Siddaramaiah News: कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने ऐलान किया है कि वो आगामी 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. रविवार को मंड्या जिले के के.आर. पेट. में आयोजित एक निजी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने अपनी ये इच्छा जाहिर की. हालांकि, उन्होंने कहा कि चुनावी मैदान से हटने का मतलब राजनीति से संन्यास लेना बिल्कुल नहीं है. वह जनता से जुड़े मुद्दों को आगे भी उठाते रहेंगे.
ADVERTISEMENT
इस दौरान सिद्धारमैया ने कहा कि आज की राजनीति पूरी तरह से भ्रष्ट हो चुकी है. पहले के समय में जनता उम्मीदवारों का सहयोग करती थी, लेकिन अब नेताओं को चुनाव जीतने के लिए पैसे बांटने पड़ते हैं. ईमानदारी से राजनीति करने के अवसर लगातार कम हो रहे हैं. इसी बदलते माहौल को देखते हुए उन्होंने चुनावी राजनीति से दूरी बनाने का मन बनाया है.
जानें क्यों लिया ये फैसला?
सिद्धारमैया ने अपनी उम्र और शारीरिक क्षमता को भी इस फैसले की एक बड़ी वजह बताया. उन्होंने कहा कि वह 79 वर्ष के हो चुके हैं और मौजूदा सरकार का कार्यकाल खत्म होने तक उनकी उम्र 81-82 साल हो जाएगी. अब शरीर में पहले जैसी ऊर्जा नहीं रही. उन्होंने याद दिलाया कि 2028 तक उनके राजनीतिक जीवन के 50 साल पूरे हो जाएंगे. उनकी यह यात्रा साल 1978 में एक तालुके बोर्ड सदस्य के रूप में शुरू हुई थी.
वरुणा क्षेत्र की जनता का था ये दबाव
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि वरुणा विधानसभा क्षेत्र के मतदाता उन्हें एक बार फिर से चुनावी मैदान में देखना चाहते थे. समर्थकों और स्थानीय लोगों की तरफ से चुनाव लड़ने का काफी दबाव था. इसके बावजूद उन्होंने भविष्य में कोई भी चुनाव न लड़ने का कठिन निर्णय लिया. उन्होंने दोहराया कि उनका पूरा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित है और वह आगे भी लोगों के सुख-दुख की आवाज बनते रहेंगे.
हाल ही में छोड़ा था मुख्यमंत्री का पद
उल्लेखनीय है कि सिद्धारमैया ने 28 मई 2026 को मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा दे दिया था, जिसे अगले ही दिन 29 मई को राज्यपाल द्वारा मंजूर कर लिया गया था. इसके बाद डी. के. शिवकुमार ने राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में कमान संभाली थी. अब चुनाव से पीछे हटने का उनका यह नया कदम उनके दशकों लंबे राजनीतिक करियर का एक बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है.
ADVERTISEMENT


