लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों महाराष्ट्र की राजनीति में काफी सक्रिय नजर आ रहे हैं. पुणे में छात्रों के कार्यक्रम के बाद अब राहुल गांधी महाराष्ट्र के नासिक पहुंचे हैं. नासिक में पिछले आठ दिनों से कांग्रेस पार्टी के जिला अध्यक्षों का प्रशिक्षण कार्यक्रम (ट्रेनिंग प्रोग्राम) चल रहा था, जिसके समापन समारोह में हिस्सा लेने के लिए राहुल गांधी यहां आए हैं. एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका स्वागत किया. इसके बाद राहुल गांधी राज्य के विभिन्न जिलों से आए कांग्रेस के जिला अध्यक्षों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करने वाले हैं.
ADVERTISEMENT
संगठन सृजन अभियान के तहत हो रहा प्रशिक्षण शिविर
कांग्रेस पार्टी इन दिनों संगठन को मजबूत करने के लिए 'संगठन सृजन अभियान' चला रही है. इसी अभियान के तहत नासिक में 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया था, जिसका आज समापन हो रहा है. इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जिला अध्यक्षों को आने वाले दिनों में संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को आम जनता से जोड़ने का प्रशिक्षण देना है. पार्टी का मकसद है कि केंद्र और राज्य सरकार को जिन मुद्दों पर घेरा जा रहा है, उन्हें प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाया जाए. राहुल गांधी इस कार्यक्रम के समापन के अवसर पर कार्यकर्ताओं और जिला अध्यक्षों का हौसला बढ़ाने और उन्हें दिशा-निर्देश देने पहुंचे हैं.
आदिवासी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात और भाषण का कार्यक्रम
नासिक दौरे के दौरान राहुल गांधी का एक संबोधन भी निर्धारित है, जिसमें वे उपस्थित नेताओं व कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. इसके अलावा, राहुल गांधी नासिक में ट्राइबल ऑर्गनाइजेशन (आदिवासी संगठनों) के प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशंस) से भी मुलाकात करेंगे. इस प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करने के बाद वे शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.
राहुल गांधी का बदला अंदाज और नागपुर कार्यक्रम की चर्चा
राजनीतिक चर्चाओं के साथ-साथ इन दिनों राहुल गांधी का बदला हुआ अंदाज भी ध्यान आकर्षित कर रहा है. पुणे में कार्यक्रम के दौरान जहां वे गुलाबी और पीले रंग की शर्ट में नजर आए थे, वहीं नासिक पहुंचने पर वे नियॉन ग्रीन रंग की शर्ट में दिखाई दिए. इसके साथ ही यह भी चर्चा है कि पुणे के बाद राहुल गांधी जल्द ही नागपुर में भी 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम करने जा रहे हैं, जिसकी तैयारियां कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू कर दी गई हैं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


