Atar Singh Bhadana Murder Case: राजस्थान के भरतपुर जिले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की नृशंस हत्या के मामले ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है. बैर थाना क्षेत्र के भोड़ा गांव में स्थित एक खनन साइट पर हुए इस जानलेवा हमले के बाद से ही क्षेत्र में तनाव और आक्रोश बना हुआ है. अब इस पूरे मामले में आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने वारदात की भयावहता को उजागर कर दिया है, जिससे हर कोई हैरान है.
ADVERTISEMENT
शरीर पर 41 जख्म, दोनों हाथ-पैर में फ्रैक्चर और सिर पर घातक वार
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, पूर्व विधायक के पूरे शरीर पर 41 गंभीर चोटों के निशान दर्ज किए गए हैं. हमलावरों ने इतनी बेरहमी दिखाई कि उनके दोनों हाथों और दोनों पैरों की हड्डियां जगह-जगह से टूट गईं. सिर पर किसी भारी और नुकीली चीज से जोरदार हमला किया गया, जिससे सिर की हड्डी क्रैक हो गई. अत्यधिक खून बह जाने की वजह से उनकी जान चली गई.
अंधेरा करके हमला, आगजनी और जिंदा जलाने का सनसनीखेज आरोप
वारदात के चश्मदीद सुरक्षा गार्ड के मुताबिक, रात करीब सात बजे जब लोग खाना खा रहे थे, तभी कुछ हमलावरों ने पहाड़ी की तरफ से आकर लाइट काट दी. पूरे इलाके में अंधेरा होते ही लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से अचानक हमला बोल दिया गया. परिजनों का यह भी दावा है कि हमलावरों ने कमरों में आग लगाई और मशीनों में तोड़फोड़ की, ताकि सभी को जिंदा जलाया जा सके.
पत्नी का गोली चलने का दावा, 14 दिनों से मिल रही थी धमकी
पूर्व विधायक की पत्नी कमलेश ने वारदात के समय गोलियां चलाए जाने का दावा भी किया था, हालांकि एक्सरे और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने के स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिले हैं. बताया जा रहा है कि जमीन और खनन पट्टे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और करीब दो हफ्ते पहले उन्हें कथित तौर पर धमकी भी मिली थी.
पुलिस कार्रवाई और सीबीआई जांच की उठती मांग
भरतपुर के पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा के अनुसार, परिजनों की शिकायत पर 35 से 40 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने 14 विशेष टीमें गठित कर करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है. सीसीटीवी फुटेज न मिलने और मुख्य आरोपियों की पकड़ न होने से परेशान परिजनों ने अब इस पूरे हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है.
यह भी पढ़ें: भरतपुर : बयाना के पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना की पीट-पीटकर हत्या! खनन लीज को लेकर ग्रामीणों से हुआ था विवाद
ADVERTISEMENT


