कर्नाटक की सियासत से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. आधिकारिक तौर पर भले ही कांग्रेस पार्टी यह दावा कर रही हो कि राज्य के नेतृत्व में कोई बदलाव नहीं होने जा रहा है और दिल्ली में हुई बैठक केवल आगामी राज्यसभा चुनावों के मद्देनजर सीमित है, लेकिन कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों ने एक बड़ा और विस्फोटक दावा किया है.
ADVERTISEMENT
सिद्धारमैया को CM पद छोड़ने को कहा गया- सूत्र
कांग्रेस के शीर्ष सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पार्टी हाईकमान ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से मुख्यमंत्री पद छोड़ने को कहा है. सूत्रों का दावा है कि कर्नाटक कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान को खत्म करने और भविष्य की रणनीति को देखते हुए यह बेहद कड़ा कदम उठाया जा रहा है.
राज्यसभा के रास्ते दिल्ली में बड़ी भूमिका का ऑफर
अंदरूनी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस हाईकमान ने सिद्धारमैया के सामने सम्मानजनक विदाई का एक बड़ा फॉर्मूला रखा है. हाईकमान ने उनसे कहा है कि वे कर्नाटक के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ें और राज्यसभा के रास्ते देश की राजधानी दिल्ली का रुख करें. पार्टी आलाकमान उन्हें राष्ट्रीय राजनीति में एक बहुत बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने के पक्ष में है. सूत्रों का यह भी कहना है कि आलाकमान ने सिद्धारमैया को पूरी तरह आश्वस्त किया है कि इस बदलाव के बाद उनके समर्थकों और उनके बाकी सभी राजनीतिक हितों व चिंताओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा.
सिद्धारमैया और हाईकमान के बीच गतिरोध बरकरार
हालांकि, इस पूरे फॉर्मूले और हाईकमान के इस रुख के बावजूद मामला अभी पूरी तरह सुलझा नहीं है. बताया जा रहा है कि इस मामले पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कांग्रेस आलाकमान के बीच अभी भी गंभीर गतिरोध बना हुआ है. सिद्धारमैया इस वक्त इतनी आसानी से मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने और दिल्ली जाने के मूड में नहीं दिख रहे हैं. अब देखना बेहद दिलचस्प होगा कि कर्नाटक का यह बड़ा सियासी नाटक क्या मोड़ लेता है और क्या सिद्धारमैया हाईकमान के इस बड़े ऑफर को स्वीकार करते हैं या फिर गतिरोध और गहराता है.
गौरतलब है कि कर्नाटक में CM पद को लेकर चल रही अटकलों के बीच, पार्टी की एक बैठक के बाद, कांग्रेस महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, "...पूरी चर्चा सिर्फ़ आने वाले राज्यसभा चुनावों और कर्नाटक के काउंसिल चुनावों पर केंद्रित थी. आप लोग जो भी अटकलें लगा रहे हैं, वे महज़ अटकलें हैं; उनमें कोई सच्चाई नहीं है..."
वेणुगोपाल ने बताया- मीटिंग में क्या बातें हुईं ?
"आज, हमने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्ष के नेता राहुल गांधी के साथ एक विस्तृत बैठक की. CM सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार, कर्नाटक के प्रभारी महासचिव और मैं इस चर्चा का हिस्सा थे. पूरी चर्चा सिर्फ़ आने वाले राज्यसभा चुनावों और कर्नाटक के काउंसिल चुनावों पर केंद्रित थी. आप लोग जो भी अटकलें लगा रहे हैं, वे महज़ अटकलें हैं; उनमें कोई सच्चाई नहीं है... कर्नाटक की राज्यसभा और काउंसिल सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा, दूसरे राज्यों की सीटों के साथ ही की जाएगी... आज हमने बस यही फ़ैसला किया है, और कुछ नहीं."
ADVERTISEMENT


