अहमदाबाद क्राइम ब्रांच यानी ACB ने आखिरकार 12 साल से फरार चले एक शख्स हेमंत नगीनदास मोदी को गिरफ्तार कर लिया है. हेमंत नगीनदास मोदी कोई आम इंसान नहीं है बल्कि एक कैदी है और उसे उम्रकैद की सजा भी मिल चुकी है. लेकिन 12 साल पहले वो पैरोल पर बाहर आया, फिर वहां से फरार हो गया था. फरारी के बाद उसने बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन, आमिर खान सहित कई एक्टर्स के साथ काम किया है. उसकी गिरफ्तारी के बाद अब सवाल उठने लगा है कि आखिर कौन है यह मोदी और क्या है इसकी असल कहानी. आइए विस्तार से जानते है पूरी बात.
ADVERTISEMENT
कौन हैं हेमंत नगीनदास मोदी?
मिली जानकारी के मुताबिक, हेमंत नगीनदास मोदी गुजरात के अहमदाबाद के नरोड़ा का रहनेवाला है. फिलहाल उसकी उम्र 53 साल बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि हेमंत को कॉलेज टाइम से ही एक्टिंग का काफी शौक था और साल 2014 में पैरोल से भागने के बाद उसने फिल्मी जगत में कदम रखते हुए अपने शौक को पूरा किया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस दुनिया में उसने अपना नाम और पहचान दो बार बदली, जिसमें वो स्पंदन मोदी और ट्विंकल दवे के नाम से जाना जाता था. वह फिल्मों और वेब सीरीज में मुख्य रूप से सपोर्टिव एक्टर के तौर पर काम करता था.
किस मामले में चल रही थी तलाशी?
हेमंत मोदी से जुड़े मामले की शुरुआत 21 साल पहले हुई थी. एक ACB अफसर के मुताबिक, 5 जून 2005 को अहमदाबाद के नरोडा इलाके में नरेंद्र उर्फ नैनो यशवंत कांबले की मौत की हत्या हुई थी. इस मामले में 27 अगस्त 2008 को कोर्ट ने हेमंत, उसके भाई सचिन और पांच अन्य लोगों को दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुना दी. इन लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट, दंगा और साजिश जैसे कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हुआ था.
पैरोल के नाम पर आया बाहर, फिर भाग गया
हेमंत को पहले अहमदाबाद जेल में बंद किया गया था, फिर उसे मेहसाणा जेल भेज दिया गया था. हेमंत मोदी करीब 6 साल तक इसी जेल में रहा और फिर गुजरात हाईकोर्ट ने 2014 को उसे 30 दिन की पैरोल दे दी. पैरोल के नियम के मुताबिक समय-सीमा खत्म होते ही उसे जाकर वापस सरेंडर करना था, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया. हाईकोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 25 जुलाई, 2014 को 'पैरोल जंपर' घोषित कर दिया.
भागने के बाद दो बार बदला नाम!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हेमंत ने पैरोल से भागने के बाद उसने काफी चालाकी से खुद की पहचान बदली. बताया जा रहा है कि, वह सबसे पहले गुजरात के पाटन में एक साल तक छिपा रहा. फिर साल 2015 में उसने अपना नाम ट्विंकल दवे रखा और अहमदाबाद पहुंचा. वहां उसने एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी जॉइन की. फिर बाद में अपने शौक को पूरा करने के लिए वह मुंबई चला गया. 2017 में उसने एक्टिंग में हाथ आजमाने की सोची और फिर से नाम बदलकर स्पंदन मोदी रख लिया. धीरे-धीरे उसे काम मिलते गया और वह लोगों के बीच स्पंदन मोदी के नाम से ही मशहूर हो गया.
अमिताभ, आमिर सहित कई दिग्गजों के साथ किया काम!
हेमंत ने जब एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा तो उसे भी नहीं पता होगा की उसकी किस्मत खुल जाएगी. छोटे-छोटे रोल से शुरू हुए सफर में उसे अब मेन सपोर्टिंग रोल मिलने लगे और लगभग 40 से ज्यादा फिल्म, थिएटर और टेलीविजन सीरियल्स में काम किया. अमिताभ बच्चन और आमिर खान के साथ 'ठग्स ऑफ हिंदुस्तान', रणवीर सिंह के साथ 'जयेशभाई जोरदार' और मेट्रो इन दिनों में काम किया. साथ ही उन्होंने सन्नी देओल की अपकमिंग फिल्म लाहौर 1947,साउथ की 'एल2: एम्पुरान' में भी काम किया है.
अब कैसे पकड़ा गया हेमंत मोदी?
हाईकोर्ट से 'पैरोल जंपर' घोषित होने के बाद पिछले 12 साल से पुलिस लगातार हेमंत मोदी की तलाश कर रही थी. इस बीच 20 मई, 2026 को पुलिस को टिप मिली कि हेमंत अहमदाबाद वापस आया है. पुलिस ने जानकारी के मुताबिक जाल बिछाया और फिर शहर के घीकांटा मेट्रो स्टेशन के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया. हालांकि गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच ने उन्हें मेहसाणा जेल वापस भेज दिया ताकि वह अपनी आगे की सजा काट सकें.
अमिताभ बच्चन, आमिर खान और रणबीर के साथ एक्टिंग करने वाला निकला कैदी, मिल चुकी है उम्रकैद की सजा
ADVERTISEMENT


