भगवंत मान ने 1,000 नए खेल मैदानों का किया उद्घाटन, अब तक 1,764 तैयार; गांवों में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में 1,000 नए ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन किया. इसके साथ ही 3,100 मैदान बनाने के लक्ष्य में से 1,764 तैयार हो चुके हैं. गांवों में फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट, वॉलीबॉल, वॉकिंग ट्रैक और मुफ्त कोचिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी. जानिए खेल मैदानों की खासियत और सरकार का पूरा प्लान.

ADVERTISEMENT

Punjab Government Sports Scheme
भगवंत मान ने 1,000 नए पेंडु खेड़ मैदानों का उद्घाटन किया
Google CTA

पंजाब में ग्रामीण स्तर पर खेल सुविधाओं को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए राज्य सरकार ने अपनी पहल तेज कर दी है. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार को राज्यभर में 1,000 और ‘पेंडु खेड़ मैदानां’ यानी ग्रामीण खेल मैदानों का उद्घाटन किया. इसके साथ ही सरकार के 3,100 खेल मैदान तैयार करने के लक्ष्य में से अब तक 1,764 मैदान लोगों को समर्पित किए जा चुके हैं. मुख्यमंत्री ने फतेहगढ़ साहिब जिले के अमलोह विधानसभा क्षेत्र के गांव शाहपुर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया. उन्होंने कहा कि पंजाब को आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है और गांवों में खेल का मजबूत माहौल तैयार किया जा रहा है.

भगवंत मान ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए खेलों को प्राथमिकता देना जरूरी है. सरकार का उद्देश्य है कि गांवों के बच्चों और युवाओं को घर के पास ही आधुनिक खेल सुविधाएं मिलें, ताकि वे अभ्यास कर सकें और अपनी प्रतिभा को निखार सकें. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इन मैदानों में फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल और क्रिकेट जैसी खेल सुविधाओं के साथ जरूरी खेल किट भी उपलब्ध कराई जा रही हैं.

तीन चरणों में 1,764 खेल मैदानों का उद्घाटन

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि पंजाब में 3,100 ग्रामीण खेल मैदान विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है.. इसके पहले चरण में 4 मई को 255 मैदान लोगों को समर्पित किए गए थे. दूसरे चरण में 24 अगस्त को 509 मैदानों का उद्घाटन हुआ था. अब तीसरे चरण में 1,000 और मैदानों को लोगों के लिए खोला गया है. इस तरह अब तक कुल 1,764 खेल मैदानों का उद्घाटन किया जा चुका है. इनमें फतेहगढ़ साहिब जिले के 93 मैदान भी शामिल हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल केवल खेल के मैदान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए नए अवसर तैयार करने का प्रयास है. सरकार चाहती है कि हर गांव में ऐसी सुविधाएं हों, जहां बच्चे खेलों का प्रशिक्षण ले सकें और नियमित अभ्यास कर सकें.

खेल मैदानों में मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं

सरकार के मुताबिक, ग्रामीण खेल मैदानों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है. इनमें छह फुट ऊंची चेन-लिंक बाउंड्री, हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण और छह फुट चौड़े वॉकिंग ट्रैक बनाए जा रहे हैं. वॉकिंग ट्रैक पर फुट लाइटें लगाई जाएंगी. इसके अलावा पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालय और खेल किट व उपकरण रखने के लिए स्टोर रूम की व्यवस्था होगी.

मैदानों में घास और पौधों की देखभाल के लिए सबमर्सिबल पंप और हाइड्रेंट भी लगाए जा रहे हैं. बच्चों के लिए झूले, पौड़ियां और स्लाइड वाले विशेष खेल क्षेत्र तैयार किए जा रहे हैं. वहीं, हाई-मास्ट लाइटों की मदद से रात के समय भी मैदानों में रोशनी की व्यवस्था होगी.

