शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के बाद आज यानी सोमवार को धर्मेंद्र प्रधान का पहला रिएक्शन सामने आया है. धर्मेंद्र प्रधान ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश की एक बात पर रिएक्शन देते हुए साफ कहा है कि, आई एम ए स्ट्रीट फाइटर, नॉट एन एसी रूम ऐक्टिविस्ट. उनके इस बयान के बाद एक बार फिर साफ हो गया है कि बीजेपी उनके साथ खड़ी है और इसकी झलक आज संसद के मकरद्वार पर देखने को मिली. दरअसल, जैसे ही धर्मेंद्र प्रधान आज संसद पहुंचे तो NDA सांसदों ने उन्हें पाग पहनाया और काफी गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए संसद की ओर ले गए. आइए विस्तार से जानते हैं आखिर जयराम रमेश के किस बात पर धर्मेंद्र प्रधान ने दिया जवाब और अब आगे क्या-कुछ हो सकता है.
ADVERTISEMENT
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- 'नथिंग हैपन्ड'
इस्तीफे के बाद आज धर्मेंद्र प्रधान संसद पहुंचे थे. इसी दौरान संसद भवन के गलियारों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने उनसे सहानुभूति प्रकट करने पहुंचे. इस दौरान जयराम रमेश ने इंग्लिश में कहा कि, 'इट हैपन्स'. इस पर धर्मेंद्र प्रधान ने तुरंत जवाब देते हुए साफ शब्दों में कहा कि, 'नथिंग हैपन्ड'. प्रधान यहीं रुके और उन्होंने जयराम रमेश ने आगे कहा कि,'आई एम ए स्ट्रीट फाइटर. नॉट एन एसी रूम ऐक्टिविस्ट'. धर्मेंद्र प्रधान का इस तरह कांग्रेस के नेता को जवाब देना फिलहाल चर्चा का विषय बना हुआ और साथ ही यह भी दिखाता है कि उनके हौसले अभी भी बुलंद है.
इस्तीफे के बाद पार्टी ने नहीं छोड़ा अकेले!
गौरतलब है कि धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को इस्तीफा तो दे दिया, लेकिन पार्टी का साथ उन्हें लगातार मिल रहा है. इस्तीफे के बाद खुद देश के गृहमंत्री अमित शाह, पीयूष गोयल, जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह, निर्मला सीतारमण, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता सहित कई वरिष्ठ नेता उनसे मिलने पहुंचे थे. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और नितिन नबीन ने उनके कार्यकाल में शिक्षा में किए गए सुधारों का पुरजोर समर्थन भी किया था. भाजपा नेताओं का मानना है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा उनकी घटती साख का संकेत नहीं, बल्कि 'राजनीतिक जवाबदेही', त्याग और 'राष्ट्र हित' का सबसे बड़ा उदाहरण है.
धर्मेंद्र प्रधान ने जिताए कई चुनाव!
धर्मेंद्र प्रधान ओडिशा बीजेपी के ताकतवर नेता होने के साथ-साथ केंद्र की राजनीति में भी बड़ी-बड़ी जिम्मेदारियां निभाई है. हाल में ही पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट पर शुभेंदु अधिकारी के जीत के सूत्रधार बने. वहीं नवंबर 2025 में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में प्रभारी रहे हैं, जहां बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन किया.
2024 के लोकसभा चुनाव में जब बीजेपी को झटका लगा था, लेकिन उसके तुरंत बाद हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में धर्मेंद्र प्रधान के नेतृत्व में बीजेपी ने हैट्रिक लगाया था. इसके अलावा वे उत्तर प्रदेश, एमपी, उत्तराखंड, कर्नाटक जैसे कई राज्यों में प्रभारी के तौर पर पार्टी की जीत में भूमिका निभा चुके हैं.
अब आगे क्या?
धर्मेंद्र प्रधान ने जिस तरह आज कांग्रेस नेता को जवाब दिया है, इससे यह कहा जा रहा है कि वे अगली जिम्मेदारी संभालने के लिए पूरी तरह तैयार है. माना जा रहा है कि जल्द ही पार्टी उन्हें संगठन में कोई जिम्मेदारी दे सकती है या फिर आने वाले पांच राज्यों के चुनाव में एक बार फिर पार्टी की कमान संभाल सकते हैं. आपको बता दें कि 2022 में यूपी विधानसभा चुनाव में चुनाव प्रभारी रह चुके है.
ADVERTISEMENT


