Manjalpur By Election Result: गुजरात की हाई-प्रोफाइल मांजलपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी बादशाहत कायम रखी है. इस सीट पर बीजेपी की तरफ से सतेन्द्रभाई पटेल उर्फ सतीश पटेल मैदान में उतरे थें, जिन्होंने 30,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत हासिल कर ली है. 20 दौर की वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है.
ADVERTISEMENT
बता दें कि पूर्व मंत्री और 8 बार के दिवंगत विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर जीत दर्ज कर बीजेपी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वडोदरा उसका अभेद्य किला है. ऐसे में विस्तार से जानते हैं कि कौन हैं सतीश पटेल मांजलपुर
जमीनी संगठन से उभरा चेहरा
62 साल के सतीश गोविंदभाई पटेल भारतीय जनता पार्टी के एक अनुभवी नेता हैं, जिन्हें राजनीति का 32 से भी ज्यादा सालों का अनुभव है. उन्होंने वडोदरा में कई बड़े पदों पर जिम्मेदारी संभाली है. वे नगर निगम में पार्षद, वडोदरा नगर निगम (VMC) की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन और वडोदरा जिला भाजपा अध्यक्ष भी रह चुके हैं.
अगर पढ़ाई की बात करें तो उन्होंने 1980 में 10वीं (SSC) और 1982 में 12वीं (HSC) पास की थी. इसके बाद उन्होंने गुजरात यूनिवर्सिटी से बी.कॉम के सेकेंड ईयर तक पढ़ाई की है. चुनाव आयोग में दाखिल चुनावी हलफनामे के अनुसार सतेन्द्रभाई गोविंदभाई पटेल वडोदरा के छानी के रहने वाले हैं
मांजलपुर का जातीय और राजनीतिक समीकरण
मांजलपुर सीट को परंपरागत रूप से बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है. इस विधानसभा क्षेत्र में पाटीदार मतदाताओं की संख्या अच्छी-खासी है. पाटीदार समुदाय से ताल्लुक रखने वाले सतीश पटेल को उम्मीदवार बनाकर पार्टी ने स्थानीय सामाजिक समीकरणों और कार्यकर्ताओं की पसंद को प्राथमिकता दी है. चुनावी सभाओं के दौरान सतीश पटेल का मुख्य ध्यान योगेश पटेल के अधूरे विकास कार्यों को आगे बढ़ाने, बुनियादी सुविधाओं में सुधार करने और स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान पर केंद्रित रहा है.
इस सीट पर लगा चुकी है जीत की हैट्रिक
गुजरात की मांजलपुर विधानसभा सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी. इसके बाद से ही इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का एकतरफा कब्जा रहा है. बीजेपी के वरिष्ठ नेता योगेश पटेल ने रावपुरा सीट छोड़कर यहां का रुख किया और 2012, 2017 तथा 2022 के आम चुनावों में लगातार जीत की हैट्रिक लगाई. साल 2022 के विधानसभा चुनाव में योगेश पटेल ने 1,20,133 वोट हासिल करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी तश्वीन सिंह (19,379 वोट) को 1,00,754 वोटों के ऐतिहासिक अंतर से पराजित किया था। उस चुनाव में मांजलपुर में कुल 60.15 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. हालांकि, हाल ही में हुए उपचुनाव में महज 37.5 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई है। मतदान प्रतिशत में आई इस भारी गिरावट ने सत्तारूढ़ बीजेपी की चिंताएं बढ़ा दी हैं.
ये भी पढ़ें: Manjalpur By Election Result Live Updates: मांजलपुर में अब लास्ट राउंड बाकी, BJP प्रत्याशी जीत की ओर
ADVERTISEMENT


