सचिन तेंदुलकर और राहुल गांधी मुलाकात की फोटो पर बवाल, पोस्ट डिलीट-रीपोस्ट पर सियासी आरोपों की जंग छिड़ी

Sachin Tendulkar Rahul Gandhi meeting: क्रिकेट आइकन सचिन तेंदुलकर और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की मुलाकात की तस्वीर ने सियासी हलचल तेज कर दी. पोस्ट डिलीट और री-पोस्ट होने पर केरल कांग्रेस ने दबाव का आरोप लगाया, जबकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. सोशल मीडिया एंगेजमेंट और टाइमलाइन को लेकर बहस जारी है.

Sachin Tendulkar Rahul Gandhi meeting
Sachin Tendulkar Rahul Gandhi meeting

रूपक प्रियदर्शी

follow google news

Sachin photo controversy: देश के क्रिकेट आइकन भारत रत्न सचिन तेंदुलकर और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की एक तस्वीर ने सियासत के गलियारों में हलचल मचा दी है. ऐसे वक्त में जब राहुल गांधी और बीजेपी के बीच बड़ा खाई बनी हुई है, सचिन तेंडुलकर परिवार को लेकर राहुल गांधी से मिलने चले गए. सचिन के बेटे अर्जुन की शादी 5 मार्च को सानिया चंडोक के साथ होने जा रही है. राहुल गांधी को शादी का इनवाइट देने सचिन राहुल गांधी से पत्नी अंजलि, बेटी सारा, बेटे अर्जुन, होने वाली बहू सानिया को लेकर मिलने पहुंचे. सचिन ने शादी का इनवाइट राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी, अमित शाह समेत कई लोगों को मिलकर दिया और सबके बारे में एक्स पर पोस्ट भी डाला. सबसे ज्यादा चर्चा राहुल गांधी से सचिन की मुलाकात को लेकर हो रही है.

Read more!

सियासत की पिच पर जब क्रिकेट का 'भगवान' और विपक्ष का सबसे बड़ा चेहरा एक फ्रेम में आए, तो बवाल तो होना ही था. लेकिन यह विवाद मुलाकात को लेकर नहीं, बल्कि उस एक 'क्लिक' को लेकर है जिसे सोशल मीडिया से गायब कर दिया गया. सचिन तेंदुलकर ने राहुल गांधी से मुलाकात की फोटो पोस्ट की, फिर डिलीट की और फिर दोबारा पोस्ट की. अब केरल कांग्रेस ने सीधे तौर पर केंद्र के 'करीबियों' पर सचिन को धमकाने का आरोप मढ़ दिया है.

फोटो पोस्ट, डिलीट और फिर री-पोस्ट का रहस्य

इस मुलाकात से ज्यादा चर्चा अब केरल कांग्रेस के उस गंभीर आरोप की हो रही है, जिसने सीधे तौर पर सरकार और बीजेपी को निशाने पर लिया है. केरल कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर लंबा पोस्ट लिखकर दावा किया कि सचिन तेंदुलकर पर राहुल गांधी के साथ वाली अपनी पोस्ट को डिलीट करने और दोबारा पोस्ट करने का भारी दबाव डाला गया.

केरल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से तंज कसते हुए लिखा "किंग्स मेन इतने डरे हुए थे कि उन्होंने सचिन को फोटो डिलीट करने पर मजबूर कर दिया. लेकिन फिर इसे रात 12:19 बजे दोबारा पोस्ट कराया गया, ताकि जब दुनिया सो रही हो, तब राहुल गांधी की लोकप्रियता का शोर कम सुनाई दे". केरल कांग्रेस ने नहीं बताया कि कौन है King और कौन हैं The King’s men.

केरल कांग्रेस ने दावा किया कि राहुल गांधी के साथ वाली फोटो को पीएम मोदी या राष्ट्रपति मुर्मू के साथ वाली तस्वीरों के मुकाबले बहुत अधिक इंगेजमेंट, लाइक्स और शेयर मिल रहा था. केरल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इससे घबराकर 'सत्ता के करीबियों' (King's men) ने सचिन पर दबाव बनाया.

राहुल की फोटो ने पीएम और गृह मंत्री के पोस्ट को पछाड़ा?

सचिन तेंदुलकर ने राहुल गांधी से मुलाकात को लेकर दो बार पोस्ट किया था. पहला पोस्ट (रात 9:22 बजे): सचिन ने 10 फरवरी 2026 को राहुल गांधी से मुलाकात की तस्वीर रात 9:22 बजे शेयर की थी. यह पोस्ट तेजी से वायरल हुआ और दावा किया गया कि इसे कुछ ही घंटों में 6.2 लाख (627K) से अधिक व्यूज मिल गए थे. दूसरा पोस्ट (रात 12:19 बजे): पहले पोस्ट को डिलीट करने के बाद, सचिन ने वही तस्वीर दोबारा रात 12:19 बजे पोस्ट की. कांग्रेस का आरोप है कि इसे जानबूझकर आधी रात को री-पोस्ट कराया गया ताकि उस वक्त लोग सो रहे हों और इस पोस्ट को उतनी रीच (पहुंच) न मिल सके जितनी पहले मिली थी.

फोटो वायरल होने से मची भयंकर खलबली?

