धूरी में छठ पूजा समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, बोले- प्रवासियों ने पंजाब की तरक्की में दिया अनमोल योगदान

संदीप कुमार

• 09:39 AM • 16 Nov 2026

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने धूरी में छठ पूजा समारोह में शिरकत कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने राज्य की तरक्की में प्रवासी भाई-बहनों के बहुमूल्य योगदान की सराहना करते हुए बच्चों की शिक्षा पर जोर दिया.

पंजाब में बिहार और पूर्वांचल के लोगों के छठ सेलिब्रेशन में पहुंचे सीएम भगवंत मान.
पंजाब में बिहार और पूर्वांचल के लोगों के छठ सेलिब्रेशन में पहुंचे सीएम भगवंत मान.
Google CTA

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज धूरी में आयोजित छठ महापर्व के समारोह में श्रद्धालुओं के साथ शिरकत की और छठी मैया का आशीर्वाद लिया. इस पावन अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों और प्रवासी समाज को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सबकी खुशहाली, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती की कामना की. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर भी समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए इस पर्व की महत्ता को रेखांकित किया.

Read more!

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पूरे पंजाब में लाखों श्रद्धालु बड़ी श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक भावना के साथ छठ महापर्व मना रहे हैं. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरे पंजाब में विशेष स्थानों की पहचान कर शानदार और व्यापक प्रबंध किए गए हैं, ताकि पर्व के आयोजन में किसी को कोई असुविधा न हो. उन्होंने कहा कि जब विभिन्न समुदायों के लोग एक-दूसरे के त्योहार आपसी उत्साह के साथ मनाते हैं, तो पंजाब की सांप्रदायिक सद्भावना और आपसी सम्मान की समृद्ध विरासत और अधिक मजबूत होती है.

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और अनुशासन का पर्व

छठ पूजा के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था, संयम, स्वच्छता और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पवित्र अवसर है. उन्होंने कहा, "सूर्य देव को जीवन, ऊर्जा, प्रकाश और उत्तम स्वास्थ्य के स्रोत के रूप में पूजा जाता है. यह हमें हमारे अस्तित्व में प्रकृति के योगदान की याद दिलाता है. डूबते और उगते सूर्य दोनों को अर्घ्य देने की अनूठी परंपरा इस पर्व की सबसे बड़ी विशेषता है, जो हमें जीवन के हर चरण और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करना सिखाती है."

पंजाब के विकास में प्रवासी भाई-बहनों की अहम भूमिका 

बिहार और पूर्वांचल से आकर पंजाब में बसे लोगों के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि प्रवासी भाई-बहनों ने पंजाब की तरक्की और खुशहाली में बहुमूल्य योगदान दिया है. उन्होंने कहा, "हमारे प्रवासी साथियों की कड़ी मेहनत, लगन और समर्पण राज्य के कृषि, उद्योग, निर्माण और व्यापार सहित कई अन्य क्षेत्रों के विकास में रीढ़ की हड्डी साबित हुए हैं. राज्य के निर्माण में उनका योगदान बेमिसाल है."

मुख्यमंत्री ने भावुक अंदाज में कहा कि बिहार और पूर्वांचल के लोगों के साथ पंजाब का रिश्ता केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सांस्कृतिक साझेदारी, आपसी विश्वास, प्रेम और भाईचारे की मजबूत जड़ों से जुड़ा हुआ है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब में रहने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक बड़े परिवार का हिस्सा है और राज्य की प्रगति में पसीना बहाने वाले समाज के हर वर्ग को सम्मान और पहचान देना सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है.

बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील 

संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रवासी श्रमिकों और परिवारों से अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की. उन्होंने कहा, "मैं सभी प्रवासी परिवारों से आग्रह करता हूं कि वे अपने बच्चों की पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दें. पंजाब सरकार पूरे राज्य में विश्वस्तरीय अच्छे स्कूल स्थापित कर रही है, ताकि हर पृष्ठभूमि के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके, वे बड़े होकर अधिकारी बनने के सपने देख सकें और देश व समाज की तरक्की में सार्थक योगदान दे सकें."

अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की असली ताकत इसकी एकता और 'सर्वजन कल्याण' की भावना में निहित है. उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भाईचारे, प्रेम और आपसी सद्भाव के मूल्यों को कायम रखते हुए पूरे हर्षोल्लास के साथ छठ महापर्व मनाने का आह्वान किया.