सचिन पायलट की अगुवाई में एकजुट हुई पंजाब कांग्रेस? राहुल गांधी के भरोसे पर खड़ा उतरते हुए किया ये बड़ा काम!

अनुराधा तंवर

16 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 16 2026 2:14 PM)

Punjab Congress News: सचिन पायलट के पंजाब प्रभारी बनने के बाद 15 सितंबर को चंडीगढ़ में कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान राजा वड़िंग और चरणजीत सिंह चन्नी लंबे समय बाद एक मंच पर नजर आए. गुलजार सिंह की मौत के मामले में हरपाल सिंह चीमा के खिलाफ हुए इस प्रदर्शन में पंजाब कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता साथ दिखे. पायलट ने पार्टी नेताओं के बीच एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की है.

Punjab Congress News
सचिन पायलट ने कर दिया राहुल गांधी का काम(फाइल फोटो)
Google CTA

पंजाब कांग्रेस में बीते दिनों नेताओं के बीच आपसी मतभेद और भारी गुटबाजी देखने को मिल रही थी. इस अंदरूनी कलह को नियंत्रित करने के लिए पार्टी हाईकमान ने भूपेश बघेल को प्रभारी बनाकर भेजा था, जो कई दिनों तक दौरे पर रहे लेकिन नेताओं के बीच की खटास को पूरी तरह खत्म करने में असफल रहे. स्थिति को संभलता न देख कांग्रेस हाईकमान ने बड़ा फेरबदल करते हुए सचिन पायलट को पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी. खुद राहुल गांधी ने सचिन पायलट से कहा था कि उन्हें पंजाब जाकर सभी नेताओं को एकजुट करना है और एक साथ लाना है, जिस पर पायलट पूरी तरह खरे उतरते नजर आ रहे हैं.

Read more!

एक मंच पर नजर आए विरोधी खेमे के तमाम दिग्गज नेता

चंडीगढ़ पहुंचे सचिन पायलट की अगुवाई में पंजाब कांग्रेस के नेताओं ने एक बड़ा और जोरदार प्रदर्शन किया. इस प्रदर्शन के दौरान पंजाब कांग्रेस के भीतर एक सुखद बदलाव देखने को मिला, जहां पार्टी के सभी दिग्गज नेता एक मंच पर एक साथ बैठे दिखाई दिए. जिन नेताओं के बीच मुख्यमंत्री पद या वर्चस्व को लेकर खींचतान और खेमेबाजी चल रही थी- जैसे पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग और पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद चरणजीत सिंह चन्नी- वे दोनों सचिन पायलट के दोनों तरफ साथ बैठे नजर आए. इससे यह साफ हो गया कि राहुल गांधी द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी को सचिन पायलट ने बखूबी निभाते हुए नेताओं को साध लिया है.

राहुल गांधी के चेहरे पर लड़ा जाएगा आगामी विधानसभा चुनाव

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कर दिया है कि पंजाब कांग्रेस अब पूरी तरह एकजुट है और आने वाले विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए मैदान में उतरने को तैयार है. नेता प्रताप सिंह बाजवा ने बयान देते हुए कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव पार्टी राहुल गांधी के चेहरे और उनके नेतृत्व में लड़ेगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि पंजाब का आम कार्यकर्ता और जनता यही चाहती थी कि सभी नेता एक साथ आएं, जो अब संभव हो चुका है.

भगवंत मान सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप और तीखा हमला

गुलजार सिंह आत्महत्या मामले को लेकर पंजाब कांग्रेस ने आप सरकार के मंत्री हरपाल चीमा के खिलाफ यह प्रदर्शन आयोजित किया था. इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भगवंत मान सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और तीखा हमला बोला. प्रताप सिंह बाजवा ने दावा किया कि सत्ता में आते ही उनकी सरकार सबसे पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ भ्रष्टाचार और अन्य मामलों में कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारियां सुनिश्चित करेगी. कुल मिलाकर, सचिन पायलट की एंट्री और नेताओं की एकजुटता से पंजाब कांग्रेस ने आगामी चुनावों से पहले अपनी सियासी जमीन मजबूत करनी शुरू कर दी है.

Punjab Election 2027: 10 जनपथ पर राहुल-प्रियंका संग सचिन पायलट की अहम बैठक, मिला बड़ा टास्क!