राहुल गांधी के खास माने जाने वाले पूर्व सांसद मधु गौड़ यासकी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, जानें कौन हैं नए AIPC बॉस!

न्यूज तक डेस्क

• 07:45 PM • 10 Sep 2026

Madhu Goud Yaskhi News: कांग्रेस ने ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (AIPC) में बड़ा बदलाव करते हुए पूर्व लोकसभा सांसद मधु गौड़ यासकी को नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है. राहुल गांधी की पहल पर 2017 में बनी AIPC में वह प्रवीण चक्रवर्ती की जगह लेंगे. तेलंगाना से आने वाले मधु गौड़ यासकी 2004 और 2009 में निजामाबाद से कांग्रेस सांसद रह चुके हैं. जानिए नए AIPC चेयरपर्सन की पूरी कहानी और संगठन की भूमिका.

Madhu Goud Yaskhi News
Madhu Goud Yaskhi News
Google CTA

कांग्रेस पार्टी ने अपनी महत्वपूर्ण इकाई ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (AIPC) में एक बड़ा बदलाव किया है. पार्टी ने सीनियर नेता और पूर्व सांसद मधु गौड़ यासकी को एआईपीसी का नया चेयरपर्सन नियुक्त किया है. पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस रिलीज के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है. इस पद पर वह प्रवीण चक्रवर्ती की जगह लेंगे, जिन्हें अब पार्टी ने अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों और भूमिकाओं के तहत आगे बढ़ाया है.

Read more!

कौन हैं नए AIPC बॉस मधु गौड़ यासकी?

मधु गौड़ यासकी मूल रूप से तेलंगाना के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व लोकसभा सांसद हैं. वह साल 2004 और 2009 में निजामाबाद लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर संसद पहुंच चुके हैं. शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो उन्होंने साल 1982 में हैदराबाद के निजाम कॉलेज से आर्ट्स में ग्रेजुएशन किया, इसके बाद 1985 में दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी और 1989 में हैदराबाद के पीजी कॉलेज ऑफ लॉ से एलएलएम की डिग्री हासिल की. वह अमेरिका में एक वकील और न्यूयॉर्क में अटॉर्नी जनरल के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं, और भारत लौटकर सक्रिय राजनीति में उतरे.

अमेरिका से भारत लौटने की प्रेरणा

मधु गौड़ यासकी के भारत लौटने के पीछे एक खास वाकया जुड़ा हुआ है. अमेरिका में रहने के दौरान जब उन्होंने फसल खराब होने और भारी कर्ज के कारण किसानों द्वारा आत्महत्या किए जाने की दुखद खबरें सुनीं, तो वह बेहद प्रभावित हुए और देश सेवा के लिए भारत लौट आए. इसके अलावा उन्होंने इंटरनेशनल लीगल एंड ट्रेड कंसल्टेंसी की स्थापना की, जो भारतीय मूल के लोगों को कानूनी मदद मुहैया कराती है. तेलंगाना की राजनीति में उन्हें एक मजबूत संगठनात्मक नेता माना जाता है, जो मीडिया और राजनीतिक संवाद में सक्रिय भूमिका निभाते हैं.

क्या है AIPC और इसका उद्देश्य?

ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस (AIPC) की स्थापना साल 2017 में राहुल गांधी की पहल पर की गई थी. इस इकाई का मुख्य उद्देश्य उन प्रोफेशनल्स और एक्सपर्ट्स के साथ पार्टी के जुड़ाव को मजबूत करना है, जो राजनीति और राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहते हैं लेकिन पारंपरिक राजनीतिक ढांचे से सीधे जुड़े नहीं हैं. इस इकाई के पहले अध्यक्ष शशि थरूर रहे थे, जिसके बाद नवंबर 2023 में यह जिम्मेदारी प्रवीण चक्रवर्ती को सौंपी गई थी, और अब इस श्रृंखला में मधु गौड़ यासकी तीसरे चेयरपर्सन बने हैं.

Charchit Chehra: कौन हैं प्रियंका जारकीहोली, जिनकी राहुल गांधी की टीम में हुई डायरेक्ट लैंडिंग? जानिए उनकी पूरी कहानी