पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज का ऐतिहासिक 650वां प्रकाश पर्व बेमिसाल श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा. इसके तहत आगामी 4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में राज्य स्तरीय धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम आयोजित किए जाएंगे. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को तैयारियों का जायजा लेने के लिए आयोजित एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह ऐतिहासिक अवसर केवल एक धार्मिक समागम नहीं है, बल्कि समाज को गुरु जी के समानता, मानवता और सामाजिक न्याय के दर्शन से फिर से जोड़ने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि गुरु जी के 'बेगमपुरा' के संकल्प ने एक ऐसे आदर्श समाज की कल्पना की थी, जो भेदभाव, शोषण और असमानता से मुक्त हो और जहां हर व्यक्ति को सम्मान व बराबर अधिकार मिलें. मुख्यमंत्री ने बताया कि वे अपनी पूरी कैबिनेट के साथ इन समागमों में शिरकत कर पंजाब की तरक्की और खुशहाली का आशीर्वाद लेंगे.
3 दिसंबर को खुरालगढ़ पहुंचेंगी चार विशाल शोभा यात्राएं
सीएम मान ने घोषणा की कि संत समाज के मार्गदर्शन में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से चार विशाल शोभा यात्राएं सजाई जाएंगी. ये सभी धार्मिक यात्राएं 3 दिसंबर को खुरालगढ़ में संपन्न होंगी, जो विभिन्न क्षेत्रों की संगतों के बीच सामाजिक सद्भावना और भाईचारे का संदेश देंगी. अधिकारियों को इन यात्राओं के सुचारू संचालन और संगत की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं.
खुरालगढ़ में तीन दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा
4 दिसंबर: श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ समागम की शुरुआत होगी. इसके बाद गुरु जी के जीवन और दर्शन पर आधारित प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, कथा-कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे.
5 दिसंबर: भव्य नगर कीर्तन सजाया जाएगा. इसके उपरांत गुरु जी की बाणी पर विशेष कॉन्फ्रेंस, कथा व कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन और ड्रोन शो जैसी गतिविधियां होंगी.
6 दिसंबर: श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ तीन दिवसीय समागम संपन्न होंगे. इस दिन 'बेगमपुरा समागम', कथा-कीर्तन दरबार और 3-डी प्रोजेक्शन जैसे विशेष कार्यक्रम होंगे.
साल भर चल रहे हैं जागरूकता कार्यक्रम
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ये आयोजन केवल खुरालगढ़ तक सीमित नहीं हैं, बल्कि राज्य सरकार गुरु जी की शिक्षाओं को घर-घर पहुंचाने के लिए साल भर चलने वाली गतिविधियों की श्रृंखला चला रही है. इसके तहत प्रदेश के 13,000 गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग, 90 विधानसभा हलकों में ड्रोन शो, सेमिनार, वर्कशॉप, स्कूल स्तरीय मुकाबले, मैराथन, रक्तदान कैंप और पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी गुरु जी के क्रांतिकारी दर्शन को समझ सके.
इस उच्च-स्तरीय बैठक में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, तरुनप्रीत सिंह सौंद, हरदीप सिंह मुंडियां और डॉ. रवजोत, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, विशेष प्रमुख सचिव कुमार अमित और सूचना एवं लोक संपर्क सचिव पुनीत गोयल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
ADVERTISEMENT


