नंदीग्राम उपचुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका, BJP कैंडिडेट हसिरानी रथ की उम्मीदवारी पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने सुनाया फैसला

अनुपम मिश्रा

29 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 29 2026 1:18 PM)

Nandigram Bypoll Update: पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम उपचुनाव से पहले BJP उम्मीदवार हसिरानी रथ के चुनावी हलफनामे को लेकर चल रहे विवाद पर कलकत्ता हाई कोर्ट ने 29 सितंबर को फैसला सुनाया. कोर्ट ने हसिरानी रथ की उम्मीदवारी को चुनौती देने वाली कांग्रेस की याचिका खारिज कर दी. कांग्रेस ने उनके हलफनामे में उम्र और शैक्षणिक योग्यता से जुड़े विवरण पर सवाल उठाते हुए उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की थी.

Nandigram bypoll 2026
Nandigram bypoll 2026
Google CTA

पश्चिम बंगाल की दो सीटों रेजीनगर और नंदीग्राम पर उपचुनाव होने है. इसे लेकर राज्य का सियासी पारा काफी गरमाया हुआ है और हलचल भी तेज है. इसी बीच नंदीग्राम से BJP उम्मीदवार हसिरानी रथ को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. आज यानी 29 सितंबर को कलकत्ता हाई कोर्ट में कांग्रेस की उस याचिका पर सुनवाई हुई, जिसमें उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार हसिरानी रथ की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की थी. सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने इस याचिका को खारिज कर दिया है और उपचुनाव से पहले इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.

Read more!

कांग्रेस ने की थी उम्मीदवारी रद्द करने की मांग

नंदीग्राम उपचुनाव के ऐलान के बाद से ही इस सीट की लगातार चर्चा बनी हुई है. इसी बीच कांग्रेस ने एक याचिका दाखिल कर BJP उम्मीदवार हसिरानी रथ के जन्म प्रमाण पत्र और शैक्षणिक दस्तावेजों में गड़बड़ी का आरोप लगाया था. मिली जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस ने याचिका में आरोप लगाया था कि हसिरानी रथ ने अपने हलफनामे(Affadavit) में अपनी जन्मतिथि(Date of Birth) सही नहीं दिया और साथ ही 1965 में दसवीं पास करने की बात कही थी. लेकिन अब हाई कोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी है जिसके बाद साफ हो गया है कि हसिरानी रथ अब नंदीग्राम उपचुनाव लड़ पाएंगी.

हसिरानी रथ के हलफनामे में क्या-कुछ लिखा है?

कांग्रेस ने हसिरानी रथ के हलफनामे पर कई सवाल उठाए थे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हसिरानी रथ ने अपने हलफनामे में जन्मतिथि नहीं बताई है. साथ ही उन्होंने उम्र वाले कॉलम में '60 साल से ऊपर' लिखा है. वहीं पढ़ाई वाले सेक्शन में लिखा है कि, साल 1965 में उन्होंने चौखाली गंगा पद्मा मिलन कन्या विद्यापीठ (एचएस) से दसवीं पास की है.

इसे लेकर ही कांग्रेस ने सवाल उठाया था कि अगर 2026 में उनकी उम्र 60 साल से कुछ ज्यादा है, तो उनका जन्म 1966 के आसपास हुआ होगा, यानी दसवीं पास करने के एक साल बाद. वहीं अगर सामान्य तौर पर दसवीं पास करते-करते किसी की भी उम्र 14 से 16 साल हो जाती है, तो 1965 के आधार पर उनका जन्म 1949-1951 के बीच होना चाहिए. इसके बाद उनकी उम्र 75 साल होती है. इसी आधार पर कांग्रेस ने चुनाव आयोग में जांच की मांग की थी और हाई कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था. इस मामले में आज जस्टिस कृष्णा राव ने सभी पक्षों की दलील सुनने के बाद कांग्रेस की याचिका खारिज कर दी.

नंदीग्राम सीट पर बीजेपी-कांग्रेस के बीच लड़ाई

बीजेपी ने नंदीग्राम सीट से जिस हसिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है, वह सीएम शुभेंदु अधिकारी के PA रह चुके चंद्रनाथ रथ की मां है. चुनाव परिणाम आने के दूसरे ही दिन चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी थी. अब उन्हें बीजेपी ने मैदान में उतारा है, जिसे की राज्य की राजनीति में मास्टरस्ट्रोक माना जा रहा है.

वहीं कांग्रेस ने यहां से मिलन प्रधान को उम्मीदवार बनाया है, जिसे ममता बनर्जी ने भी समर्थन दिया है. बता दें कि आगामी 6 अक्टूबर को नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव के लिए वोटिंग होगी और 9 अक्टूबर को मतगणना के बाद परिणाम सामने आएंगे.

पश्चिम बंगाल उपचुनाव में बीजेपी का मास्टरस्ट्रोक, नंदीग्राम सीट से चंद्रनाथ रथ की मां को बनाया उम्मीदवार