राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) के कद्दावर नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अशोक निनामा के छोटे भाई अनिल निनामा (28) की निर्मम हत्या कर दी गई है. 13 अप्रैल की रात खमेरा थाना क्षेत्र के काली मगरी इलाके में हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है/ पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक दंपती को हिरासत में लिया है. विस्तार से जानिए इस मामले की हर पहलू.
ADVERTISEMENT
झाड़ियों में तड़पता मिला अनिल
घटनाक्रम के अनुसार, 13 अप्रैल की देर रात करीब 2:00 बजे बांसली खेड़ा गांव के सरपंच ने अनिल के बड़े भाई अशोक निनामा को फोन कर उसके छोटे भाई के घायल होने की सूचना दी. जब परिवार बताए गए स्थान पर पहुंचा, तो अनिल झाड़ियों में गंभीर हालत में मिला. वह दर्द से कराहते हुए 'बचाओ-बचाओ' चिल्ला रहा था. अस्पताल ले जाते समय अनिल ने दम तोड़ दिया, लेकिन मरने से पहले उसने पुलिस को अपने साथ हुई मारपीट की आपबीती सुनाई.
प्रेम प्रसंग के चलते हुई हत्या? पुलिस का बड़ा खुलासा
बांसवाड़ा पुलिस ने प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे प्रेम प्रसंग को मुख्य वजह बताया है. पुलिस के अनुसार, अनिल निनामा का किसी महिला से संबंध था, जिसे लेकर यह विवाद हुआ. पुलिस ने इस मामले में दो नामजद आरोपियों लक्ष्मी और उसके पति सिद्धार्थ को डिटेन कर लिया है. पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि क्या पति ने अपनी पत्नी के साथ अनिल के संबंधों के शक में इस वारदात को अंजाम दिया.
मौत से पहले अनिल ने बताई पूरी कहानी
मरने से पहले अनिल ने पुलिस और परिजनों को बताया कि वह एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था. वहीं पर विवाद हुआ और तीन लोगों (एक महिला और दो पुरुषों) ने मिलकर उसे बेरहमी से पीटा. अनिल ने बताया कि हमलावर उसे लहूलुहान कर झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए थे.
BAP समर्थकों में भारी आक्रोश, जल्द खुलासे की मांग
सरेआम एक राजनीतिक नेता के भाई की हत्या से बांसवाड़ा में तनाव का माहौल है. अशोक निनामा खुद विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ है. घटना के बाद परिजनों और समर्थकों ने अस्पताल के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस का कहना है कि तीन में से दो आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है और तीसरे की तलाश के लिए टीमें दबिश दे रही हैं.
इस सनसनीखेज वारदात ने जिले में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस हत्याकांड में और कौन-कौन शामिल था और क्या इसके पीछे कोई गहरी राजनीतिक साजिश तो नहीं है.
यहां देखें वीडियो
ADVERTISEMENT


