पंजाब के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक बड़ी पहल की शुरुआत की है. राज्य सरकार ने 'पंजाब दा करोड़पति' नाम से राज्य स्तरीय युवा क्विज प्रतियोगिता शुरू की है. इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर पंजाब के युवा न सिर्फ अपना ज्ञान बढ़ा सकेंगे, बल्कि 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार जीतने का मौका भी हासिल कर सकेंगे. प्रतियोगिता में 15 से 30 साल की उम्र के पंजाब निवासी हिस्सा ले सकते हैं. विजेता को 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे, जबकि चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में जगह बनाने वाले आठ अन्य प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये का इनाम मिलेगा. इसके अलावा कुल 10,000 प्रतिभागियों को अलग-अलग पुरस्कार दिए जाएंगे.
ADVERTISEMENT
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने इस प्रतियोगिता की शुरुआत करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि पंजाब के युवाओं के हाथों में किताबें हों, क्योंकि कलम ही किसी कौम की किस्मत गढ़ सकती है. उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता ही पंजाब की असली प्रगति है और सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है. इस पहल का मकसद युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना, उन्हें शिक्षा और ज्ञान से जोड़ना और सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहित करना है. मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी युवाओं से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि युवा मेहनत पर ध्यान दें और अपने हुनर के दम पर खुशहाल और जीवंत 'रंगला पंजाब' बनाने में योगदान दें.
कौन ले सकता है 'पंजाब दा करोड़पति' क्विज में हिस्सा?
'पंजाब दा करोड़पति' प्रतियोगिता पंजाब के सभी 23 जिलों के युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है. इसमें 15 से 30 वर्ष की आयु के पंजाब निवासी हिस्सा ले सकते हैं. इसके लिए उम्र की पात्रता 1 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है. यह प्रतियोगिता डिजिटल क्विज प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजित होगी. इसमें पंजाब के इतिहास, भूगोल, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान, करंट अफेयर्स, गणित, एप्टीट्यूड और शासन व्यवस्था से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों से संबंधित प्रश्न भी प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे.
इस क्विज का प्रारूप मशहूर टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' की तर्ज पर तैयार किया गया है. इसमें प्रतिभागियों से चार विकल्पों वाले सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें से एक सही जवाब चुनना होगा. मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रश्न बैंक में करीब 50 हजार सवाल शामिल किए गए हैं. इनका स्तर कांस्टेबल, पटवारी और पीसीएस जैसी सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न के अनुरूप रखा गया है.
1 करोड़ के अलावा किसे कितना मिलेगा इनाम?
इस प्रतियोगिता में कुल 10,000 प्रतिभागियों को पुरस्कार दिए जाएंगे। इसमें राज्य स्तरीय विजेता को सबसे बड़ा यानी 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार मिलेगा. वहीं, चार उप-विजेताओं को 10-10 लाख रुपये और लीडरबोर्ड में जगह बनाने वाले शीर्ष आठ प्रतिभागियों को 5-5 लाख रुपये दिए जाएंगे. इसके अलावा प्रतियोगिता के अलग-अलग चरणों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और जिला स्तरीय विजेताओं को भी नकद पुरस्कार दिए जाएंगे. युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए डिजिटल सर्टिफिकेट और अन्य पुरस्कार जीतने का मौका भी मिलेगा.
कब से शुरू होगा रजिस्ट्रेशन और कब होगी परीक्षा?
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के अनुसार, प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होकर 28 नवंबर 2026 तक चलेगी. इसके बाद अलग-अलग चरणों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी. प्रतियोगिता में कुल 11 राउंड होंगे. इनमें पहले नौ राउंड ऑनलाइन होंगे, जबकि दसवां राउंड जिला स्तर पर ऑफलाइन और 11वां राउंड ग्रैंड फिनाले होगा.
प्रतियोगिता के लिए रजिस्ट्रेशन 15 नवंबर 2026 से शुरू होगा, जबकि आवेदन करने की अंतिम तारीख 28 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है. इसके बाद पहला ऑनलाइन क्विज राउंड 21 नवंबर को होगा. अन्य ऑनलाइन राउंड 23, 25, 27 और 29 नवंबर को आयोजित किए जाएंगे. इसके अलावा 1, 3, 5 और 7 दिसंबर को भी ऑनलाइन क्विज के राउंड होंगे. इसके बाद 9 दिसंबर को पंजाब के सभी 23 जिलों में जिला स्तरीय फाइनल आयोजित किया जाएगा, जबकि प्रतियोगिता का राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले 17 दिसंबर को होगा.
