सोफिया फिरदौस कौन हैं जिन्हें राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने पर कांग्रेस पार्टी से निकाला गया, 2 अन्य विधायकों पर भी गिरी गाज

ओडिशा की पहली मुस्लिम महिला विधायक सोफिया फिरदौस को कांग्रेस ने पार्टी से निकाल दिया है. जानें राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग, दिलीप राय का समर्थन और रमेश जेना समेत 3 विधायकों पर हुई बड़ी कार्रवाई और सोफिया के चर्चा में आने की पूरी कहानी.

NewsTak
तस्वीर: सोफिया फिरदौर के इंस्टा से.

न्यूज तक डेस्क

follow google news

ओडिशा में कांग्रेस ने पार्टी के खिलाफ जाकर बीजेपी समर्थित उम्मीदवार को वोट देने वाले विधायकों पर तगड़ा एक्शन लिया है. कांग्रेस ने 3 विधायकों को पार्टी से निकाल दिया है. आरोप है कि तीनों विधायकों को पार्टी व्हिप का उल्लंघन करते हुए पाया गया है. सना खेमुंडी सीट से विधायक रमेश जेना, बाराबती कटक की विधायक सोफिया फिरदौस और मोहना के विधायक दशरथ गमांगो ने बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय को वोट दिया, जिससे कांग्रेस और बीजद के संयुक्त उम्मीदवार डॉ. दत्तेश्वर होता की हार हो गई. 

Read more!

ध्यान देने वाली बात है कि 16 मार्च को ओडिशा की 4 राज्यसभा सीटों पर वोटिंग हुई. इसमें कुल 5 उम्मीदवार मैदान में थे. मनमोहन सामल और सुजीत कुमार बीजेपी से उम्मीदवार थे. बीजद ने संतृप्त मिश्रा को उम्मीदवार बनाया था. बीजद और कांग्रेस की ओर से डॉ. दत्तेश्वर होता संयुक्त रूप से उम्मीदवार थे. दिलीप राय निर्दलीय उम्मीदवार थे जिन्हें भाजपा का समर्थन मिला था. वोटिंग के बाद भाजपा और बीजद के उम्मीदवार जीत गए. वहीं कांग्रेस पार्टी के तीन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर भाजपा समर्थित दिलीप राय को वोट दे दिया. जिससे बीजद और कांग्रेस के संयुक्त डॉ. दत्तेश्वर होता हार गए. इसके बाद कांग्रेस पार्टी ने इन तीनों विधायकों के खिलाफ एक्शन ले लिया. 

कांग्रेस पार्टी के इस एक्शन के बाद बाराबती-कटक विधायक सोफिया फिरदौस चर्चा में आ गई हैं. दरअसल साल 2024 के चुनाव में बाराबती-कटक सीट पर सोफिया फिरदौस कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार बनीं. उन्होंने अपने निकटम बीजेपी उम्मीदवार को बड़े अतर से पराजित कर ओडिशा की पहली मुस्लिम महिला विधायक चुनी गईं. इसके बाद सोफिया काफी चर्चा में आ गईं. एक बार फिर राज्यसभा चुनाव में अपने पार्टी से इतर जाकर बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार को वोट देकर सोफिया फिर चर्चा में हैं. आइए जानते हैं सोफिया की पारिवारिक पृष्ठभूमि, करियर और सियासी करियर के बारे में...

कौन हैं सोफिया फिरदौस

ओडिशा के कटक में जन्मी 35 साल की सोफिया फिरदौस मोहम्मद मोकीम की बेटी हैं. मोहम्मद मोकीम कांग्रेस पार्टी से बाराबती-कटक सीट से विधायक रहे हैं. सोफिया की पढ़ाई कटक के सेंट जोसेफ गर्ल्स हाई स्कूल से हुई. इसके बाद वे रेवेनशॉ जूनियर कॉलेज से पढ़ाई पूरी करने के बाद भुवनेश्वर पहुंची और वहां कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी (KIIT) से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया. फिर उन्होंने साल 2022 में IIM, बेंगलुरु से मैनेजमेंट की पढ़ाई की. राजनीति में आने से पहले सोफिया बिजनेस से जुड़ी रही. विधानसभा चुनाव के दौरान एफिडेविट में उन्होंने अपना पेशा बिजनेस और सोसल वर्क बताया था. साल 2015 में सोफिया की शादी बिजनेसमैन शेख मैराजुल हक से हो गई. 

राजनीति में ऐसे हुई एंट्री 

सोफिया के पिता मोहम्मद मोकीम 2019 से 2024 तक बाराबती-कटक सीट से विधायक थे. धोखाधड़ी के एक मामले में हाईकोर्ट ने उनकी विधायकी रद्द कर दी थी. इसके साथ ही 2024 के चुनाव में उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया था. तब पिता की जगह सोफिया कांग्रेस पार्टी से टिकट मिलने के बाद इसी सीट से उतरीं और बीजेपी उम्मीदवार को हराकर ओडिशा की पहली महिला मुस्लिम विधायक बनीं. 

वरुण गांधी ने पत्नी समेत पीएम नरेंद्र मोदी से की मुलाकात तो बंगाल की सियासत में क्यों हलचल हो गई तेज? जानें पूरा समीकरण
 

    follow google news