पंजाब विधानसभा चुनावों के करीब आते ही राज्य कांग्रेस के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और गुटबाजी अब विस्फोटक रूप ले चुकी है. कांग्रेस नेताओं के बीच जारी तनातनी खत्म होने का नाम नहीं ले रही है, जो अब हाईकमान के लिए एक बड़ी चिंता का कारण बन गई है. पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के 10 दिवसीय पंजाब दौरे के दौरान गुटबाजी और ज्यादा खुलकर सामने आ रही है. दौरे के दौरान जगह-जगह बघेल के कार्यक्रमों में नारेबाजी हो रही है और उन्हें 'गो बैक बघेल' के पोस्टरों तक का सामना करना पड़ रहा है. इसी बीच भूपेश बघेल ने स्लीपर सेल वाला तंज कसा है, जिसके बाद हलचल तेज है.
ADVERTISEMENT
अध्यक्ष पद की कुर्सी को लेकर शुरू हुआ विवाद
पंजाब कांग्रेस के भीतर बीते काफी समय से नेतृत्व को लेकर भारी तनाव चल रहा है. इस पूरे विवाद की मुख्य वजह पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष पद है. फिलहाल यह कुर्सी लोकसभा सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के पास है. कांग्रेस हाईकमान ने फैसला लिया है कि आगामी विधानसभा चुनावों तक राजा वडिंग ही इस पद पर बने रहेंगे. इस फैसले से पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी का खेमा बेहद नाराज है. चन्नी और सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत उनके समर्थक नेताओं को हाईकमान का यह फैसला रास नहीं आ रहा है. इस विवाद को सुलझाने के लिए बघेल ने चन्नी और उनके समर्थक नेताओं को दिल्ली में तलब भी किया था, लेकिन हाईकमान ने अपना फैसला नहीं बदला.
बघेल का बगावती तेवरों पर तीखा तंज
पंजाब में बघेल के कार्यक्रमों के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी के कथित समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं. इस पर भूपेश बघेल ने बेहद सख्त अंदाज में प्रतिक्रिया दी है. बघेल ने कहा कि कार्यक्रमों में 10-20 लोग आकर केवल हल्ला-गुल्ला करते हैं और चले जाते हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ये सच्चे कांग्रेसी हैं तो नारेबाजी के बाद रुकते क्यों नहीं और बाहर क्यों चले जाते हैं? इससे यह संदेह पैदा होता है कि नारेबाजी करने वाले लोग कांग्रेस विरोधी ताकतों, बीजेपी या आम आदमी पार्टी (झाड़ू) के तो नहीं हैं.
राहुल गांधी के बयान का हवाला देकर कार्रवाई का इशारा
पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए भूपेश बघेल ने सीधे तौर पर राहुल गांधी के पुराने बयान का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पहले ही साफ कर दिया था कि पार्टी के अंदर मौजूद 'स्लीपर सेल' को हाथ जोड़कर नमस्ते करना होगा और उन्हें बाहर निकालने की तैयारी करनी होगी. असल में राहुल गांधी ने गुजरात में कहा था कि कांग्रेस में दो तरह के लोग हैं- एक वे जो दिन-रात पार्टी के लिए काम करते हैं, और दूसरे वे जो कांग्रेस में रहकर बीजेपी का फायदा कराते हैं. बघेल ने बिना नाम लिए चरणजीत सिंह चन्नी और उनके समर्थक खेमे पर यह निशाना साधा है.
हाईकमान की रिपोर्ट पर टिकीं नजरें
भूपेश बघेल पंजाब की पल-पल की स्थिति और इस गुटबाजी का पूरा घटनाक्रम रिपोर्ट बनाकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी को सौंपेंगे. बघेल का यह बयान चन्नी खेमे के लिए एक कड़ा संदेश माना जा रहा है. अब देखना यह दिलचस्प होगा कि क्या कांग्रेस हाईकमान अनुशासनहीनता और नारेबाजी करने वाले गुटों पर कोई सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करता है या नहीं.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


