Atar Singh Bhadana Death: राजस्थान के भरतपुर जिले में बयाना के पूर्व भाजपा विधायक अतर सिंह भड़ाना की हत्या की खबर सामने आई है. बताया जा रहा कि बीते रविवार देर शाम वैर थाना क्षेत्र के भोंडा गांव के पास उन पर हमला हुआ था. आरोप है कि सैकड़ों ग्रामीणों ने लाठियों से हमला कर दिया था. इसके बाद वे गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें जयपुर ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई. बताया जा रहा है कि खनन लीज और क्रशर प्लांट को लेकर पिछले दो साल से ग्रामीणों के साथ उनका विवाद चल रहा था. इस घटना के बाद से जिले में हड़कंप मचा हुआ है. वहीं अब पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है.
ADVERTISEMENT
हाई कोर्ट के आदेश के बाद खान चालू कराने पहुंचे थे भड़ाना
पूरा मामला भोंडा गांव के पास स्थित खनन लीज से जुड़ा है. ये लीज अतर सिंह भड़ाना की पत्नी कमलेश भड़ाना के नाम पर आवंटित थी. ग्रामीणों ने यह आरोप लगाते हुए रास्ते को काट दिया था कि खनन के वाहन गांव की चरागाह भूमि से होकर गुजरते हैं. इसके चलते पिछले दो सालों से टकराव बना हुआ था. हाई कोर्ट के आदेश और प्रशासन की मदद से भड़ाना अपनी खान को दोबारा शुरू कराने पहुंचे थे. आरोप है कि इसी दौरान ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठी हो गई और लाठी ड़ंडों से हमला कर दिया.
जयपुर ले जाते समय तोड़ा दम, बॉडीगार्ड भी घायल
इस हमले में पूर्व विधायक अतर सिंह भड़ाना गंभीर रूप से जख्मी हो गए. उन्हें तुरंत वैर उप स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया. जयपुर ले जाते वक्त रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. फिलहाल उनके शव का पोस्टमार्टम जयपुर के एसएमएस अस्पताल में किया जा रहा है. इस हिंसक हमले में भड़ाना के बॉडीगार्ड गगन शर्मा भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज भरतपुर जिला अस्पताल में चल रहा है.
पुलिस की दबिश जारी और मंत्री से तकरार की पृष्ठभूमि
वारदात के बाद से वैर थाना पुलिस आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है और पूरे इलाके में भारी तनाव बना हुआ है. इस घटना से कुछ दिन पहले, 27 सितंबर को मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारी बैठक के दौरान बयाना में अतर सिंह भड़ाना और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम के बीच तीखी कहासुनी भी हुई थी. इसके अलावा भड़ाना की खान से कुछ दिन पहले चोरी भी हुई थी, जिसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी.
कौन हैं अतर सिंह भड़ाना?
मूल रूप से हरियाणा निवासी अतर सिंह भड़ाना ने राजस्थान के पूर्वी हिस्से को अपनी राजनीतिक कर्मभूमि बनाया था. भरतपुर के गुर्जर बहुल इलाकों में उनकी पहचान एक निडर और आक्रामक नेता के रूप में थी. साल 2003 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बयाना सीट से भाजपा के टिकट पर 19,405 वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी. बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे और 2008 में नगर सीट से बेहद करीबी अंतर से चुनाव हार गए थे. राजनीति के साथ-साथ वह बड़े पैमाने पर खनन और क्रशर व्यवसाय में भी सक्रिय थे.
ADVERTISEMENT


