Alwar News: अरावली की पहाड़ियों में लगी भीषण आग, कई किलोमीटर तक फैली लपटें, जानें पूरा मामला

न्यूज तक डेस्क

27 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 27 2026 2:11 PM)

अलवर की अरावली पहाड़ियों में लगी भीषण आग पर एनडीआरएफ, दमकल और ग्रामीणों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार काबू पा लिया गया है. इस आग से कई किलोमीटर तक फैले सूखे जंगलों और झाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा है, हालांकि राहत की बात है कि किसी बड़े जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है.

अरावली की पहाड़ियों में लगी आग
अरावली की पहाड़ियों में लगी आग
Google CTA

राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अरावली की पहाड़ियों में सोमवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई. सुबह करीब 10:00 बजे सूखी झाड़ियों में लगी यह आग देखते ही देखते विकराल हो गई और तेज हवाओं के कारण सरहटा, बरडोद और गोहा की पहाड़ियों तक फैल गई. आग की ऊंची लपटों को दूर-दूर तक देखकर आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया.

Read more!

घंटों चली मशक्कत और एनडीआरएफ की तैनाती

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, वन विभाग और दमकल की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भी आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत की. दिनभर चले प्रयासों के बाद सरहटा और बरडोद की पहाड़ियों पर काफी हद तक आग पर नियंत्रण पा लिया गया था, लेकिन देर शाम आग के गोहा की पहाड़ी तक पहुंचने और करीब 3 किलोमीटर के दायरे में फैलने से स्थिति और गंभीर हो गई.

अंधेरा होने और तेज हवाओं के चलते राहत कार्य में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को भी मौके पर बुलाया गया.

प्रशासन की पुष्टि

तहसीलदार आशीष शर्मा ने बताया कि प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए था. ग्रामीणों और प्रशासनिक टीमों के संयुक्त प्रयासों के बाद आखिरकार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. हालांकि, आग लगने के असली कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है. इस घटना ने पहाड़ी क्षेत्रों में सूखी घास और झाड़ियों के कारण होने वाले खतरों को एक बार फिर सामने ला दिया है.

ये भी पढ़ें: विदेश में जिंदगी की जंग, कुवैत में वेंटिलेटर पर नागौर का 'लाल', रो-रोकर मदद मांग रहे बेबस पिता!