भीलवाड़ा: 'अब कोई रास्ता नहीं बचा' ये कहते हुए पिता ने बेटे के साथ की हैवानियत, फिर वीडियो बनाकर पत्नी पर आरोप लगाते हुए दे दी जान

राजस्थान के भीलवाड़ा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर खुद भी अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. ऐसा करने से पहले उन्होंने एक वीडियो भी बनाया, जिसके सामने आने के बाद से हड़कंप मच गया.

Bhilwara Radheshyam Vaishnav Case
Bhilwara Radheshyam Vaishnav Case

प्रमोद तिवारी

follow google news

Bhilwara Radheshyam Vaishnav Case: राजस्थान के भीलवाड़ा जिले से एक ऐसी खबर आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. भीलवाड़ा के बलियास थाना क्षेत्र के बड़ला गांव में एक पिता ने अपने ही 13 वर्षीय बेटे की दांतली (दरांती) से गला काटकर हत्या कर दी. बेटे को मौत की नींद सुलाने के बाद आरोपी पिता राधेश्याम वैष्णव ने खुद भी सल्फास की गोलियां खाकर जीवन लीला समाप्त कर ली. इस दोहरे कांड से पूरे इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है.

Read more!

मरने से पहले बनाया 'कबूलनामा' वीडियो

वारदात को अंजाम देने से पहले राधेश्याम ने एक भावुक और डरावना वीडियो रिकॉर्ड किया. कांपती आवाज में उसने दुनिया से माफी मांगते हुए कहा, "मैं राधेश्याम वैष्णव आप सभी से माफी मांगता हूं. मुझे और मेरे बेटे वंश वैष्णव को एक दो दिन के अंदर जान देनी पड़ेगी." वीडियो में उसने अपनी पत्नी, बड़े बेटे छोटू, बेटी रवीना और ससुराल पक्ष के कई लोगों पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है. उसने साफ तौर पर कहा कि उसके ससुराल वालों ने उसे इस कदर परेशान किया कि उसके पास मरने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा.

बेटे की गर्दन पर चला दी दांतली

वीडियो बनाने के बाद राधेश्याम ने अपने 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले बेटे वंश वैष्णव की गर्दन पर दांतली से वार कर दिया. पिता ने जिस बेटे को कभी उंगली पकड़कर चलना सिखाया था उसी ने अपने ही 'वंश' को खत्म कर दिया. इसके बाद राधेश्याम ने खुद भी जहर खा लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राधेश्याम को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई.

बिखरे हुए रिश्तों की कड़वी दास्तान

पुलिस जांच में सामने आया है कि राधेश्याम का अपनी पत्नी के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था. उसकी पत्नी अपने पीहर में रह रही थी और परिवार में भारी तनाव था. राधेश्याम अपने छोटे बेटे वंश के साथ गांव के कोटड़ी में अकेला रहता था. हालांकि उस पर कर्ज होने की भी खबरें थीं, लेकिन वीडियो में उसने साफ तौर पर पारिवारिक कलह और ससुराल वालों की प्रताड़ना को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है.

पुलिस की कार्रवाई

बलियास थाना पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही एफएसएल (FSL) टीम को मौके पर बुलाया गया. मासूम वंश के शव का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया गया है. पुलिस ने राधेश्याम के मोबाइल और वीडियो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वीडियो में जिन लोगों के नाम लिए गए हैं, उनसे पूछताछ की जा सकती है.

यह भी पढ़ें: Video: बुढ़ापे में अजमेर की सड़कों पर बाइक लेकर निकली दादी अम्मा, पीछे दोस्तों को बिठाया और फिर...

    follow google news