सिख धर्म के संस्थापक श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व नजदीक आते ही श्री करतारपुर साहिब गलियारे को दोबारा खोलने की मांग ने जोर पकड़ लिया है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार से अपील की है कि 24 नवंबर को आ रहे गुरु साहिब के प्रकाश पर्व के पावन मौके पर इस कॉरिडोर को फिर से खोल दिया जाए. उनका कहना है कि करोड़ों श्रद्धालु इस पवित्र धरती पर माथा टेकने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT
वाघा बॉर्डर न सही, करतारपुर गलियारा ही खोल दें
मुख्यमंत्री मान ने केंद्र सरकार से बेहद भावुक अपील करते हुए कहा कि अगर किसी वजह से वाघा बॉर्डर खोलना संभव नहीं है तो कम से कम करतारपुर साहिब कॉरिडोर के रास्ते श्रद्धालुओं को जाने की इजाजत दी जानी चाहिए. उन्होंने जोर देकर कहा कि संगत को सुबह जाकर दर्शन करने और उसी दिन शाम तक वापस लौटने की अनुमति मिलनी चाहिए, ताकि वे अपने गुरु के चरणों में नतमस्तक हो सकें.
सोशल मीडिया और विधानसभा के जरिए उठाई आवाज
इस मुद्दे पर सीएम मान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर भी अपनी बात रखी. उन्होंने लिखा कि हर 'नानक नाम लेवा संगत' रोजाना यह अरदास करती है कि उन्हें अपने बिछड़े हुए गुरुधामों के खुले दर्शन-दीदार का सौभाग्य मिले. मान ने याद दिलाया कि करोड़ों लोगों की इसी गहरी आस्था और भावना को देखते हुए पंजाब विधानसभा में भी सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र से यह रास्ता खोलने की मांग की जा चुकी है. उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए जल्द ही इस पर सकारात्मक फैसला लेंगे.
गुरु साहिब की कर्मभूमि से जुड़ी यादें
करतारपुर साहिब के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि यह वही पवित्र जगह है, जहां श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के 16 अनमोल साल बिताए थे. वहां गुरु साहिब ने बैलों की जोड़ी रखकर खुद खेती की, अपनी मेहनत से ईमानदारी की कमाई की, परमात्मा का नाम सिमरन किया और 'वंड छको' (मिल-बांटकर खाने) का संदेश दिया. सीएम मान ने कहा कि सिख संगत की बस यही इच्छा और अरदास है कि उन्हें उन पवित्र धार्मिक स्थलों की सेवा और देखभाल करने का मौका मिले, जो बंटवारे के बाद उनसे दूर हो गए हैं.
ये भी पढ़ें: भगवंत मान, चरणजीत चन्नी या सुखबीर बादल, पंजाब में मुख्यमंत्री की पहली पसंद कौन? SCORE सर्वे के ताजा नतीजे आए सामने
ADVERTISEMENT


