पुलिस ने चलाई वॉटर कैनन तो छात्रों ने शुरू कर दिया 'रेन डांस'! रांची प्रोटेस्ट में बिहार जैसा नजारा, बेअसर हुई लाठी-पानी की बौछार

न्यूज तक डेस्क

10 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 10 2026 1:05 PM)

Jharkhand Protest: वार्ता बेनतीजा रहने के बाद विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों ने 6 बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस द्वारा चलाई गई वॉटर कैनन की बौछारों के बीच वे डरने के बजाय बेखौफ होकर 'रेन डांस' करने लगे.

Google CTA

Jharkhand Student Protest: जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर छात्रों का गुस्सा अब चरम पर पहुंच चुका है. रविवार को राज्य के मंत्रियों की विशेष कमेटी और छात्र प्रतिनिधियों के बीच करीब 5 घंटे तक तीन दौर की मैराथन बैठक हुई, लेकिन बातचीत पूरी तरह बेनतीजा रही. नतीजा ये हुआ कि आंदोलन कर रहे छात्रों ने हार मानने के बजाय सोमवार, 10 अगस्त को पूर्व निर्धारित विधानसभा घेराव के फैसले को अंजाम देना शुरू कर दिया. सुबह 10 बजे से ही सैकड़ों की संख्या में छात्र पुरानी विधानसभा के पास जुटने लगे. खास बात ये रही कि बीते 9 दिनों से भूख हड़ताल पर डटे देवेंद्र महतो भी इस पैदल मार्च की अगुवाई करने पहुंचे. पुरानी विधानसभा से शुरू हुआ यह शांतिपूर्ण मार्च जैसे-जैसे नई विधानसभा परिसर की ओर बढ़ा, माहौल गर्माता गया. 

Read more!

6 बैरिकेडिंग तोड़कर पहुंचे आगे

विधानसभा की अभेद्य सुरक्षा के लिए कुल 7 स्तर की बैरिकेडिंग की गई थी. लेकिन आक्रोशित छात्रों के हुजूम के आगे सुरक्षा घेरा टिक न सका. एक-एक कर प्रदर्शनकारियों ने 6 बैरिकेड्स ध्वस्त कर दिए. जैसे ही छात्र सातवें और आखिरी सुरक्षा घेरे के पास पहुंचे, पुलिस ने भीड़ को तीतर-बीतर करने के लिए वॉटर कैनन (पानी की बौछार) से वाटर-एक्शन शुरू कर दिया.

पुलिसिया एक्शन पर भारी पड़ा जश्न का मिजाज

पानी की तेज धार जहां किसी को भी पीछे धकेल सकती थी, वहीं छात्रों पर इसका उलटा ही असर देखने को मिला. बौछारों के बीच भागने या डरने के बजाय छात्र वहीं सड़क पर झूमने लगे और जमकर डांस करने लगे. पानी से भीगते हुए युवा जोर-जोर से चिल्लाने लगे- "और चलाओ, और चलाओ!" पुलिस की कार्रवाई के बीच छात्रों के इस बेखौफ और अनूठे अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. 

बिहार के NEET प्रदर्शन से जुड़ रहे तार

रांची में दिखा यह नजारा लोगों को बिहार में नीट (NEET) धांधली के खिलाफ हुए छात्र आंदोलन की याद दिला रहा है. पटना में भी जब पुलिस ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर वॉटर कैनन चलाया था, तब भी युवाओं का हौसला टूटने के बजाय ठीक इसी तरह पानी की बौछारों में बदल गया था. छात्रों का यह अंदाज साफ बयां कर रहा है कि अपने हक और भविष्य की लड़ाई में वे अब किसी भी पुलिसिया दबाव के आगे झुकने को तैयार नहीं हैं.

ये भी पढ़ें: Ranchi Student March Live Updates: प्रदर्शनकारियों ने 7 में 6 बैरिकेडिंग पार किए