पंजाब कांग्रेस में 'नो चेंज': चन्नी की घेराबंदी फेल, भूपेश बघेल बोले- 'नहीं हटेंगे वडिंग, लेकिन...'

न्यूज तक डेस्क

• 03:28 PM • 11 Jul 2026

पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने साफ कर दिया है कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग अपने पद पर बने रहेंगे और उन्हें हटाने पर कोई चर्चा नहीं हुई है. हालांकि, उन्होंने चन्नी गुट को भरोसा दिलाया कि आगामी चुनाव में केवल काबिल और जीतने की क्षमता रखने वाले नेताओं को ही टिकट दिया जाएगा.

भूपेश बघेल ने पंजाब कांग्रेस का नेतृत्व बदलने से इनकार किया है.
भूपेश बघेल ने पंजाब कांग्रेस का नेतृत्व बदलने से इनकार किया है.
Google CTA

पंजाब में अगले साल फरवरी 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस के भीतर की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है. प्रदेश संगठन में अपनी धमक बनाए रखने के लिए चन्नी Vs वडिंग गुट के बीच शह और मात का खेल तेज हो गया है. इसी खींचतान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने शनिवार को अपने समर्थक नेताओं के साथ चंडीगढ़ में पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश सिंह बघेल से मुलाकात की. इस हाई-प्रोफाइल मीटिंग के बाद कयासों का बाजार गर्म है, हालांकि पार्टी प्रभारी ने साफ किया है कि फिलहाल प्रदेश अध्यक्ष को बदलने पर कोई विचार नहीं हुआ है.

Read more!

आइए समझते हैं कि चंडीगढ़ में हुई इस गुप्त बैठक की इनसाइड स्टोरी क्या है और पंजाब कांग्रेस के भीतर क्या खिचड़ी पक रही है.

राणा गुरजीत के घर सजी चन्नी गुट की अदालत

पिछले कई दिनों से चल रही सियासी अटकलों को विराम देते हुए चरणजीत सिंह चन्नी और उनके करीबी वरिष्ठ नेताओं ने आखिरकार शनिवार को पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल से मिलकर अपनी बात रखने का फैसला किया. यह बैठक कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह के आवास पर हुई, जहां चन्नी अपने पूरे लाव-लश्कर के साथ पहुंचे. चन्नी गुट के नेताओं ने बघेल के सामने कार्यकर्ताओं की "भावनाओं" का हवाला दिया. दिलचस्प बात यह रही कि पार्टी के भीतर चल रही इस बड़ी पंचायत से वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग नदारद रहे.

क्या राजा वडिंग की कुर्सी खतरे में है?

दरअसल, पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को उनके पद से हटवाना चाहते थे और इसी वजह से यह पूरी लामबंदी की गई थी. चन्नी गुट से मैराथन बैठक करने के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम और पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल ने मीडिया से बात की. उन्होंने संगठन में किसी भी तरह की गुटबाजी से साफ इनकार करते हुए कहा:

"पार्टी के भीतर कोई झगड़ा नहीं है. राजा वडिंग को उनके पद से हटाने के मुद्दे पर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई है. हाईकमान ने जो तय किया है, उस फैसले पर किसी को कोई आपत्ति नहीं है."

बघेल ने नाराज नेताओं को भरोसा देते हुए कहा कि वह महासचिव के नाते हर कार्यकर्ता और नेता के हितों की रक्षा करेंगे. उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी को यह सोचने की जरूरत नहीं है कि उसके सिर पर किसी बड़े नेता का हाथ नहीं है, अगर कोई भी उम्मीदवार जीतने का दम रखता है, तो उसे चुनाव में टिकट जरूर दिया जाएगा. नेताओं ने जो भी बातें रखी हैं, उन्हें दिल्ली दरबार (आलाकमान) तक पहुंचाया जाएगा.

क्यों नाराज हैं चन्नी?

पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रहे इस घमासान की नींव 1 जुलाई को ही पड़ गई थी. दरअसल, उस दिन कांग्रेस आलाकमान ने ऐलान किया था कि अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ही पंजाब कांग्रेस के कप्तान (अध्यक्ष) बने रहेंगे, जबकि जालंधर के सांसद चरणजीत सिंह चन्नी को सिर्फ कैंपेन कमिटी का चेयरमैन बनाया जाएगा. इस फैसले से चन्नी और उनका खेमा खासा नाराज बताया जा रहा था. अपनी इसी नाराजगी के चलते चन्नी पिछले सोमवार को पंजाब पहुंचे भूपेश बघेल से मिलने नहीं गए थे, जो लगातार राज्य के पदाधिकारियों के साथ बैठकें कर रहे थे. चन्नी के साथ-साथ उनके वफादार नेताओं ने भी बघेल की उन शुरुआती बैठकों से पूरी तरह दूरी बना ली थी.

शनिवार को हुई इस बैठक से ठीक पहले जब पत्रकारों ने चन्नी से सीधा सवाल किया कि क्या उन्हें राजा वडिंग का नेतृत्व मंजूर है? इस पर चन्नी ने सधे हुए अंदाज में कहा कि मीटिंग के अंदर हर विषय पर खुलकर बात होगी. जब उन्हें याद दिलाया गया कि उनके समर्थक खुलेआम वडिंग के खिलाफ बयान दे रहे हैं तो चन्नी ने मुस्कुराते हुए एक रहस्यमयी मुहावरा कहा- "पहले चर्चा करते हैं, आप शुरू से जानते हैं कि हमारा स्टैंड क्या है. बाकी आगे तेल देखेंगे और तेल की धार देखेंगे."

इससे पहले शुक्रवार शाम को चन्नी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट लिखकर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की थी, जिसमें उन्होंने लिखा था कि वे पंजाब के लोगों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की आवाज बुलंद करने के लिए शनिवार को प्रभारी भूपेश बघेल से मुलाकात करेंगे.

ये भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस में भारी घमासान: राजा वड़िंग के खिलाफ लामबंद हुए चन्नी; सुनील जाखड़ ने कसा तंज- 'बघेल इन