Charchit Charchit: तमिलनाडु की राजनीति में इन दिनों चुनावी रैलियों से ज्यादा जुबानी जंग चर्चा में है लेकिन अफसोस कि यह बहस अब विकास और मुद्दों से भटककर महिलाओं के निजी सम्मान और कपड़ों तक जा पहुंची है. एआईएडीएमके (AIADMK) के कुछ नेताओं ने ऐसी बयानबाजी की है, जिसने न सिर्फ मर्यादा की सीमा लांघी, बल्कि साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा को भी जबरन इस विवाद के केंद्र में लाकर खड़ा कर दिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
विवाद की शुरुआत तब हुई जब AIADMK के राज्यसभा सांसद सीवी शणमुगम ने मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की योजना 'टेल अस योर ड्रीम' (Tell Us Your Dream) का मजाक उड़ाया. तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि "अगर किसी का सपना नयनतारा से शादी करना है, तो क्या मुख्यमंत्री उसे पूरा करेंगे?" हैरानी की बात यह है कि यह बयान उस मंच से दिया गया जो महिलाओं के खिलाफ अपराधों के विरोध में आयोजित था. इससे पहले एक और नेता सी. श्रीनिवासन ने भी साड़ी वितरण योजना पर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी. इन बयानों के बाद महिला संगठनों और सत्ताधारी पार्टी डीएमके (DMK) ने मोर्चा खोल दिया है. विशेषज्ञों का मानना है कि महिला वोटरों के बीच AIADMK को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है.
नयनतारा: डायना मरियम से लेडी सुपरस्टार बनने का सफर
विवादों में घसीटी गईं नयनतारा की अपनी एक अलग कहानी है. फौजी परिवार में जन्मी नयनतारा का असली नाम डायना मरियम कुरियन था. 2003 में मलयालम फिल्म से करियर शुरू करने वाली नयनतारा ने 2011 में हिंदू धर्म अपना लिया और अपना नाम कानूनी तौर पर नयनतारा रख लिया.
क्यों ठुकराया था शाहरुख खान का ऑफर?
नयनतारा हमेशा से अपनी शर्तों पर काम करने के लिए जानी जाती हैं. उन्होंने शाहरुख खान की फिल्म 'चेन्नई एक्सप्रेस' में आइटम नंबर करने से साफ इनकार कर दिया था. वजह यह थी कि वह अपनी 'ग्लैमरस इमेज' को सीमित नहीं करना चाहती थीं और उस वक्त वह प्रभु देवा (जो उस गाने को कोरियोग्राफ कर रहे थे) के साथ अपने रिश्तों को लेकर भी सुर्खियों में थीं. हालांकि, बाद में उन्होंने शाहरुख के साथ फिल्म 'जवान' से बॉलीवुड में धमाकेदार डेब्यू किया.
प्रभु देवा के साथ रिश्ता और संघर्ष
नयनतारा की निजी जिंदगी का सबसे चर्चित अध्याय प्रभु देवा के साथ उनका रिश्ता रहा. 2008 में फिल्म 'विल्लू' के दौरान दोनों करीब आए. उस वक्त प्रभु देवा शादीशुदा थे, जिसे लेकर उनकी पत्नी ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और भूख हड़ताल तक की नौबत आ गई. काफी विवादों के बाद 2011 में प्रभु देवा का तलाक हुआ, लेकिन नयनतारा के साथ उनका रिश्ता भी ज्यादा वक्त नहीं टिक सका.
अब राजनीति की बारी?
सिर्फ नयनतारा ही नहीं, राजस्थान की चर्चित डांसर गोरी नागोरी का नाम भी अब सियासी गलियारों में गूंज रहा है. गोरी ने साफ कर दिया है कि वह पीएम मोदी और बीजेपी की प्रशंसक हैं और नागौर से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: वैवाहिक जीवन कैसा रहेगा...पूछने गई युवती से अशोक खरात बोला- तुम अप्सरा और मैं अवतारी पुरूष, मेरी हो जाओ वरना
ADVERTISEMENT


