंट्री, क्यों बढ़ी कांग्रेस-BJP की टेंशन?