Dr Charanjit Singh joins SAD: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 से पहले आम आदमी पार्टी को बड़ा सियासी झटका लगा है. चमकौर साहिब से पार्टी के मौजूदा विधायक डॉ. चरणजीत सिंह ने अब शिरोमणि अकाली दल का हाथ थाम लिया है. दरअसल आम आदमी पार्टी ने आगामी 2027 चुनावों के लिए उनका टिकट काट दिया था. पार्टी ने उनकी जगह पूर्व बसपा नेता जसवीर सिंह गढ़ी को अपना उम्मीदवार बनाया है. टिकट न मिलने के बाद से ही डॉ. चरणजीत सिंह नाराज चल रहे थे.
ADVERTISEMENT
हर कीमत पर चुनाव लड़ने का किया था ऐलान
पार्टी के इस फैसले के बाद डॉ. चरणजीत सिंह ने सार्वजनिक रूप से अपनी बात रखी थी. उन्होंने साफ तौर पर कहा था कि वह हर कीमत पर चमकौर साहिब सीट से ही चुनाव लड़ेंगे. अपने इसी बयान के बाद उन्होंने 29 नवंबर 2026 को औपचारिक रूप से शिरोमणि अकाली दल की सदस्यता ग्रहण कर ली. उनके इस फैसले ने स्थानीय राजनीति के समीकरण पूरी तरह से बदल दिए हैं.
सुखबीर सिंह बादल ने ट्वीट पर क्या कहा?
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने डॉ. चरणजीत सिंह का पार्टी में स्वागत किया. बादल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि चमकौर साहिब से मौजूदा आप विधायक का अकाली दल में स्वागत करते हुए उन्हें खुशी हो रही है. उन्होंने डॉ. चरणजीत को चिकित्सा क्षेत्र की एक जानी-मानी हस्ती बताया. सुखबीर बादल ने भरोसा दिलाया कि उन्हें और उनकी टीम को पार्टी में पूरा सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनके आने से इस क्षेत्र में अकाली दल और मजबूत होगा.
चमकौर साहिब सीट का सियासी गणित और इतिहास
बता दें कि 2027 विधानसभा चुनाव होने तक डॉ. चरणजीत सिंह इस क्षेत्र के मौजूदा विधायक बने रहेंगे. चमकौर साहिब रूपनगर जिले की ये सीट एक आरक्षित अनुसूचित जाति सीट है. इस सीट से कांग्रेस के चरणजीत सिंह चन्नी तीन बार विधायक रह चुके हैं. यहां से चन्नी 2007 में निर्दलीय जीते थे और फिर 2012 व 2017 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक बने. उनसे पहले शिरोमणि अकाली दल की सतवंत संधू या कौर भी इस सीट का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं.
यह भी पढ़ें: Punjab Election 2027: बीजेपी से क्यों नाराज हैं कैप्टन अमरिंदर सिंह? क्या कांग्रेस में होगी घर वापसी?
ADVERTISEMENT


