क्या कांग्रेस में लौटेंगे कैप्टन अमरिंदर सिंह? सोनिया गांधी के इवेंट में मौजूदगी और राहुल के किस्से ने बढ़ाई सियासी सरगर्मी
सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के शामिल होने के बाद से पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है. कांग्रेस नेताओं के बयानों से क्या पंजाब चुनाव से पहले कैप्टन की घर वापसी होगी?
ADVERTISEMENT

पंजाब की राजनीति में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में 'घर वापसी' को लेकर कयासों का बाजार गर्म हो गया है. हाल ही में सोनिया गांधी की आत्मकथा/किताब 'बिलोंगिंग: ए जर्नल ऑफ लव' के विमोचन कार्यक्रम में बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह की मौजूदगी ने सियासी गलियारों में हलचल बढ़ा दी है. इस कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी द्वारा साझा किए गए एक पुराने संस्मरण और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के बयानों ने इन चर्चाओं को और हवा दे दी है.
राहुल गांधी ने शेयर किया पुराना किस्सा
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने मंच से एक दिलचस्प किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि उन्होंने अपने माता-पिता (सोनिया गांधी और राजीव गांधी) को जीवन में सिर्फ एक ही बार आपस में बहस करते देखा था. संयोग की बात यह थी कि जब उनके माता-पिता के बीच वह बहस हो रही थी, तब उनके पिता राजीव गांधी फोन पर कैप्टन अमरिंदर सिंह से ही बात कर रहे थे. राहुल गांधी के इस खुलासे से गांधी परिवार और कैप्टन अमरिंदर के पुराने और गहरे पारिवारिक संबंधों की एक बार फिर झलक मिली.
बीजेपी में पसंदीदा नेता कौन? राहुल गांधी ने दिया चौंकाने वाला जवाब
क्या कांग्रेस में होगी कैप्टन की घर वापसी?
जब कार्यक्रम में मीडिया ने कैप्टन अमरिंदर सिंह से उनकी वापसी को लेकर सवाल किया, तो उन्होंने सीधे तौर पर कुछ कहने से इनकार करते हुए कहा कि राजनीति अपनी जगह है और सामाजिक कार्यक्रम अपनी जगह.
दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी के भीतर से भी कैप्टन की वापसी के संकेत मिलने लगे हैं. वरिष्ठ कांग्रेस नेता अंबिका सोनी और सलमान खुर्शीद ने खुलकर कहा है कि चूंकि कैप्टन अमरिंदर सिंह एक अनुभवी नेता हैं और उनकी जड़ें कांग्रेस में रही हैं, इसलिए यदि वे पार्टी में वापस आते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा. हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस पर अंतिम निर्णय खुद कैप्टन अमरिंदर को ही लेना है.
2021 के मनमुटाव को पीछे छोड़ते हुए नए संकेत
गौरतलब है कि साल 2021 में पंजाब के मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए नवजोत सिंह सिद्धू के साथ उपजे तनाव के चलते कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था और बाद में अपनी पार्टी बनाकर बीजेपी में शामिल हो गए थे, लेकिन अब पंजाब विधानसभा चुनावों से ठीक पहले जिस तरह से वे गांधी परिवार के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं और कांग्रेस नेताओं ने उनके स्वागत के संकेत दिए हैं, उससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं कि आने वाले दिनों में पंजाब की राजनीति में कोई बड़ा फेरबदल देखने को मिल सकता है.
