राहुल-खरगे से लेकर ममता-पवार तक, परिसीमन बिल के खिलाफ विपक्ष ने तेज की घेराबंदी, चेन्नई और मुंबई में जुटेंगे दिग्गज

29 Nov 2026 (अपडेटेड: Nov 29 2026 12:38 PM)

Delimitation Bill news: संसद में परिसीमन बिल पेश होने से ठीक एक दिन पहले विपक्षी गठबंधन ने बड़ा सियासी दांव चला है. दिल्ली से दो खास विमानों में सवार होकर दिग्गज नेता चेन्नई और मुंबई के लिए रवाना हुए हैं. उधर राहुल गांधी की अपील पर डीएमके ने बड़ा बयान दिया है.

परिसीमन बिल के खिलाफ विपक्ष की बड़ी रणनीति
परिसीमन बिल के खिलाफ विपक्ष की बड़ी रणनीति
Google CTA

Delimitation Bill news: संसद में परिसीमन बिल पेश होने में अब केवल एक दिन का समय बचा है. इस बिल को रोकने के लिए कांग्रेस और पूरा विपक्षी गठबंधन बेहद आक्रामक मोड में आ गया है. सूत्रों के अनुसार दिल्ली से इंडिया ब्लॉक के बड़े नेताओं को लेकर दो विमान रवाना हुए हैं. इन नेताओं का मकसद इस बिल के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करना है. विपक्षी खेमे के सूत्रों का कहना है कि यह बिल देश को स्थायी नुकसान पहुंचाएगा और इसे हर हाल में रोकना होगा.

Read more!

दो खास विमानों में सवार होकर निकले विपक्ष के दिग्गज नेता

जानकारी के मुताबिक पहले विमान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी सवार हैं. उनके साथ ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी और मीसा भारती भी मौजूद हैं. इस विमान में आरजेडी के फ्लोर लीडर, समाजवादी पार्टी के दो सांसद, कपिल सिब्बल और सीपीएम महासचिव एम बेबी भी गए हैं. वहीं दूसरे विमान में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ  कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और रेवंत रेड्डी रवाना हुए हैं.

चेन्नई में स्टालिन और मुंबई में पवार व ठाकरे से होगी मुलाकात

विपक्षी गठबंधन की यह पूरी रणनीति कल हुई बैठक में तैयार की गई थी. नेताओं ने तय किया था कि इस योजना को सुबह तक पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा. अब पहला विमान सीधे चेन्नई जा रहा है जहां दोपहर में नेता एमके स्टालिन से मुलाकात करेंगे. चेन्नई की बैठक के बाद ये विमान मुंबई जाएंगे जहां नेताओं की मुलाकात शरद पवार से होगी. मुंबई में होने वाली इस अहम बैठक में उद्धव ठाकरे भी इन नेताओं के साथ शामिल होंगे. उधर अखिलेश यादव ने भी अपने सांसदों के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी कर दिया है.

राहुल गांधी ने सीटें बढ़ने पर जताई लोकतंत्र खत्म होने की चिंता

चेन्नई रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया. उन्होंने लिखा कि वह और इंडिया ब्लॉक के वरिष्ठ नेता एमके स्टालिन से मिलने चेन्नई जा रहे हैं. राहुल ने कहा कि वह स्टालिन और डीएमके से परिसीमन संविधान संशोधन बिल का विरोध करने का अनुरोध करेंगे. उन्होंने दावा किया कि सीटों की संख्या 850 करने से भारत में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा. उनके मुताबिक इससे बीजेपी और आरएसएस को अपने फायदे के लिए देश का चुनावी नक्शा बदलने की असीमित जगह मिल जाएगी. राहुल ने स्टालिन को भाई बताते हुए कहा कि वह हमेशा तमिल विरोधी ताकतों के खिलाफ चट्टान की तरह खड़े रहे हैं.

स्टालिन का पलटवार, कहा इतिहास हमें कट्टाबोम्मन के रूप में याद रखेगा

राहुल गांधी के इस पोस्ट पर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और DMK प्रमुख एम.के. एमके स्टालिन ने भी तुरंत जवाब दिया. स्टालिन ने संविधान और राज्यों के अधिकारों की रक्षा में डीएमके की भूमिका को स्वीकार करने के लिए राहुल का आभार जताया. उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी ने हमेशा तमिलनाडु और तमिल लोगों के हितों को सबसे ऊपर रखकर फैसले लिए हैं. स्टालिन ने लिखा कि वह इस रास्ते से कोई समझौता नहीं करेंगे. उन्होंने भरोसा जताया कि इतिहास उन्हें कट्टाबोम्मन के रूप में आंकेगा न कि एट्टप्पन के रूप में.

डीएमके प्रवक्ता के बयान ने बढ़ाया सियासी सस्पेंस

इन मुलाकातों और बयानों के बीच डीएमके प्रवक्ता की प्रतिक्रिया ने नया मोड़ ला दिया है. प्रवक्ता ने राहुल गांधी का चेन्नई में स्वागत करते हुए कहा कि उन्होंने राहुल से बड़ी उम्मीदें लगाई थीं. उन्होंने याद दिलाया कि जब उनके नेता ने राहुल को छोटा भाई कहा था तो वह सभी के भाई बन गए थे. डीएमके प्रवक्ता ने कहा कि उनकी पार्टी तमिलों का कल्याण सबसे ऊपर रखती है और उनके नेता वही करेंगे जो राज्य के लिए सबसे अच्छा होगा. हालांकि अपने बयान में उन्होंने यह भी कहा कि अब पुरानी बातों को याद ही किया जा सकता है और शायद अब बहुत देर हो चुकी है.

यह भी पढ़ें: परिसीमन की चर्चा के बीच लोकसभा में बदली सीटिंग व्यवस्था, DMK को कांग्रेस से किया अलग, सुप्रिया सुले की सीटें भी बदलीं