उत्तर प्रदेश सहित बंगाल की राजनीति में उस समय हलचल तेज हो गई है, जब पीलीभीत से सांसद रहे वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की. वरुण गांधी ने मंगलवार को सपरिवार से पीएम से मुलाकात की और खुद इस तस्वीर को सोशल मीडिया पर शेयर किया है. इसी पोस्ट में उन्होंने पीएम से आशीर्वाद लेने और उनका मार्गदर्शन हासिल करने की बात कही है. सियासी गलियारों में इस मुलाकात को उनकी पत्नी के बंगाल कनेक्शन से जोड़ कर देखा जा रहा है.
ADVERTISEMENT
इस मुलाकात की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि लंबे समय से वरुण गांधी और बीजेपी के बीच दूरी चल रही थी. माना जा रहा था कि वरुण गांधी बीजेपी से नाराज चल रहे है. इस बीच इस तस्वीर ने एक नए समीकरण को हवा दे दी है. जानिए उन्होंने पीएम को लेकर क्या कुछ कहा और क्या है उनका बंगाल कनेक्शन.
पीएम से मुलाकात को लेकर लिखी ये बात
वरुण गांधी ने अपनी पत्नी यामिनी रॉय गांधी और बेटी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मुलाकात की. इसी मुलाकात की एक तस्वीर भी उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर प्लेटफॉर्म पर शेयर की, जिसके कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'परिवार सहित श्रद्धेय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी से मिलकर उनका आर्शीर्वाद और मार्गदर्शन पाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ. आपके आभामंडल में अद्भुत पितृवत स्नेह और संरक्षण का भाव है. आपसे हुई भेंट इस विश्वास को और भी दृढ़ बना देती है कि आप देश और देशवासियों के सच्चे अभिभावक हैं.'
यहां देखें वरुण गांधी का पोस्ट
वरुण गांधी और बंगाल कनेक्शन
पीएम मोदी और वरुण गांधी के इस मुलाकात के बाद सियासी अटकलें तेज हो गई है और कहा जा रहा है कि अब एक नया समीकरण देखने को मिल सकता है. दरअसल बंगाल में अप्रैल में चुनाव है और वरुण गांधी की पत्नी मूल रूप से बंगाल की रहने वाली है. ऐसे में कहा जा रहा है कि बीजेपी बंगाल की सत्ता हासिल करने के लिए उनकी पत्नी को कोई बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है और वह बंगाल चुनाव में प्रचार करते हुई नजर आ सकती है.
मिट गई बीजेपी के साथ दूरियां!
दरअसल बीजेपी के पूर्व सांसद वरुण गांधी काफी लंबे समय से बीजेपी से नाराज चल रहे थे. 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने पीलीभीत से उनका टिकट काट दिया था और उनकी जगह ब्राह्मण समाज से आने वाले जितिन प्रसाद को टिकट मिला था. इसके अलावा वरुण गांधी की मां मेनका गांधी सुल्तानपुर सीट से चुनाव हार गई थी, और तभी से गांधी परिवार और बीजेपी के बीच दूरियां बढ़ गई थी. लेकिन आज जिस गर्मजोशी के साथ वरुण गांधी ने पीएम मोदी के साथ फोटो पोस्ट की और उनके मार्गदर्शन की बात कही, अब चर्चाएं तेज हो गई है कि इन दोनों के बीच की दूरियां मिट गई है.
ADVERTISEMENT