मुख्यमंत्री ने बताया कि कुछ चुनिंदा मैदानों में एथलेटिक्स और दौड़ को बढ़ावा देने के लिए छह लेन वाले 400 मीटर के रनिंग ट्रैक भी बनाए जाएंगे. स्थानीय जरूरतों और लोकप्रिय खेलों को ध्यान में रखते हुए फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.

हर गांव को मिलेगी खेल किट, मुफ्त कोचिंग की भी व्यवस्था

भगवंत मान ने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि गांवों के बच्चों को खेल शुरू करने के लिए अपनी जेब से महंगे उपकरण न खरीदने पड़ें. इसके लिए हर गांव को फुटबॉल और हॉकी के गोलपोस्ट, वॉलीबॉल के खंभे और दो नेट, तीन वॉलीबॉल, तीन फुटबॉल और क्रिकेट किट उपलब्ध कराई जाएंगी.

इसके अलावा फुटबॉल खेलने के लिए 36 जोड़ी स्टड भी दिए जाएंगे. जिन गांवों में क्रिकेट अधिक लोकप्रिय है, वहां पूरी क्रिकेट किट मुहैया कराई जाएगी. मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन और प्रशिक्षण देने के लिए सभी खेल मैदानों में फुटबॉल और वॉलीबॉल के कोच तैनात किए जाएंगे, जो मुफ्त कोचिंग देंगे.

खेल मैदानों की देखरेख की जिम्मेदारी पंचायतों को

सरकार ने खेल मैदानों के रखरखाव के लिए गांव स्तर पर समितियां बनाने की व्यवस्था की है. इन समितियों में सरपंच, यूथ क्लब के प्रधान, संबंधित जूनियर इंजीनियर और पंचायत सचिव शामिल होंगे. इसके अलावा ग्राम पंचायत किसी महिला सदस्य या खिलाड़ी को भी समिति में नामित करेगी. इन समितियों की जिम्मेदारी मैदानों की देखभाल करना और यह सुनिश्चित करना होगा कि सुविधाएं लगातार काम करती रहें तथा बच्चे और युवा नियमित रूप से उनका इस्तेमाल कर सकें.

खेलों को बढ़ावा देने के लिए 1,500 करोड़ रुपये रखे

पंजाब सरकार ने 3,100 आधुनिक ग्रामीण खेल मैदानों के विकास के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. इसके अलावा सरकार ने 1,744 करोड़ रुपये का खेल बजट आवंटित किया है. राज्य में 600 ग्रामीण जिम तैयार करने की योजना पर भी काम हो रहा है, जिनमें से 500 जिम पूरे किए जा चुके हैं.

सरकार के मुताबिक, साल 2023 में लागू की गई नई खेल नीति के तहत 2022 से अब तक 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी जा चुकी है. खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए भी आर्थिक सहायता दी जा रही है. ओलंपिक की तैयारी के लिए 15 लाख रुपये और एशियाई तथा राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए आठ लाख रुपये की मदद देने का प्रावधान है.

'खेलां वतन पंजाब दियां' से भी बढ़ावा दे रही सरकार

पंजाब सरकार 'खेलां वतन पंजाब दियां' के माध्यम से राज्य में खेल गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का विस्तार कर रही है. सरकार के अनुसार, पंजाब ने हाल ही में हॉकी एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी की और आईपीएल की तर्ज पर ‘शेर-ए-पंजाब टी-20 लीग’ का आयोजन भी किया.

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि सरकार का लक्ष्य पंजाब में ऐसा खेल माहौल तैयार करना है, जहां ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के अवसर मिलें. उन्होंने पिछली सरकारों पर गांवों को पर्याप्त अनुदान और विकास कार्य नहीं देने का आरोप भी लगाया. कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

पंजाब में फिर चलेगा भगवंत मान का जादू? चुनाव से पहले सर्वे में AAP को बढ़त, जानिए कांग्रेस और BJP का हाल