पश्चिम बंगाल की राजनीतिक गलियारों में ममता बनर्जी को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री और TMC अध्यक्ष ने सोमवार को अपने राजनीतिक संन्यास को लेकर एक बड़ा ऐलान कर दिया है. एक फेसबुक लाइव के दौरान उन्होंने साफ कहा है कि, जब तक BJP को हाशिए पर धकेल नहीं देती है, तब तक वह राजनीति से संन्यास नहीं लेंगी. साथ ही ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज बीजेपी पर भी जमकर निशाना साधा है. आइए विस्तार से जानते हैं पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
लोगों ने पहचान लिया बीजेपी का असली चेहरा?
ममता बनर्जी ने कहा कि, चार महीने के भीतर ही पश्चिम बंगाल के लोगों ने बीजेपी के असली चेहरे को पहचान लिया है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता बदलने के बाद वहां के लोगों को डराया-धमकाया भी जा रहा है. TMC अध्यक्ष ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि, बीजेपी के लोग मुझे मीटिंग/बैठक करने से रोक रहे है. लेकिन जिन लोगों को लगता है कि मैं जगह नहीं मिलने से परेशान होकर संन्यास ले लूंगी वह गलत सोच रहे हैं. हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक बीजेपी खुद संन्यास लेने को मजबूर ना हो जाएं.
पुलिसकर्मियों पर भी लगाया बड़ा आरोप
इसी लाइव के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए है. उन्होंने कहा कि, पुलिस टीएमसी कार्यकर्ताओं के खिलाफ लगातार मामले दर्ज कर रही है, वहीं एसपी बीजेपी के जिला अध्यक्ष और IC(Inspector In-Charge) बीजेपी के ब्लॉक अध्यक्ष की तरह काम कर रहे हैं. ममता बनर्जी ने कहा कि, 12 हजार के 14 हजार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. वहीं कुछ गद्दारों और लुटेरों की मदद से लोगों पर बीजेपी में शामिल होने का दबाव बनाया जा रहा है.
जाधवपुर विवाद पर भी बीजेपी को घेरा
ममता बनर्जी यहीं नहीं रुकी. उन्होंने जाधवपुर यूनिवर्सिटी में ABVP और लेफ्ट विंग के छात्रों के बीच हुए झड़प को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, बीजेपी ने ही जाधवपुर यूनिवर्सिटी में हंगामा खड़ा किया. जिसके बाद JU के प्रतीक चिह्न को रौंदा और नष्ट किया गया. उन्होंने आगे कहा कि, भले ही जाधवपुर के स्टूडेंट और मेरे विचार अलग हो, लेकिन मैं उनका सम्मान करती हूं.
जनगणना और SIR पर भी उठाया सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने जनगणना की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि, बीजेपी इसके जरिए चुपचाप NRC लागू करने की कोशिश कर रही है और इसके लिए किसी भी दूसरे दल से कोई राय-मशवरा नहीं किया गया है. उन्होंने आगे कहा कि, जनगणना शुरू हो चुकी है और लोगों से सभी जानकारी मांगी जा रही है. लेकिन इसकी क्या गारंटी है कि लोगों की यह जानकारी किसी दूसरे काम में उपयोग नहीं किया जाएगा. इसलिए लोगों को अपनी जानकारी देने और जनगणना फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए.
ममता बनर्जी ने SIR पर आरोप लगाते हुए कहा कि, इस प्रक्रिया के दौरान लाखों वैध लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए. लेकिन अब अगर जरूरत पड़ेगी तो लोगों का नाम जुड़वाने के लिए तो मैं खुद सुप्रीम कोर्ट तक जाऊंगी.
सीएम सुवेंदु अधिकारी पर साधा निशाना
TMC अध्यक्ष ने कहा कि, यह बीजेपी का हनीमून पीरियड नहीं बल्कि मनी-मून पीरियड चल रहा है. आगे उन्होंने सीएम सुवेंदु अधिकारी पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'आपने बुलडोजर की राजनीति शुरू कर दी है. क्या फेरीवाले भूखे मरें? आप सभी को एकतरफा नोटिस दे रहे हैं और उन्हें जाने का आदेश दे रहे हैं. जब वे आपसे जाने को कहेंगे तब आप क्या करेंगे?'
ADVERTISEMENT


