Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सड़क पर हुई एक मामूली सी कहासुनी हत्या में बदल गई. महज एक छोटी सी टक्कर के बाद दो युवकों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए एक ट्रक ड्राइवर का 7 किलोमीटर तक पीछा किया और पत्थर मारकर उसकी हत्या कर दी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
मृतक की पहचान 45 वर्षीय विष्णाराम (कृष्णाराम) के रूप में हुई है. विष्णाराम अपने ट्रक से बाड़मेर से गुजरात की ओर जा रहे थे. रास्ते में अपने ससुराल लोहारवा जाने के लिए उन्होंने जैसे ही धोरीमन्ना चौराहे पर ट्रक मोड़ा, पीछे से आ रही एक बाइक से ट्रक का पिछला हिस्सा हल्का सा टच हो गया. मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया और विष्णाराम अपना ट्रक लेकर आगे बढ़ गए.
7 किलोमीटर तक पीछा और फिर 'खूनी' हमला
विवाद सुलझने के बाद भी बाइक सवार दोनों युवकों का गुस्सा शांत नहीं हुआ. वे करीब 7 किलोमीटर तक ट्रक का पीछा करते रहे. एक सुनसान जगह पाकर उन्होंने ट्रक पर बड़ा पत्थर दे मारा. पत्थर ट्रक का अगला शीशा तोड़ते हुए सीधे विष्णाराम के सीने और सिर पर जा लगा. पत्थर की चोट इतनी गंभीर थी कि विष्णाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
शराब के नशे में थे आरोपी, ऐसे पकड़े गए
बाड़मेर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान दीपक कुमार (26) और विश्वरूप (23) के रूप में हुई है. पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों एक कूरियर कंपनी में डिलीवरी बॉय हैं. वारदात से पहले उन्होंने एक ठेके पर जमकर शराब पी थी और ऑनलाइन पेमेंट किया था. इसी ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस उन तक पहुँचने में कामयाब रही.
परिवार में मातम, मुआवजे की मांग
विष्णाराम अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे. उनके पीछे एक बेटा और दो बेटियां हैं. इस घटना के बाद स्थानीय समाज और परिजनों में भारी आक्रोश है. परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की मांग को लेकर धरना भी दिया था.
ये भी पढ़ें: हनुमान बेनीवाल vs राजाराम मील: समर्थकों का भारी बवाल, घर के बाहर पुतला फूंका; जानें क्या है पूरा विवाद
ADVERTISEMENT