केरल कांग्रेस ने सचिन के ट्वीट्स की पूरी टाइमलाइन के साथ ये थ्योरी पेश की है जिसकी पुष्टि या खंडन कहीं से नहीं आया है. केरल कांग्रेस एक्स हैंडल के दावे के मुताबिक सचिन ने पीएम मोदी से मिलने की फोटो 10 फरवरी को शाम 7.13 बजे डाली. अमित शाह के साथ वाली फोटो रात 8.18 पर डाली. रात 8.48 पर द्रौपदी मुर्मू से मिलने की फोटो डाली. राहुल गांधी से मिलने वाली फोटो रात 9:22 पर डाली जो इंटरनेट पर भयंकर वायरल होने लगी. केरल कांग्रेस के दावे के मुताबिक एक्स पर 2 घंटे में 6 लाख 27 हजार व्यूज मिलने के बाद सत्ता पक्ष में भयंकर खलबली मची और किंग की ओर से सचिन पर प्रेशर डाला जाने लगा. सचिन ने दूसरा पोस्ट आधी रात को 12.19 बजे डाला जब लोग सोने लगे.

सचिन ने राहुल से मिलने वाले जो दूसरा पोस्ट डाला उसे एक्स पर दोपहर 4 बजे तक करीब डेढ मिलियन यानी करीब 15 लाख लोग देख चुके हैं. उसके बाद उन्होंने किसी से मिलने-मिलाने वाला कोई पोस्ट नहीं डाला. द्रौपदी मुर्मू और अमित शाह वाला पोस्ट करीब 5 लाख लोगों ने देखा. पीएम मोदी से मिलने वाला पोस्ट करीब एक मिलियन यानी 10 लाख लोगों ने देखा.

कांग्रेस कार्यकाल में मिला 'भारत रत्न' और राज्यसभा की कुर्सी

राहुल गांधी और गांधी परिवार, कांग्रेस से सचिन तेंडुलकर के पुराने रिश्ते रहे हैं जो बहुत अरसे के बाद कैमरे पर दिखाई दिए. सचिन तब क्रिकेट के पीक पर तब देश में यूपीए की सरकार थी. सचिन तेंडुलकर को भारत रत्न देने का फैसला मनमोहन सिंह की सरकार ने ही 2013 में किया था. ये एलान उस दिन हुआ जब सचिन तेंडुलकर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आखिरी और 200वां टेस्ट मैच खेलकर संन्यास लिया था. कांग्रेस ही थी जिसने सचिन को 2012 में 8 साल के लिए राज्यसभा का नामांकित सांसद बनवाया.

2014 के बाद पहली बार कैमरे पर साथ दिखे सचिन-राहुल

राज्यसभा से रिटायर होकर सचिन तेंदुलकर न तो राजनीति में टिके. न राजनीति में पड़े. सचिन तेंदुलकर 2004-2014 तक यूपीए सरकार के दौरान कई बार राहुल गांधी के साथ दिखे. पुरानी कई सारी ऐसी फोटो इंटरनेट पर वायरल हो रही हैं लेकिन 2014 के बाद शायद ही सचिन तेंदुलकर की राहुल गांधी जी के साथ कोई फोटो आई. मुलाकात भी पहली बार हुई जो कैमरे के साथ हुई और खुद सचिन ने मुलाकात का डंका पीटा.

सोशल मीडिया पर तारीफ और अपॉइंटमेंट को लेकर सवाल?

वैसे सोशल मीडिया पर सचिन तेंडुलकर छाए हुए हैं. कुछ कमेंट्स ऐसे भी हो रहे हैं जिसमें खूब तारीफ हो रही है राहुल गांधी से मिलने के लिए. कुछ ये सवाल उठा रहे हैं कि एक दिन कैसे सचिन को राष्ट्रपति, पीएम, गृह मंत्री और राहुल गांधी से मिलने के लिए अपॉइंटमेंट मिलता गया.

सचिन तेंदुलकर की तरफ से इस विवाद पर अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया के आंकड़ों और कांग्रेस के आरोपों ने 2026 की राजनीतिक लड़ाई को खेल के मैदान तक पहुंचा दिया है. क्या वाकई एक फोटो का 'डिलीट' होना महज तकनीकी बदलाव था या इसके पीछे कोई बड़ी कहानी है? यह सवाल अब भी हवा में है.

केरल कांग्रेस का 'बवालिया' एक्स हैंडल?

केरल कांग्रेस कांग्रेस पार्टी का ऑफिशियल हैंडल नहीं है लेकिन अक्सर उसके पोस्ट से हंगामा मचता है. कांग्रेस के प्रदेश यूनिट के अपने-अपने सोशल मीडिया हैंडल होते हैं. केरल कांग्रेस का हैंडल ही सबसे ज्यादा बवालिया है. जिसके पोस्ट में बीजेपी, पीएम मोदी पर तीखा निशाना होता है. केरल कांग्रेस का एक्स (X) हैंडल अपनी आक्रामक शैली और व्यंग्यात्मक मीम्स के लिए देशभर में चर्चित है. केरल कांग्रेस का एक्स हैंडल केरल से ज्यादा नेशनल पॉलिटिक्स पर लिखने के कारण चर्चा में रहता है. इसकी अति-सक्रियता (Over-activity) पार्टी के लिए मुसीबत भी बन चुकी है.

यह भी पढ़ें: सिर पर पल्लू रख संसद चलाने वाली कौन हैं संध्या राय जो राहुल गांधी को चुप कराकर हो गईं वायरल

    follow google news