कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने पश्चिम बंगाल में अपने एक वॉलंटियर के घर हुई हिंसा और उनके पिता की मौत को लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर सीधे आरोप लगाए हैं. CJP के सौरव दास ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि यह सब संस्था द्वारा चलाए जा रहे 'स्कूल ठीक करो' कैंपेन के डर और बौखलाहट के कारण किया जा रहा है. उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं और सीजेपी की इस मुहिम को ऐसे हिंसक कृत्यों से दबाया नहीं जा सकता और इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT
'स्कूल ठीक करो' मुहिम और बंगाल में हुई हिंसा का पूरा मामला
सौरव दास के अनुसार, CJP ने हाल ही में 15 तारीख को 'स्कूल ठीक करो' नाम से एक देशव्यापी अभियान शुरू किया था. इस अभियान के तहत छात्रों, युवाओं और अभिभावकों से अपने नजदीकी सरकारी स्कूलों में जाकर सोशल ऑडिट करने और वहां की कमियों व समस्याओं का जायजा लेने की अपील की गई थी. इसी क्रम में जंतर-मंतर पर हुए 'चलो संसद' प्रदर्शन में शामिल रहे CJP के 26 वर्षीय सदस्य अब्दुल ने 13 तारीख को बंगाल स्थित अपने स्थानीय सरकारी स्कूल में जाकर शिक्षकों से ऑडिट करने की बात कही. आरोप है कि अगले ही दिन रात को बीजेपी से जुड़े लोगों ने अब्दुल के घर पर हमला बोल दिया और उनके साथ बर्बरता से मारपीट की. जब अब्दुल के पिता उन्हें बचाने आए, तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई और बाद में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.
सौरव दास ने बोला बीजेपी पर हमला, माफी की मांग की
इस दुखद घटना पर गहरा दुख जताते हुए सौरव दास ने कहा कि सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने का काम किसी भी विचारधारा से ऊपर है और इसमें सभी का सहयोग होना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं यह साबित करती हैं कि हमलावर शिक्षा और बौद्धिकता के खिलाफ हैं और गुंडागर्दी में विश्वास रखते हैं. सौरव दास ने चेतावनी दी कि यदि कोई यह सोचता है कि युवाओं को हिंसा से डरा दिया जाएगा, तो यह उनकी भूल है. जंतर-मंतर के बाद देश का युवा अब चुप नहीं बैठेगा और बीजेपी को इस कृत्य के लिए माफी मांगनी चाहिए.
पीड़ित परिवार से मिलेगा CJP का प्रतिनिधिमंडल
CJP ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए धरातल पर कदम उठाने की बात कही है. सौरव दास ने बताया कि आशुतोष रांका के नेतृत्व में CJP का एक प्रतिनिधिमंडल बंगाल जाएगा. यह टीम पीड़ित वॉलंटियर अब्दुल और उनके परिवार से मुलाकात करेगी. इसके साथ ही यह प्रतिनिधिमंडल स्थानीय पुलिस प्रशासन से मुलाकात कर मामले के दोषियों को जल्द से जल्द सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग करेगा. उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को पूरा न्याय नहीं मिल जाता, तब तक CJP की पूरी टीम और देश के युवा अब्दुल के साथ खड़े रहेंगे.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


