कौन हैं उर्वशी पालंदुरकर? जिनके PPT वाले जवाब ने BJP IT सेल की लगा दी क्लास, राहुल गांधी ने भी शेयर किया वीडियो! 

राजू झा

• 07:40 PM • 05 Aug 2026

Urvashi Palandurkar Profile: जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन के दौरान वायरल डांस वीडियो से चर्चा में आईं उर्वशी पालंदुरकर ने बीजेपी के 'बाबर की विरासत' वाले बयान का PPT प्रेजेंटेशन के जरिए जवाब दिया, जिसके बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं ने भी इस वीडियो को शेयर कर उनकी प्रतिक्रिया की सराहना की. जानिए कौन हैं उर्वशी पालंदुरकर.

Urvashi Palandurkar Story
Urvashi Palandurkar Profile
Google CTA

दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों के दौरान का एक डांस वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा में है. इस वीडियो में दिख रही छात्रा का नाम उर्वशी पालंदुरकर बताया जा रहा है. दरअसल, छत्तीसगढ़ बीजेपी ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर निशाना साधते हुए उन्हें 'बाबर की विरासत पर ठुमके लगाने वाले Gen Z' करार दिया था. इस तंज का जवाब देते हुए मुंबई की रहने वाली छात्रा उर्वशी ने एक पीपीटी (PPT) प्रेजेंटेशन के जरिए ऐसा करारा पलटवार किया, जिसकी गूंज अब पूरे राजनीतिक गलियारे और सोशल मीडिया पर सुनाई दे रही है.

Read more!

बीजेपी के तंज पर उर्वशी का पीपीटी प्रेजेंटेशन वाला जवाब

छत्तीसगढ़ बीजेपी ने सोशल मीडिया पोस्ट में सवाल उठाया था कि लोग कौन सी सोच वाली जनरेशन चुनेंगे- बाबर की विरासत पर ठुमके लगाने वाली या राज्य का मान बढ़ाने वाली. इस पर उर्वशी ने बिना अनुमति फोटो का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया और एक पीपीटी के जरिए जवाब दिया कि आज की Gen Z पढ़ाई भी करती है, डांस भी करती है और जरूरत पड़ने पर तीखे सवाल भी पूछती है. उन्होंने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उनका चैट जीपीटी (ChatGPT) उन्हें सही जवाब तैयार करके नहीं दे पा रहा है. उर्वशी का कहना था कि 'बांटों और राज करो' की नीति अब 2026 की इस नई पीढ़ी पर काम नहीं करेगी.

राहुल गांधी समेत विपक्ष के दिग्गजों ने की तारीफ

उर्वशी के इस बेबाक और आत्मविश्वास से भरे जवाब का वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और कई बड़े नेताओं ने इसे शेयर किया. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर करते हुए उनके आत्मविश्वास की जमकर सराहना की. वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने X पर लिखा कि जो नई राह के हमराही हैं, उन्हें गुमराह न समझा जाए. कांग्रेस नेता बीवी श्रीनिवासन और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी उर्वशी के सकारात्मक रवैये की तारीफ की, जबकि शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने लिखा कि यह बेहद शानदार है कि Gen Z किस तरह बीजेपी आईटी सेल को करारा जवाब दे रही है.

आखिर कौन हैं उर्वशी पालंदुरकर?

उर्वशी पालंदुरकर उन हजारों छात्रों में से एक हैं, जिन्होंने नीट पेपर लीक के विरोध में जंतर-मंतर पर हुए स्टूडेंट प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया था. मूल रूप से मुंबई की रहने वाली उर्वशी एक कंटेंट क्रिएटर, डांसर और सोशल मीडिया पर्सनालिटी हैं. उन्होंने अपने वीडियो में स्पष्ट किया कि उन्होंने 10वीं और 12वीं दोनों बोर्ड परीक्षाओं में 93% अंक हासिल किए हैं. उनका कहना है कि पढ़ाई और डांस जैसी एक्स्ट्रा-करिकुलर एक्टिविटीज दोनों एक साथ बेहतरीन तरीके से चलाई जा सकती हैं.

जंतर-मंतर और 'बाबर की विरासत' का क्या है इतिहास?

बीजेपी के 'बाबर की विरासत' वाले बयान के बाद जंतर-मंतर के इतिहास की चर्चा भी तेज हो गई है. दिल्ली के जंतर-मंतर का निर्माण सन 1724 में मुगल बादशाह मोहम्मद शाह के शासनकाल के दौरान जयपुर के महाराजा सवाई जय सिंह द्वितीय ने करवाया था. महाराजा जय सिंह ने खगोल विज्ञान की सटीक गणना के लिए पत्थरों से 13 विशाल यंत्र बनाए, जिनमें सम्राट यंत्र मुख्य है. 1990 के दशक की शुरुआत में सुरक्षा कारणों से सरकार ने बड़े प्रदर्शनों का स्थान बोट क्लब से बदलकर जंतर-मंतर कर दिया, जिसके बाद से यह स्थान देश में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शनों का मुख्य केंद्र बना हुआ है.

यहां देखें वीडियो

ऑक्सफोर्ड से राहुल गांधी के वॉर रूम तक... आखिर कौन हैं गुरमेहर कौर, जिन्हें कांग्रेस ने दिया बड़ा मंच?