इस प्रतियोगिता में हर जिले के शीर्ष 10 प्रतिभागी जिला स्तरीय मुकाबले के लिए क्वालीफाई करेंगे. इसके बाद प्रत्येक जिले के विजेता को राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा. ग्रैंड फिनाले में जीतने वाले प्रतिभागी को 1 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा.
17 दिसंबर को होगा ग्रैंड फिनाले, टीवी पर भी हो सकता है प्रसारण
'पंजाब दा करोड़पति' प्रतियोगिता का अंतिम मुकाबला 17 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा. इसमें पंजाब के सभी 23 जिलों के जिला स्तरीय विजेता हिस्सा लेंगे. ग्रैंड फिनाले के लिए किसी उपयुक्त स्टेडियम या बड़े स्थान को चुने जाने की योजना है. इस आयोजन में पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, मनोरंजन कार्यक्रम और प्रमुख पंजाबी कलाकारों व हस्तियों की मौजूदगी भी प्रस्तावित है. इस प्रतियोगिता को पंजाब के अलावा दूसरे राज्यों के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए इसके टेलीविजन और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सीधे प्रसारण यानी लाइव स्ट्रीमिंग की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है.
कैसे करें 'पंजाब दा करोड़पति' के लिए रजिस्ट्रेशन?
पंजाब सरकार ने इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की सुविधा दी है. युवा आधिकारिक पोर्टल या मोबाइल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए उन्हें कुछ आसान प्रक्रियाओं का पालन करना होगा.
1. सबसे पहले पोर्टल या ऐप पर रजिस्ट्रेशन करें
- 'पंजाब दा करोड़पति' के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं या मोबाइल ऐप डाउनलोड करें.
- अपने मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करें.
- ओटीपी डालकर मोबाइल नंबर सत्यापित करें.
- पहचान सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करें.
- यदि आप स्कूल या कॉलेज में पढ़ते हैं तो उससे जुड़ी जानकारी दर्ज करें.
- अपने जिले का चयन करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
2. ऑनलाइन क्विज राउंड में हिस्सा लें
- रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ओटीपी से लॉग-इन करें.
- निर्धारित तारीख पर ऑनलाइन क्विज में हिस्सा लें.
- हर सवाल के चार विकल्प होंगे, जिनमें से एक सही जवाब चुनना होगा.
- प्रत्येक सवाल का जवाब देने के लिए 20 सेकंड मिलेंगे.
- समय समाप्त होने पर अगला सवाल अपने आप स्क्रीन पर आ जाएगा.
ध्यान देने वाली बात यह है कि क्विज शुरू होने के बाद इसे बीच में रोकने की सुविधा नहीं होगी. इसलिए प्रतिभागियों को पूरे राउंड के दौरान सतर्क रहना होगा.
3. बेहतर प्रदर्शन कर अगले राउंड में जगह बनाएं
प्रतिभागियों की रैंकिंग उनके प्रदर्शन और हासिल किए गए अंकों के आधार पर तय होगी. सबसे ज्यादा अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अगले राउंड में पहुंचने का मौका मिलेगा. इसी प्रदर्शन के आधार पर जिला स्तरीय और राज्य स्तरीय मुकाबले के लिए चयन होगा.
4. ग्रैंड फिनाले में जीतें 1 करोड़ रुपये
जिला स्तरीय मुकाबले में विजेता रहने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय ग्रैंड फिनाले में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा. यहां वे 1 करोड़ रुपये के शीर्ष पुरस्कार के लिए मुकाबला करेंगे.
प्रतिभागियों के लिए मॉक क्विज की भी सुविधा
प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले युवाओं को क्विज के प्रारूप और डिजिटल प्लेटफॉर्म की जानकारी देने के लिए मॉक क्विज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे प्रतिभागी असली मुकाबले से पहले ऐप या पोर्टल की कार्यप्रणाली समझ सकेंगे और सवालों के जवाब देने का अभ्यास कर सकेंगे. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि प्रतिभागियों को सवाल का जवाब देने के तुरंत बाद उसका सही उत्तर भी बताया जाएगा. इससे युवाओं को अपनी गलतियों से सीखने और सामान्य ज्ञान बेहतर करने में मदद मिलेगी.
उन्होंने प्रतियोगिता की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने की बात कही. प्रतियोगिता से जुड़ी विस्तृत जानकारी अखबारों में भी प्रकाशित की जाएगी. मोबाइल फोन और वेब के जरिए इस डिजिटल प्लेटफॉर्म तक पहुंचा जा सकेगा. ऐप गूगल प्ले स्टोर और एपल ऐप स्टोर पर उपलब्ध होगा. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के लिए प्रतिबद्ध है. 'पंजाब दा करोड़पति' के जरिए युवाओं को ज्ञान बढ़ाने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने और अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ा नकद पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा.
ADVERTISEMENT


