भरतपुर: करवा चौथ की खुशियों के बीच मातम, 26 साल की आरती की मौत से सनसनी, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

न्यूज तक डेस्क

• 08:27 PM • 29 Oct 2026

Bharatpur news: राजस्थान के भरतपुर में करवा चौथ का त्यौहार शुरू होने से ठीक पहले 26 वर्षीय विवाहिता आरती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पति द्वारा त्योहार का सामान दिलाने के तुरंत बाद हुई इस घटना पर मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

भरतपुर में विवाहिता की मौत पर हंगामा
भरतपुर में विवाहिता की मौत पर हंगामा
Google CTA

Bharatpur news: राजस्थान के भरतपुर जिले के अटलबंद थाना क्षेत्र स्थित विजयनगर कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. करवा चौथ का त्यौहार आने से ठीक पहले 26 वर्षीय विवाहिता आरती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. त्यौहार की खुशियों के बीच हुई इस अनहोनी ने पूरे इलाके में सन्नाटा पसार दिया है. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

Read more!

पति ने दिलाया था करवा चौथ का सामान फिर...

जानकारी के अनुसार, आरती की शादी 4 मार्च 2022 को विजयनगर कॉलोनी निवासी पंकज के साथ हुई थी, जो दिल्ली मेट्रो में कार्यरत है. त्योहारों के चलते पंकज कुछ दिन पहले ही भरतपुर आया था. दोनों साथ में दशहरा मेला घूमने गए थे और पंकज ने आरती को करवा चौथ का सारा सामान भी दिलाया था. मंगलवार सुबह पंकज अपनी ड्यूटी के लिए दिल्ली लौट गया. पंकज के मुताबिक, दिल्ली पहुंचने के बाद उसकी आरती से बात हुई थी, जहां उसने पेट दर्द की शिकायत की थी. इसके कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने और मौत की खबर सामने आ गई.

सास का दावा बनाम मायके पक्ष के गंभीर आरोप

इस घटना पर आरती की सास निर्मला देवी का कहना है कि घर में काम करने के दौरान आरती को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया. दूसरी तरफ, आरती के चाचा सतीश ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. मायके पक्ष का कहना है कि आरती को घर पर ही मार दिया गया था और उसके जेवर उतारकर अस्पताल ले जाया गया. आरती के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, जिसके चलते इस घटना ने मायके वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है.

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ योगेश कुमार आरबीएम अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड के जरिए कराया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी और निष्पक्ष कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: विदेश में जिंदगी की जंग, कुवैत में वेंटिलेटर पर नागौर का 'लाल', रो-रोकर मदद मांग रहे बेबस पिता!