पंजाब की सियासत में एक बार फिर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के बयानों ने हलचल बढ़ा दी है. साल 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की कार्यप्रणाली पर खुलकर नाराजगी जाहिर की है, जिसके बाद से उनके राजनीतिक भविष्य और कांग्रेस में 'घर वापसी' की अटकलें तेज हो गई हैं.
ADVERTISEMENT
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात और अनदेखी का आरोप
हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने खुलासा किया कि उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात हुई थी. उन्होंने पीएम मोदी से सीधा सवाल किया था कि क्या पार्टी को उनकी जरूरत है? कैप्टन ने प्रधानमंत्री को बताया कि उन्हें बीजेपी में शामिल हुए 5 साल हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान न तो दिल्ली के केंद्रीय नेतृत्व और न ही पंजाब के किसी नेता ने प्रदेश की राजनीति को लेकर उनसे कोई गंभीर चर्चा की है.
इसके बाद प्रधानमंत्री ने उन्हें मामले को देखने का भरोसा दिलाया, और पंजाब प्रभारी सतीश पुनिया ने भी उनसे संपर्क किया. हालांकि, कैप्टन का दर्द यह भी है कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मिलना बेहद मुश्किल है और साल में बमुश्किल एक ही बार मुलाकात का मौका मिल पाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में बाहर से आए लोगों को ज्यादा तवज्जो दी जाती है, जबकि स्थानीय और अनुभवी नेताओं की अनदेखी की जाती है.
कांग्रेस के दिनों को किया याद
बीजेपी और कांग्रेस की कार्यशैली की तुलना करते हुए कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस पार्टी की तारीफ की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आलाकमान तक सीधी पहुंच हुआ करती थी. रात के 9 बजे भी कांग्रेस अध्यक्ष का फोन आ जाता था और अहमद पटेल की मौजूदगी में राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर चर्चा होती थी, जो बीजेपी में नजर नहीं आता. हालांकि, उन्होंने कांग्रेस के भीतर वर्तमान में चल रही गुटबाजी (प्रगट सिंह, चरणजीत सिंह चन्नी और प्रताप सिंह बाजवा के बीच मतभेद) पर भी टिप्पणी की.
क्या होने वाली है घर वापसी?
कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में लौटने की चर्चाओं को तब और हवा मिली जब वे सोनिया गांधी की पुस्तक लॉन्च इवेंट में शामिल होने दिल्ली पहुंचे थे. हालांकि, उस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया था कि राजनीति अपनी जगह है और सामाजिक कार्यक्रम अपनी जगह हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी ने सियासी गलियारों में कयासों का बाजार गर्म कर दिया है.
एक नजर कैप्टन के राजनीतिक सफर पर
जन्म और पृष्ठभूमि: कैप्टन अमरिंदर सिंह का जन्म 11 मार्च 1942 को पटियाला में हुआ था. उनके पिता यादवेंद्र सिंह पटियाला रियासत के आखिरी महाराजा थे.
- सैन्य और राजनीतिक करियर: उन्होंने 1963 से 1966 तक भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट में कैप्टन के रूप में सेवा दी. पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी होने के कारण वह राजनीति में आए और कांग्रेस पार्टी से जुड़े.
- मुख्यमंत्री पद: वे दो बार (2002-2007 और 2017-2021) पंजाब के मुख्यमंत्री रहे. सितंबर 2021 में विवादों के चलते उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उन्होंने 'पंजाब लोक कांग्रेस' बनाई और बाद में बीजेपी में शामिल हो गए.
क्या कैप्टन अमरिंदर सिंह 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस में वापसी करेंगे या बीजेपी के साथ ही बने रहेंगे, यह आने वाला वक्त ही बताएगा.
ये भी पढ़ें: पंजाब में अगर आज चुनाव हुए तो पुरूष और महिलाएं किसे वोट देंगे ? C-Voter ट्रैकर के ताजा आंकड़े सामने आए
ADVERTISEMENT


