Rahul Gandhi press conference: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर परिसीमन और महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 करने की आड़ में देश का चुनावी नक्शा बदलना चाहती है. राहुल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस कवायद से बिना एक भी वोट पड़े राजनीतिक फायदा उठाया जा सकता है.
ADVERTISEMENT
850 सीटें करने की जरूरत क्यों? महिला आरक्षण पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल 2023 में ही संसद से पास हो चुका है. इसे लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों पर भी लागू किया जा सकता है. ऐसे में सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की जरूरत क्या है? उन्होंने कहा कि मौजूदा सीटों पर महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण दिया जा सकता है. साथ ही उन्होंने ओबीसी महिलाओं के लिए उप-कोटे का मुद्दा भी उठाया. राहुल गांधी के मुताबिक, सरकार महिला आरक्षण के नाम पर 850 सीटें करने की बात कर रही है, जबकि असली मुद्दा परिसीमन के जरिए चुनावी क्षेत्रों की सीमाएं बदलना है. उन्होंने आरोप लगाया कि सीटों की संख्या बढ़ने से निर्वाचन क्षेत्रों के नक्शे में बड़े पैमाने पर बदलाव करने की गुंजाइश मिलेगी.
असम और जम्मू-कश्मीर का उदाहरण देकर समझाई रणनीति
राहुल गांधी ने परिसीमन के संभावित असर को समझाने के लिए असम और जम्मू-कश्मीर का उदाहरण दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं बदलकर कुछ समुदायों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व कमजोर किया जा सकता है. उनके मुताबिक, मतदाताओं को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जोड़ने या हटाने से किसी सीट का चुनावी समीकरण पूरी तरह बदल सकता है.
उन्होंने कहा कि दो-तीन लाख या पांच-छह लाख मतदाताओं को दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में शिफ्ट करने से किसी इलाके का राजनीतिक स्वरूप बदल सकता है. राहुल ने दावा किया कि असम में भी कुछ सीटों का आकार और उनका आपसी जुड़ाव इसी तरह बदला गया. उन्होंने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में 30 नवंबर और 2 दिसंबर से परिसीमन तथा महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा होनी है.
वोट चोरी का मुद्दा उठाया, 14 करोड़ मतदाताओं पर सवाल
प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव में गड़बड़ी और वोट चोरी का मुद्दा उठाया. उन्होंने अपनी पार्टी के सर्वे का हवाला देते हुए दावा किया कि 80 फीसदी भारतीय और करीब 100 फीसदी जेन-Z का मानना है कि चुनाव में गड़बड़ी हुई है.
उन्होंने 2024 के चुनाव में 14 करोड़ कथित फर्जी या अवैध मतदाताओं का मुद्दा उठाया और सवाल किया कि इतनी बड़ी संख्या में संदिग्ध मतदाता होने के बावजूद चुनाव की वैधता पर सवाल क्यों नहीं उठाए जा रहे हैं. राहुल ने पश्चिम बंगाल की 100 से ज्यादा सीटों पर गड़बड़ी का आरोप लगाया. इसके अलावा उन्होंने जम्मू-कश्मीर, बिहार, असम, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और हरियाणा में भी चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए.
परिसीमन आयोग की बनावट पर सवाल, ज्ञानेश कुमार को लेकर क्या बोले?
राहुल गांधी ने प्रस्तावित परिसीमन आयोग की संरचना पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने दावा किया कि तीन सदस्यीय आयोग में एक पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज का चयन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह करेंगे. दूसरे सदस्य मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार होंगे, जबकि तीसरे सदस्य का चयन ज्ञानेश कुमार करेंगे. राहुल ने आरोप लगाया कि इस व्यवस्था से आयोग पर सरकार का नियंत्रण हो सकता है.
उन्होंने यह भी दावा किया कि ज्ञानेश कुमार के फैसलों को अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती और उन्हें कानूनी संरक्षण मिला हुआ है. हालांकि, ये राहुल गांधी के आरोप हैं. उन्होंने कहा कि उनके पास ज्ञानेश कुमार से जुड़ी कुछ जानकारी है, जिसे वह जल्द सार्वजनिक करेंगे. राहुल ने परिसीमन आयोग को द्विदलीय बनाने, उसमें विपक्ष को प्रतिनिधित्व देने और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रखने की मांग की.
2011 की जनगणना और जाति जनगणना पर भी रखी बात
राहुल गांधी ने परिसीमन के लिए 2011 की जनगणना के आंकड़ों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि पुरानी जनगणना के आधार पर सीटों का निर्धारण करने और फिर उन्हें 40 साल तक फ्रीज रखने से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है.
उन्होंने मांग की कि परिसीमन में पुराने आंकड़ों के बजाय अद्यतन जनसंख्या आंकड़ों और जाति जनगणना के आंकड़ों को आधार बनाया जाए. राहुल के मुताबिक, इससे सभी समुदायों को उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल सकेगा और सामाजिक न्याय सुनिश्चित होगा.
गठबंधन के साथ होने का दावा, 850 सीटों पर विरोध जारी रखने की बात
विपक्षी गठबंधन के रुख पर राहुल गांधी ने कहा कि उनके सहयोगी दल उनके साथ हैं. उन्होंने जगनमोहन रेड्डी और चंद्रबाबू नायडू जैसे नेताओं का भी जिक्र किया. राहुल ने कहा कि महिला आरक्षण बिल पास होने या उनकी दूसरी चिंताओं का समाधान होने के बावजूद लोकसभा की सीटें 850 करने की जरूरत साबित नहीं होती.
उन्होंने साफ किया कि विपक्ष इस मुद्दे पर सवाल उठाता रहेगा. उनके मुताबिक, महिला आरक्षण लागू करने के लिए सीटों की संख्या बढ़ाना जरूरी नहीं है और परिसीमन की प्रक्रिया को पारदर्शी तथा निष्पक्ष बनाया जाना चाहिए.
ADVERTISEMENT


