'ये उम्मीद नहीं थी कि वे ऐसा बोलेंगे...' राहुल गांधी के साथ मंच पर वायरल हुईं नेहा सिंह राठौड़ उन्हें लेकर क्या बोलीं ?

निधि तनेजा

24 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 24 2026 2:44 PM)

पुणे में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में पहुंची लोकगायिका नेहा सिंह राठौड़ ने न्यूज तक को दिए खास इंटरव्यू में ट्रोलिंग, नए एफआईआर और अपनी सियासी एंट्री की चर्चाओं पर बेबाक जवाब दिए.

NewsTak
नेहा सिंह राठौड़ ने न्यूज तक को दिए खास इंटरव्यू में ट्रोलिंग, नए एफआईआर और अपनी सियासी एंट्री की चर्चाओं पर की बात.
Google CTA

लोकगायिका नेहा सिंह राठौड़ एक बार फिर चर्चा में हैं. हाल ही में पुणे में आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के मंच पर नेहा सिंह राठौड़ की मौजूदगी और उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस कार्यक्रम के बाद न्यूज तक (News Tak) को दिए एक विशेष साक्षात्कार में उन्होंने ट्रोलिंग, एआई (AI) और डीपफेक के जरिए चरित्र हनन, अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों और राजनीति में शामिल होने की अटकलों के अलावा मंच पर राहुल गांधी के रिएक्शन को लेकर खुलकर बात की. 

Read more!

"5 साल से मिल रही गालियां, पर मैं नहीं डरने वाली" 

मंच से दिए अपने वायरल बयान- "मुझे 5 साल से गालियां दी जा रही हैं, लेकिन मैं सुधरने वाली नहीं हूं" पर नेहा ने कहा कि सत्तापक्ष का आईटी सेल गंदी गालियों और फर्जी तस्वीरों के जरिए उन्हें डराने की कोशिश करता है.  उन्होंने कहा- 

"जब भी मैं रोजगार, पेपर लीक, वोट चोरी या जनहित के मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछती हूं, तो बदले में मुझे भद्दी गालियां दी जाती हैं. अब तो AI और डीपफेक के जरिए फर्जी तस्वीरें और वीडियो बनाए जा रहे हैं ताकि एक महिला होने के नाते मैं डर जाऊं, लेकिन मैं साफ कह देना चाहती हूं कि मैं डरने या चुप होने वाली नहीं हूं.''

राहुल गांधी के जवाब को नेहा ने 'अनएक्स्पेक्टेड' बताया

राहुल गांधी द्वारा मंच पर दिए गए समर्थन को नेहा ने 'अनएक्स्पेक्टेड' (अप्रत्याशित) बताया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ भी सालों से इसी तरह का नैरेटिव गढ़ने की कोशिश की गई है. 

एआई (AI) और साइबर अपराध के खतरे पर बात करते हुए उन्होंने चिंता जताई कि डिजिटल दुनिया से अनजान ग्रामीण महिलाओं को फर्जी तस्वीरों और डीपफेक के जरिए भ्रमित करना आसान होता है, जो एक बड़ा नुकसान पहुंचा रहा है. नेहा ने कहा कि वे ग्रामीण महिलाओं के बीच एआई से फैली अफवाहों के प्रति जागरूकता फैलाने का काम करेंगी.

ध्यान देने वाली बात है कि जब नेहा सिंह राठौड़ ने मंच पर जाकर कहा-  मेरा नाम नेहा सिंह राठौड़ है. मैं भोजपुरी में लिखती और गाती हूं. मैं सरकार से उन तमाम मुद्दों पर सवाल पूछ लेती हूं जो सरकार को पसंद नहीं आते हैं. बदले में मुझे ढेर सारी गालियां और एफआईआर झेलने पड़ते हैं. ये किस बात की इज्जत है भई महिलाओं की. डेमोक्रेसी में हम अपने प्रधानमंत्री से सवाल नहीं पूछ सकते हैं तो ये किस बात की इज्जत है. पुरूषों की ट्रोलिंग बहुत अलग तरीके से होती है और महिलाओं की ट्रोलिंग बहुत अलग तरीके से होती है. मैं उनसे कह देना चाहती हूं कि वो कितनी भी गालियां दें मैं सुधरने वाली नहीं हूं.'' इसपर राहुल गांधी बोले- 'मैं भी...सालों से गालियां दे रहे हैं पर मैं सुधरने वाला नहीं हूं.'

पुणे आने से ठीक पहले नई FIR की जानकारी मिली 

छत्तीसगढ़ में दर्ज हुए एक नए मामले का जिक्र करते हुए नेहा सिंह राठौड़ ने बताया कि जब वे इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पैकिंग कर रही थीं, तब उन्हें सूचना मिली कि तिरंगे से जुड़े एक एक्स (ट्विटर) पोस्ट के कारण उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ में एक और एफआईआर दर्ज कर दी गई है. उन्होंने कहा कि एक पीड़िता के तौर पर वे अपना दर्द और अनुभव साझा करने इस महिला-केंद्रित मंच पर आई थीं. 

क्या राजनीति में कदम रखेंगी नेहा? 

राहुल गांधी के मंच पर दिखने के बाद से ही उनके चुनाव लड़ने और पार्टी जॉइन करने की खबरें तैरने लगी थीं. इस पर विराम लगाते हुए नेहा ने साफ कहा-  

"जब भी मैं किसी मंच पर दिखती हूं, लोग ठप्पा लगाने लगते हैं. यूपी चुनाव के समय भी कहा गया कि मैं समाजवादी पार्टी जॉइन कर रही हूं. अगर मुझे चुनाव लड़ना होगा या राजनीति में जाना होगा, तो मैं खुलकर बताकर करूंगी, छुप-छुपकर कोई काम नहीं करूंगी." 

मंच पर गुनगुनाए तंज भरे गीत 

इंटरव्यू के दौरान नेहा सिंह राठौड़ ने अपने अंदाज़ में तीखे राजनीतिक तंज कसते हुए पंक्तियां भी गुनगुनाईं-  

"अरे औरत पे जोर दिखावे, ये कैसा मर्दाना... साहब छोड़ दो ना बेटी-बहूओं को धमकाना" 

"ओ तुम सा कोई झूठा और बेईमान नहीं है, किसी एक की बपौती हिंदुस्तान नहीं है..." 

अंबेडकर नगर से चुनाव लड़ेंगी नेहा सिंह राठौर? राहुल गांधी के कार्यक्रम में इशारों इशारों क्या दिया संदेश